फ्लाईदुबई की विमान संख्या FZ1073 जो कि दुबई से तेल अवीव जा रही थी उसके को-पायलट हमाम अल-हमामी ने कबूल किया है कि वह प्लेन को हाईजैक करके 9/11 जैसी आतंकी घटना को अंजाम देना चाहता था। अल-हमामी ने बताया है कि उसका मकसद विमान को इजरायल के बेन गुरियन एयरपोर्ट पर किसी इमारत से टकराना था।
इजराइली मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए ओमानी फर्स्ट ऑफिसर हमाम अल-हमामी ने UAE में जांचकर्ताओं के सामने कथित तौर पर यह कबूलनामा दिया है कि उसका मकसद फ्लाइट को इजरायल के बेन गुरियन एयरपोर्ट पर किसी इमारत या विमान से टकराना था।
कॉकपिट में स्मित मच्छार पर किया हमला
हमामी ने प्लेन को हाईजैक करने की कोशिश की थी और इसके लिए उसने प्लेट को अपने कंट्रोल में लेने का प्रयास किया था। इसी कोशिश में उसने कॉकपिट में दूसरे कैप्टन भारतीय मूल के स्मित मच्छार पर हमला भी किया था। रिपोर्ट के मुताबिक, हमामी चाहता था कि प्लेन पर उसका पूरा कंट्रोल हो जाए और उसके बाद अपनी योजना के हिसाब से वह इस हमले को अंजाम दे सके।
क्या थी अल हमामी की प्लानिंग?
हमामी ने जांचकर्ताओं के सामने यह कबूल किया है कि वह प्लेन पर अपना कंट्रोल करके सबसे पहले विमान को सामान्य तरीके से उड़ाते हुए एयर ट्रैफिक कंट्रोल की आंखों में धूल झोंककर विमान को एयरपोर्ट पर किसी इमारत या फिर किसी अन्य बड़े ढांचे से टक्कर मारकर क्रैश कराना था।
इजराइली मीडिया रिपोर्ट में कहा गया है कि आरोपी ने योजना को अंजाम देने के लिए विमान के इजरायल के करीब पहुंचने तक इंतजार किया। रिपोर्ट के मुताबिक, उसने जॉर्डन के ऊपर कैप्टन मच्छार पर हमला किया था जब फ्लाइट इजरायल की तरफ बढ़ रही थी।
‘कैप्टन मच्छार पर धोखे से किया हमला’
हमामी ने बताया कि मच्छार पर हमले से पहले उसने कहा था कि वह नमाज पढ़ने के लिए जा रहा है फिर उसके बाद उसने मच्छार के सिर पर हमला किया। बता दें कि स्मित मच्छार का अबू धाबी के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस घटना के बाद कैप्टन स्मित इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बात कर चुके हैं।
हमामी ने फ्लाइट का इंजन कर दिया था बंद
UAE की जांचकर्ताओं के सामने अल हमामी के कबूलनामे के बीच इटली के अखबार Corriere della Sera ने अपनी एक रिपोर्ट में दावा किया है कि हमामी ने कैप्टन पर हमला करने के बाद विमान के इंजन बंद कर दिया था। इसके कारण विमान कथित तौर पर एक मिनट से भी कम समय में करीब 16,000 फीट नीचे चला गया और उसकी गति बेहद तेज हो गई थी।
इन घटनाक्रमों से जुड़ी विस्तृत जानकारी अभी जांच का हिस्सा है और मामले में सामने आए दावों की अंतिम पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
यह भी पढ़ें: ‘झूठे हैं आरोप…’, ईरान बोला- फ्लाईदुबई की घटना से हमारा कोई ‘लेना देना’ नहीं
ईरान ने फ्लाईदुबई की एक फ्लाइट को कथित तौर पर हाईजैक करने की कोशिश की घटना से खुद को जोड़ने की किसी भी कोशिश को फॉल्स फ्लैग (साजिश) बताकर खारिज कर दिया है। ईरान की न्यूज एजेंसी तस्नीम की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने कहा कि ऐसे आरोप गढ़े हुए सबूतों पर आधारित हैं। यहां पढ़ें पूरी खबर…
