ब्रिटेन के किंग चार्ल्स के भाई और पूर्व राजकुमार एंड्रयू माउंटबेटेन-विंडर को रिहा कर दिया गया है। गुरुवार (19 फरवरी 2026) को पुलिस ने एंड्रयू को उनके 66वें जन्मदिन पर पद के दुरुपयोग के चलते गिरफ्तार किया था। पुलिस ने यह जानकारी दी। टेम्स वैली पुलिस बल ने बताया कि पूर्व राजकुमार को गुरुवार शाम को रिहा किया गया। एंड्रयू माउंटबेटन-विंडसर को उनकी गिरफ्तारी के लगभग 11 घंटे बाद पूर्वी ब्रिटेन स्थित उनके घर के पास स्थित थाने से कार में निकलते हुए देखा गया। एंड्रयू को उनके खिलाफ जांच जारी रहने के बीच रिहा किया गया है।

एंड्रयू को गुरुवार तड़के उनके घर से उन जांचकर्ताओं ने गिरफ्तार किया था जो जेफ्री एप्स्टीन से उनके संबंधों की जांच कर रहे हैं। पुलिस ने बताया कि उसने एंड्रयू माउंटबेटन-विंडसर के घर की तलाशी पूरी कर ली है। लेकिन एक अन्य संपत्ति की तलाशी अभी जारी है। ब्रिटेन की पुलिस ने जेफ्री एप्स्टीन से उनके संबंधों के कारण सार्वजनिक पद पर कदाचार के संदेह में गिरफ्तार किया।

यह एक असाधारण कदम है क्योंकि कभी यहां के अधिकारी शाही परिवार को शर्मिंदगी से बचाने की पूरी कोशिश करते थे। करीब 40 साल में यह पहली बार था कि किसी वरिष्ठ ब्रिटिश शाही सदस्य को गिरफ्तार किया गया और इससे यह स्पष्ट होता है कि हाल के वर्षों में राजशाही के प्रति सम्मान किस प्रकार कम हो गया है। महाराजा चार्ल्स तृतीय ने अपने भाई की गिरफ्तारी पर एक बयान जारी करने का असामान्य कदम उठाया।

एंड्रयू को अब एंड्रयू माउंटबेटन-विंडसर के नाम से जाना जाता है। चार्ल्स तृतीय ने कहा कि उनके भाई एंड्रयू माउंटबेटन विंडसर के मामले की जांच में कानून को अपना काम करना चाहिए। लंदन के पश्चिम में स्थित क्षेत्रों, जिनमें माउंटबेटन-विंडसर का पूर्व निवास भी शामिल है, की सुरक्षा करने वाली टेम्स वैली पुलिस ने बृहस्पतिवार को बताया कि पूर्वी ब्रिटेन के नॉरफ़ॉक निवासी 60 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है और वह हिरासत में है।

ब्रिटेन में प्रचलित मानक प्रक्रियाओं के अनुसार, पुलिस ने संदिग्ध की पहचान उजागर नहीं की। पुलिस ने पहले कहा था कि वह उन खबरों का ‘मूल्यांकन’ कर रही है जिनमें कहा गया है कि एंड्रयू माउंटबेटन-विंडसर ने 2010 में एप्स्टीन को व्यापारिक जानकारी भेजी थी जब पूर्व राजकुमार ब्रिटेन के अंतरराष्ट्रीय व्यापार के विशेष दूत थे। एप्स्टीन एक धनी निवेशक और यौन अपराध का दोषी व्यक्ति था।

दोनों व्यक्तियों के बीच हुए पत्राचार को अमेरिकी न्याय विभाग ने पिछले महीने के अंत में एप्स्टीन की अमेरिकी जांच से संबंधित लाखों पन्नों के दस्तावेजों के साथ जारी किया था। टेम्स वैली पुलिस के सहायक मुख्य कांस्टेबल ओलिवर राइट ने कहा, ”गहन मूल्यांकन के बाद, हमने सार्वजनिक पद पर रहते हुए कदाचार के इस आरोप की जांच शुरू कर दी है।” पुलिस ने यह भी बताया कि अधिकारी दो संपत्तियों की तलाशी ले रहे हैं।

कौन हैं एंड्रूयू माउंटबेटन?

एंड्रूयू माउंटबेटन ब्रिटेन के किंग चार्ल्स के भाई हैं। एंड्रूयू पिछले साल ही वो ‘प्रिंस’ का ख़िताब खो चुके थे। उन्हें विंडसर के महल रॉयल लॉज को भी छोड़ना पड़ा था। यौन अपराध के दोषी जेफरी एपस्टीन के साथ उनके संबंधों को लेकर कई हफ़्तों से चल रही गहन जांच के बाद ये फ़ैसला लिया गया था। उनके बारे में बकिंघम पैलेस की ओर से कहा गया है कि अब किंग के भाई को एंड्रयू माउंटबेटन-विंडसर के नाम से जाना जाएगा। एंड्रयू ने अपने निजी जीवन पर उठते सवालों को देखते हुए अपने दूसरे शाही खिताब भी छोड़ दिए थे।

समाचार एजेंसी भाषा के इनपुट के साथ