नेपाल की प्रमुख विपक्षी पार्टी नेपाली कांग्रेस के 15वें महाधिवेशन में गगन कुमार थापा को अध्यक्ष चुन लिया गया है। पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की ओर से घोषित आधिकारिक नतीजों के मुताबिक, थापा को 6,584 वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी श्याम कृष्ण खड़गी को 375 वोट प्राप्त हुए।

चुनाव में कुल 7,013 वोट पड़े। इनमें से 6,959 वोट वैध और 54 अवैध घोषित किए गए। पार्टी के अध्यक्ष समेत केंद्रीय कार्यसमिति के अन्य पदों के लिए मतदान शुक्रवार सुबह शुरू हुआ। मतदान निर्धारित कार्यक्रम से एक दिन की देरी से हुआ। इस चुनाव में कुल 7,317 प्रतिनिधि मतदान के पात्र थे।

अध्यक्ष चुने जाने के बाद पार्टी के सामने पारंपरिक मतदाताओं का समर्थन दोबारा हासिल करने की चुनौती होगी। नतीजे घोषित होने से पहले ANI से बातचीत में थापा ने कहा था कि पिछले चुनाव में नेपाली कांग्रेस ने अपने करीब 10 लाख पारंपरिक मतदाताओं का समर्थन खो दिया था। उन्होंने कहा कि पार्टी की प्राथमिकता मतदाताओं की शिकायतों को दूर करना और संगठन को नए सिरे से मजबूत करना होगा।

नेपाल की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टियों में शामिल नेपाली कांग्रेस को मार्च में हुए चुनाव में झटका लगा था। पार्टी के पास प्रतिनिधि सभा में 38 सीटें हैं, जबकि जेन-जी आंदोलन से पहले भंग हुई प्रतिनिधि सभा में उसके पास 89 सीटें थीं।

यह महाधिवेशन दिसंबर 2021 के बाद पार्टी का पहला नियमित राष्ट्रीय महाधिवेशन है। जनवरी में हुए विशेष महाधिवेशन में गगन थापा ने शेर बहादुर देउबा की जगह पार्टी अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली थी। निर्वाचन आयोग ने 16 जनवरी को थापा की समिति को मान्यता दी थी और 17 अप्रैल को सुप्रीम कोर्ट ने भी इस मान्यता को बरकरार रखा था। हालांकि, देउबा और पूर्ण बहादुर खड़का की ओर से दायर पुनर्विचार याचिका लंबित है।

देउबा खेमे ने इस प्रक्रिया का बहिष्कार किया है। उसका कहना है कि अदालत का अंतिम फैसला आने तक पार्टी नेतृत्व का मामला खुला हुआ है। इस खेमे ने काठमांडू में 7 से 9 दिसंबर तक अलग से 15वें महाधिवेशन के आयोजन की घोषणा भी की है।

नेपाली कांग्रेस के संविधान के मुताबिक, विशेष महाधिवेशन से चुनी गई समिति को अपना कार्यकाल जारी रखने के लिए एक वर्ष के भीतर नियमित महाधिवेशन कराना जरूरी है। ऐसे में पार्टी के भीतर नेतृत्व को लेकर विवाद और संगठनात्मक चुनौतियां आगे भी महत्वपूर्ण बनी रह सकती हैं।

कश्मीर मुद्दे पर पाकिस्तान का समर्थन करने वाले तुर्किए के साथ रिश्तों को बेहतर करने की कितनी गुंजाइस?

संयुक्त राष्ट्र महासभा में दुनिया के नेताओं को संबोधित करते हुए तुर्किये के राष्ट्रपति रेचेप तैयप एर्दोगन ने कश्मीर का मुद्दा उठाया था। इसके कुछ ही दिनों बाद भारत ने तुर्किये से मादक पदार्थों के तस्कर नवप्रीत सिंह को प्रत्यर्पित कराने में सफलता हासिल की। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस घटनाक्रम को ‘ऐतिहासिक उपलब्धि’ बताया। पढ़ें पूरी खबर।