पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को बहुत जल्द एक नई जेल में शिफ्ट कर दिया जाएगा। खबरों के मुताबिक, पाकिस्तान के गृहमंत्री मोहसिन नकवी ने कहा है कि खान को इस्लामाबाद की नई जेल में शिफ्ट किया जाएगा।

मोहसिन नकवी ने कहा कि जेल को हाई प्रोफाइल कैदियों की जरूरत को पूरा करने के लिए तैयार किया जा रहा है और इसमें मेडिकल सहायता भी शामिल है।

इमरान खान अगस्त, 2023 से अदियाला जेल में बंद हैं। खान को अप्रैल 2022 में अविश्वास प्रस्ताव के जरिए सत्ता से हटा दिया गया था।

इमरान के समर्थकों के सामने झुके आसिम मुनीर

दाई आंख की रोशनी 85% तक गई

हाल ही में खबर आई थी कि इमरान खान की दाई आंख की रोशनी 85% तक चली गई है। इसके बाद उनकी पार्टी पाकिस्तान तहरीक ए इंसाफ (पीटीआई) के कार्यकर्ताओं ने पूरे देश भर में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन किया था। पीटीआई के कार्यकर्ताओं ने पेशावर, कराची, लाहौर सहित कई जगहों पर बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन किए थे।

पीटीआई के कार्यकर्ताओं सहित कई विपक्षी दलों ने इस बात की मांग की है कि इमरान खान को आंखों के इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया जाए। पीटीआई के कार्यकर्ताओं का आरोप है कि सीडीएफ आसिम मुनीर के इशारे पर उनके नेता पर जुल्म हो रहा है।

बेटों से हुई इमरान की बात

पाकिस्तान के चीफ जस्टिस के निर्देश पर इमरान खान को शनिवार को उनके बेटों से बात करने की इजाजत दी गई। इमरान खान की बहन अलीमा खान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बताया कि यह बातचीत लगभग 20 मिनट तक चली। अलीमा खान ने इमरान की सेहत विशेषकर उनकी आंखों की रोशनी को लेकर चिंता जताई है। अलीमा ने आरोप लगाया है कि इमरान के इलाज में देरी किए जाने की वजह से उनकी आंखों को नुकसान हो रहा है।

पिछले साल दिसंबर में इमरान खान की सेहत को लेकर पाकिस्तान में काफी हंगामा हुआ था। अदियाला जेल के प्रशासन ने उनके परिवार को खान से मिलने की इजाजत नहीं दी थी। भारी विरोध के बाद उनकी बहनों को इमरान से मिलने की इजाजत दी गई थी। इमरान की बहन ने आरोप लगाया था कि उनके भाई को मानसिक यातनाएं दी जा रही हैं।

यह भी पढ़ें- ‘पाकिस्तान को कमजोर कर रहे आसिम मुनीर…’, इमरान खान का आर्मी चीफ पर हमला