ग्रीस के पूर्वी एजियन द्वीप चियोस के पास एक स्पीडबोट और ग्रीक कोस्ट गार्ड की नाव की टक्कर में कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई। ग्रीक कोस्ट गार्ड ने मंगलवार को बताया कि 24 लोगों को बचाया गया और उन्हें अस्पताल ले जाया गया। इसमें दो कोस्ट गार्ड अधिकारी भी घायल हुए हैं। अभी यह पता नहीं चल पाया है कि स्पीडबोट में कुल कितने लोग थे।

क्रीट आइलैंड के पास शनिवार को प्रवासियों को ले जा रही एक नाव पलट गई। तटरक्षक बल के अधिकारियों के अनुसार, यह घटना तब हुई जब उन्होंने चियोस की ओर बढ़ रही एक संदिग्ध नाव को देखा और उसे वापस लौटने का निर्देश दिया। अधिकारी का दावा है कि तस्करों ने जानबूझकर नाव का रुख तटरक्षक पोत की ओर मोड़ दिया जिसके कारण दोनों के बीच भीषण टक्कर हो गई। हालांकि, अभी इस बात की पुष्टि नहीं हो पाई है कि टक्कर की वास्तविक वजह क्या थी।

Greece: राहत-बचाव अभियान जारी

एक अन्य अधिकारी ने रॉयटर्स को बताया कि तटरक्षक बल के दो अधिकारी घायल हो गए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है जबकि 24 प्रवासियों को बचा लिया गया है। एक सरकारी अधिकारी ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जहाज पर लगभग 30-35 लोग सवार थे। तटरक्षक बल ने कहा कि खोज और बचाव अभियान जारी है जिसमें तटरक्षक पोत, निजी नौकाएं और गोताखोर सहायता कर रहे हैं।

पढ़ें- कोलंबिया में बड़ा विमान हादसा; सांसद समेत 15 की मौत

इससे पहले दिसंबर 2025 में एक भीषण दुर्घटना में ग्रीक के क्रीट आइलैंड के पास प्रवासियों को ले जा रही एक नाव पलट गई थी। इस दुर्घटना में कम से कम 17 लोगों की मौत हो गई थी। ग्रीक स्टेट ब्रॉडकास्टर ईआरटी ने बताया था कि सभी प्रवासियों के शव नाव के अंदर से मिले।

ग्रीस का प्रवासियों के प्रति कड़ा रुख

ग्रीस, मध्य पूर्व, अफ्रीका और एशिया से आने वाले प्रवासियों और शरणार्थियों के लिए लंबे समय से यूरोप में प्रवेश करने का एक पसंदीदा मार्ग रहा है। हाल के वर्षों में प्रवासियों के आगमन में कमी आई है और ग्रीस ने प्रवासियों के प्रति अपना रुख कड़ा कर लिया है। साल 2019 से, सरकार ने बाड़ और समुद्री गश्त के माध्यम से सीमा नियंत्रण बढ़ाया है। समुद्र के रास्ते आने वाले प्रवासियों और शरणार्थियों के साथ ग्रीस के व्यवहार की कड़ी आलोचना हो रही है। हालांकि, ग्रीस इस बात से इनकार करता है कि वह मानवाधिकारों का उल्लंघन करता है या अपने तटों से शरणार्थियों को जबरन वापस भेजता है।

पढ़ें- पाकिस्तान में 12 जगहों पर बलूच लिबरेशन आर्मी का हमला