अमेरिकी रक्षा मुख्यालय पेंटागन के आसपास कुछ खतरनाक पदार्थों की मौजूदगी का पता लगने के बाद बिल्डिंग को बंद कर दिया गया और लोगों को अपने घरों में ही सुरक्षित रहने का आदेश दिया गया। आर्लिंग्टन काउंटी अग्निशमन और बचाव अधिकारियों ने बताया कि गुरुवार को ‘खतरनाक पदार्थों से संबंधित घटना’ की सूचना मिलने के बाद पेंटागन की कई मंजिलों और गलियारों को बंद कर दिया गया है और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।
पेंटागन के प्रवक्ता शॉन पार्नेल ने सीएनएन को बताया कि पेंटागन के भीतर मौजूद सिस्टम ने वायु गुणवत्ता संबंधी समस्या का पता लगाया है जिसका पूरा पता चलने तक एहतियाती उपायों की जरूरत है। पार्नेल ने आगे कहा कि प्रभावित क्षेत्र के लोगों को घर में ही रहने का आदेश जारी किया गया है और विभाग मानक सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन कर रहा है।
सीएनएन की रिपोर्ट में एक सूत्र के हवाले से बताया गया है कि दूसरी से पांचवीं मंजिल तक के गलियारे (चौथे से सातवें तक) को सील कर दिया गया है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि पेंटागन भवन में मौजूद पुलिस अधिकारी गैस मास्क और रासायनिक सुरक्षा उपकरण पहने हुए दिखाई दे रहे हैं। विभाग की प्रवक्ता कैप्टन जेमी जिल ने कहा कि पेंटागन फोर्स प्रोटेक्शन एजेंसी की खतरनाक सामग्री प्रतिक्रिया टीम, अर्लिंग्टन काउंटी अग्निशमन विभाग की सहायता से इस घटना से निपट रही है।
आर्लिंगटन फायर एंड ईएमएस द्वारा सोशल मीडिया पर किए गए एक पोस्ट में कहा गया है कि आर्लिंगटन काउंटी फायर डिपार्टमेंट की खतरनाक सामग्री टीम पेंटागन में खतरनाक पदार्थों से संबंधित घटना के दौरान कार्यरत है।
