फ्लाईदुबई की एक उड़ान में भारतीय पायलट पर हमले के मामले में चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, ओमानी को-पायलट ने कथित तौर पर एयरलाइन में नौकरी मिलने से पहले ही तेल अवीव जाने वाली उड़ान को क्रैश करने की योजना बना ली थी।
फ्लाईदुबई की उड़ान FZ1073 पिछले हफ्ते दुबई से रवाना हुई थी। विमान में 174 यात्री और छह क्रू सदस्य सवार थे। उड़ान के दौरान को-पायलट ने कथित तौर पर भारतीय पायलट स्मित मच्छार पर हमला किया और विमान को दुर्घटनाग्रस्त करने की कोशिश की। हालांकि, कैप्टन स्मित मच्छार कॉकपिट का दरवाजा खोलने में सफल रहे और यात्रियों व क्रू सदस्यों ने आरोपी को काबू कर लिया।
नौकरी से पहले ही बना ली थी योजना
रॉयटर्स ने दो इजरायली अधिकारियों के हवाले से बताया कि को-पायलट हमाम अल-हम्मामी ने पूछताछ के दौरान संयुक्त अरब अमीरात के अधिकारियों को कथित तौर पर बताया कि उसने फ्लाईदुबई में नौकरी मिलने से पहले ही हमले की योजना बना ली थी। उसने तेल अवीव के लिए उड़ानें संचालित करने वाली कई एयरलाइनों के बारे में भी कथित तौर पर जानकारी जुटाई थी।
इजरायली अधिकारियों के मुताबिक, हमाम ने फ्लाईदुबई में नौकरी के लिए आवेदन करने से पहले उन एयरलाइनों की तलाश की थी, जो तेल अवीव के बेन गुरियन इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए उड़ानें संचालित करती हैं। उसका कथित लक्ष्य विमान को तेल अवीव ले जाकर दुर्घटनाग्रस्त करना था।
तेल अवीव जाने वाली दूसरी फ्लाइट को भी निशाना बनाने का था इरादा
रिपोर्ट के अनुसार, हमाम इस साल की शुरुआत में तेल अवीव जाने वाली एक अन्य उड़ान भी संचालित कर चुका था। उस समय भी उसने कथित तौर पर विमान को हाईजैक कर क्रैश करने का इरादा बनाया था, लेकिन बाद में उसने ऐसा नहीं किया।
रॉयटर्स के मुताबिक, यह स्पष्ट नहीं है कि उसने उस उड़ान के दौरान अपना कथित इरादा क्यों बदला। हालांकि, अधिकारियों का मानना है कि वह विमान में सवार किसी व्यक्ति को जानता था।
भारतीय पायलट पर किया था कथित हमला
यूएई के प्रॉसिक्यूटर जनरल के मुताबिक, ओमानी को-पायलट ने भारतीय पायलट स्मित मच्छार पर इमरजेंसी क्रैश एक्स से हमला किया था। यूएई के अधिकारी ने इस घटना को ‘आतंकवादी घटना’ बताया है। हालांकि, विमान में मौजूद यात्रियों और क्रू सदस्यों ने स्थिति को संभाल लिया। कैप्टन स्मित मच्छार को विमान को सुरक्षित रखने के लिए ‘हीरो’ के तौर पर सराहा गया है।
फ्लाईदुबई की भर्ती प्रक्रिया पर उठे सवाल
इस मामले में अब फ्लाईदुबई की कर्मचारी जांच और भर्ती प्रक्रिया पर सवाल उठ रहे हैं। खास तौर पर यह सवाल उठाया जा रहा है कि अगर को-पायलट के पास पहले से ऐसी कथित योजना थी, तो एयरलाइन की जांच प्रक्रिया में यह बात सामने क्यों नहीं आई।
इसके अलावा, इजरायल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठे हैं। इजरायली अधिकारियों के मुताबिक, विदेशी एयरलाइनों के साथ ऐसे समझौते हैं, जिनके तहत उन देशों के पायलटों को इजरायल जाने वाली उड़ानों पर उड़ान भरने से रोकने की व्यवस्था है, जिनके इजरायल के साथ राजनयिक संबंध नहीं हैं। ओमान और इजरायल के बीच औपचारिक राजनयिक संबंध नहीं हैं।
यह भी पढ़ें: ‘9/11 की तरह विमान को इजरायली एयरपोर्ट पर क्रैश करना था मकसद’, अल-हमामी का कबूलनामा
फ्लाईदुबई की विमान संख्या FZ1073 जो कि दुबई से तेल अवीव जा रही थी उसके को-पायलट हमाम अल-हमामी ने कबूल किया है कि वह प्लेन को हाईजैक करके 9/11 जैसी आतंकी घटना को अंजाम देना चाहता था। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।
