भारत समेत कई देशों में गर्मी बेतहाशा पड़ रही है। भारत के कई शहरों में तो पारा 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। इधर फ्रांस में भी पारा 30 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जो कि वहां की जलवायु के हिसाब से काफी गर्म है। खबर है कि फ्रांस की राजधानी पेरिस से नीस जा रही एक ट्रेन में सैकड़ों यात्रियों को इतनी गर्मी लगी कि खेतों के बीच में एक ट्रेन रोकनी पड़ी।
यह ट्रेन दोपहर 2.10 बजे पेरिस से रवाना हुई, लेकिन उसे फ्रांस के ग्रामीण इलाके के सिव्रीक्स-डी अजेर्ग्स में रुकना पड़ा क्योंकि डिब्बों के अंदर एसी नहीं लगे हुए थे और बाहर का तापमान 30 डिग्री पार कर गया था। फ्रांस में इन दिनों में भी आमतौर पर मौसम सामान्य रहते हैं इसलिए वहां सार्वजनिक परिवहन में एसी की जरूरत नहीं रहती।
घुटन बढ़ने पर रोकी गई ट्रेन
लगभग दो घंटे तक घुटन भरे डिब्बों में फंसे रहने के बाद सैकड़ों यात्री ट्रेन के रुकने पर बाहर निकल आए और पटरियों के पास छाया में बैठ गए। हालांकि यह फ्रांस में चल रही गर्मी के कारण हुआ या नहीं इसका कोई ठोस जवाब अभी नहीं मिला है।
फांस के रेलवे ऑपरेटर एसएनसीएफ के कर्मचारियों ने यात्रियों को बाहर निकलने की अनुमति दी क्योंकि बाहर का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस पार कर गया था और अंदर यात्रियों को घुटन होने लगी थी।
चार घंटे तक फंसे रहे यात्री
ट्रेन से उतरने के बाद पुलिस और ट्रेन कर्मचारियों ने यात्रियों के गुस्से को संभालने की कोशिश की। एक यात्री ने फ्रांस टीवी से बात करते हुए कहा, “ट्रेन से उतरकर बाहर आना भी बेहतर है क्योंकि अंदर बहुत घुटन हो रही थी। ट्रेन में कई बुजुर्ग और बच्चे भी थे, उनके लिए बहुत पसीना आ रहा था और सांस लेने में दिक्कत हो रही थी।” मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, “बचाव टीम के आने तक यात्री चार घंटे तक वहां फंसे रहे।”
फ्रांस में पड़ रही भीषण गर्मी
जानकारी दे दें कि फ्रांस में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है, जिस कारण परिवहन व्यवस्था व्यापक रूप से प्रभावित हुई है। फ्रांस की मौसम एजेंसी मेटियो ने कहा कि फ्रांस में मई का यह दिन अब तक का सबसे गर्म दिनों में दर्ज किया गया है। फ्रांस के कुछ हिस्सों में तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।
गर्मी से 7 लोगों की हो चुकी है मौत
एपी के मुताबिक, फ्रांस सरकार की प्रवक्ता मॉड ब्रेजेओं ने बताया कि अत्यधिक गर्मी के कारण कम से कम 7 लोगों की मौत हो गई है। उन्होंने कहा कि पांच लोगों की मौत डूबने और दो की खेल प्रतियोगिताओं के दौरान हुई है।
फ्रांस में तापमान के मामले में रिकॉर्ड टूट गए हैं, सोमवार को देश के दक्षिण-पश्चिमी हिस्सों में तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया और रात में भी कई जगह तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा। तापमान अत्यधिक होने के कारण कई अप्रत्याशित मौसम संबंधी घटनाएं भी सामने आई हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि असामान्य समय और जगहों पर बन रहीं घातक मौसमी परिस्थितियां लोगों के लिए बड़ा खतरा साबित हो रही हैं।
ब्रिटेन में गर्मी ने तोड़ा साल 1922 का रिकार्ड
इधर एपी के मुताबिक, ब्रिटेन में भी गर्मी ने रिकॉर्ड तोड़ दिया। ब्रिटेन की मौसम एजेंसी ‘मेट ऑफिस’ ने कहा कि दक्षिणी इंग्लैंड में मंगलवार को तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। सोमवार का दिन ब्रिटेन में मई का अब तक का सबसे गर्म दिन रहा। वहीं राजधानी लंदन के क्यू गार्डन्स में तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिसके साथ ही 1922 और 1944 में बने रिकॉर्ड टूट गए। इन दोनों साल तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
लंदन में भी मेट्रो में परेशान दिखे यात्री
वहीं, लंदन में एक दुर्लभ “ट्रॉपिकल नाइट” दर्ज की गई, यानी रात में तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे ही नहीं गया, जो आम दिनों में नीचे चला जाता है। मंगलवार को लंदन में यात्री बिना एसी वाले मेट्रो कोच में गर्मी से परेशान दिखे। यहां गर्मी के कारण झीलों और जलाशयों में नहाने गए कई लोग डूब गए। देश में डूबने से कम से कम तीन किशोरों की मौत हो गई, जबकि दक्षिण-पश्चिम इंग्लैंड में समुद्र में 60 वर्षीय व्यक्ति की जान चली गई।
गर्मी के चपेट में यूरोप के कई देश
एपी के मुताबिक, यूरोप के कई देश भीषण गर्मी की मार झेल रहे हैं, उनमें स्कॉटलैंड, स्पेन, इटली, ब्रिटेन, फ्रांस समेत कई देश शामिल हैं। स्कॉटलैंड में फायर ब्रिगेड की टीम रात भर एडिनबर्ग के फेमस पहाड़ी क्षेत्र आर्थर सीट में गर्मी के कारण लगी आग बुझाने में जुटे रहे। वहीं, रोम में मंगलवार को तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। स्पेन भी भीषण गर्मी की चपेट झेल रहा है।
यह भी पढ़ें: हरियाणा के परिवार का ब्रिटेन में जलवा: सिर्फ 23 की उम्र में बेटा बना मेयर, एक हफ्ते बाद मां ने भी रचा इतिहास
हरियाणा से यूके पहुंचे एक भारतीय परिवार की कहानी दुनियाभर में चर्चा का विषय बन गई है। 23 वर्षीय तुषार कुमार ब्रिटेन में भारतीय मूल के सबसे युवा मेयर बने हैं जबकि उनकी मां परवीन रानी भी मेयर चुनी गई हैं। परिवार ने इसे गर्व का क्षण बताया है। समाचार एजेंसी प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया (PTI) की रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
