बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के देश छोड़ने से जुड़े एक धुंधले वीडियो को लेकर चर्चा में आए पूर्व वायुसेना अधिकारी फ्लाइट लेफ्टिनेंट तहसिफ सूरी का शव ढाका की तुराग नदी से बरामद किया गया है। बुधवार को नदी पुलिस ने टोंगी बंदर घाट इलाके से उनका शव बरामद किया। इससे एक दिन पहले उनके परिवार ने उनके लापता होने की सूचना दी थी।
बांग्लादेशी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्थानीय लोगों की ओर से आपातकालीन सूचना मिलने के बाद नदी पुलिस ने शव को बरामद किया। मृतक की पहचान उनके मोबाइल फोन और कलाई घड़ी की मदद से की गई। फिलहाल उनकी मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।
शेख हसीना के देश छोड़ने वाले वीडियो से क्या है कनेक्शन?
तहसिफ सूरी की मौत की खबर बांग्लादेश में चर्चा का विषय बनी हुई है। इसकी एक बड़ी वजह अगस्त 2024 में तत्कालीन प्रधानमंत्री शेख हसीना के देश छोड़ने से जुड़ा वीडियो बताया जा रहा है। बांग्लादेशी अखबार द डेली स्टार की रिपोर्ट के अनुसार, सूरी ने कथित तौर पर 5 अगस्त 2024 को शेख हसीना के विमान से रवाना होने का वीडियो रिकॉर्ड किया था।
इसके बाद उनके बांग्लादेश वायुसेना के C-130J हरक्यूलिस विमान से भारत के गाजियाबाद स्थित हिंडन एयरबेस पहुंचने की खबरें सामने आई थीं। उस विमान की उड़ान को कथित तौर पर AJAX1431 कॉलसाइन के तहत संचालित बताया गया था।
शेख हसीना के देश छोड़ने से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया और समाचार चैनलों पर तेजी से वायरल हुआ था। इसी वीडियो के साथ सूरी का नाम जोड़े जाने के बाद उनकी मौत की खबर ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
परिवार ने लगाया उत्पीड़न और हत्या का आरोप
तहसिफ सूरी की मौत की पुष्टि होने के कुछ घंटों बाद उनकी चचेरी बहन मोशफेका जहां ने फेसबुक पर पोस्ट कर उनकी मौत को हत्या बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि शेख हसीना से जुड़े वीडियो को लेकर सूरी को कथित तौर पर परेशान किया गया था।
मोशफेका जहां ने अपनी पोस्ट में लिखा कि उनके भाई की हत्या कर दी गई। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर उनका दोष क्या था, क्या सिर्फ शेख हसीना के देश छोड़ने का वीडियो शेयर करना? उन्होंने यह भी दावा किया कि सूरी ने वीडियो खुद रिकॉर्ड नहीं किया था, बल्कि उसे एक नागरिक के तौर पर शेयर किया था। उनके मुताबिक, वीडियो किसी अन्य अधिकारी ने रिकॉर्ड किया था।
सूरी की बहन ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें वायुसेना से सेवानिवृत्त किए जाने और लगातार मानसिक प्रताड़ना दिए जाने के बावजूद उन्हें परेशान करना बंद नहीं किया गया। उन्होंने आशंका जताई कि इसी उत्पीड़न के बाद उनकी हत्या कर दी गई।
हालांकि, परिवार की ओर से लगाए गए इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल उपलब्ध जानकारी के आधार पर यह स्पष्ट नहीं है कि सूरी की मौत का वीडियो से जुड़े विवाद से कोई संबंध था या नहीं।
वायुसेना से हटाए जाने को लेकर भी उठे सवाल
तहसिफ सूरी की मौत के बाद बांग्लादेश वायुसेना से उनकी बर्खास्तगी या सेवानिवृत्ति से जुड़े पहलुओं पर भी सवाल उठ रहे हैं। उनकी चचेरी बहन ने आरोप लगाया कि उन्हें मानसिक रूप से परेशान किया गया था। हालांकि, उनके वायुसेना छोड़ने की परिस्थितियों और मौत के बीच किसी संबंध की आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है। फिलहाल पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही उनकी मौत के कारणों के बारे में अधिक जानकारी मिलने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें: हूतियों को हमले रोकने के लिए सऊदी अरब ने दिया 1 अरब डॉलर का ऑफर, पाकिस्तान आर्मी चीफ आसिम मुनीर भी बातचीत में शामिल
सऊदी अरब ने यमन के हूती विद्रोहियों को सीजफायर करने और देश पर हमले रोकने के लिए एक बिलियन डॉलर की आर्थिक पैकेज का ऑफर दिया गया है। ईरान की मध्यस्थता वाली एक डील के ज़रिए ये ऑफर दिया गया। इजरायली अखबार इजराइल हायोम की रिपोर्ट में गल्फ डिप्लोमैटिक सोर्स का हवाला दिया गया है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।
