सिलिकॉन वैली की चमक-दमक के बीच एक ऐसा मामला सामने आया जिसने टेक इंडस्ट्री को चौंका दिया है। दिग्गज टेक कंपनी गूगल में काम करने वाले 36 वर्षीय इंजीनियर मिशेल स्पान्युओलो (Michele Spagnuolo) पर अमेरिका में धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग के गंभीर आरोप लगे हैं। फेडरल क्रिमिनल की एक शिकायत के अनुसार, मिशेल ने कथित तौर पर क्रिप्टोकरेंसी आधारित प्रेडिक्शन मार्केट प्लेटफॉर्म Polymarket पर अवैध तरीके से ट्रेडिंग कर करीब 1.2 मिलियन डॉलर (लगभग 11.5 करोड़ रुपये) कमा लिए।

कहानी की शुरुआत एक अजीब लेकिन बेहद चर्चित ऑनलाइन शर्त से हुई। यह शर्त इस बात पर लगी थी कि साल 2025 में ‘सबसे ज्यादा सर्च किया जाने वाला व्यक्ति’ कौन होगा। इंटरनेट पर चल रही इस भविष्यवाणी की दुनिया में मिशेल ने कथित तौर पर सिस्टम की कमजोरियों का फायदा उठाया और भारी रकम बना डाली।

स्पान्युओलो इटली का नागरिक है और वह 2014 से गूगल में काम कर रहा था। वह कंपनी के स्विट्जरलैंड के ज्यूरिख स्थित ऑफिस में था। वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के मुताबिक, उसने अक्टूबर 2025 से दिसंबर 2025 के बीच Polymarket पर ट्रेडिंग की और इसके लिए गूगल के अंदरूनी डेटा का इस्तेमाल किया जिसमें यूज़र्स की सर्च गतिविधियों को ट्रैक किया जाता था।

शिकायत में कहा गया कि स्पान्युओलो ने अपने कंपनी की ‘गोपनीय और बेहद मूल्यवान गैर-सार्वजनिक जानकारी का दुरुपयोग किया’ और उसी जानकारी का इस्तेमाल गूगल से जुड़े कई दांव लगाने में किया।

शिकायत में आगे कहा गया, ”उसके ट्रेड्स के दूसरे पक्षों के उलट स्पान्युओलो को इन दांवों के नतीजों की जानकारी आम लोगों से पहले ही थी क्योंकि उसने Google के गोपनीय और व्यावसायिक रूप से महत्वपूर्ण इंटरनल डेटा को एक्सेस कर लिया था।”

स्पान्युओलो ने सही भविष्यवाणी की थी कि साल 2025 में गूगल पर सबसे ज्यादा सर्च किया जाने वाला व्यक्ति अमेरिकी गायक डी4विड (D4vd) होगा। इस शख्स पर 14 वर्षीय सेलेस्टे रिवास हर्नांडेज़ की हत्या का आरोप लगा था। जिस समय उसने यह दांव लगाया, उस वक्त Polymarket पर D4vd के सबसे ज्यादा सर्च किए जाने की संभावना लगभग शून्य मानी जा रही थी। इसके बावजूद, ‘AlphaRaccoon’ नाम से चल रहे स्पान्युओलो के अकाउंट ने यह भविष्यवाणी सही साबित कर दी।

इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए गूगल के एक प्रवक्ता ने कहा, ”हम जांच में कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ सहयोग कर रहे हैं। कर्मचारी ने हमारी मार्केटिंग सामग्री को ऐसे टूल के जरिए एक्सेस किया था जो सभी कर्मचारियों के लिए उपलब्ध है। लेकिन इस तरह की गोपनीय जानकारी का इस्तेमाल सट्टेबाजी में करना हमारी नीतियों का गंभीर उल्लंघन है। हमने कर्मचारी को छुट्टी पर भेज दिया है और उचित कार्रवाई करेंगे।”

यह मामला सिर्फ एक कर्मचारी की कथित धोखाधड़ी तक सीमित नहीं है बल्कि यह भी दिखाता है कि टेक कंपनियों के अंदर मौजूद गोपनीय डेटा कितना संवेदनशील और ताकतवर हो सकता है। अब सभी की नजर जांच एजेंसियों पर टिकी है कि मिशेल स्पान्युओलो पर लगे आरोप अदालत में कितने साबित होते हैं और इस मामले से टेक इंडस्ट्री क्या सबक लेती है।