फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की सीरिया यात्रा के दौरान मंगलवार को राजधानी दमिश्क में दो बम धमाके हुए। सीरिया के सरकारी मीडिया के मुताबिक, इन धमाकों में कम से कम चार लोग घायल हो गए। घायलों में पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।

मैक्रों जब सीरिया के राष्ट्रपति अहमद अल-शरा से मुलाकात के लिए राष्ट्रपति भवन पहुंचे थे तभी ‘फोर सीजन्स होटल’ के नजदीक यह बम धमाके हुए। मैक्रों सोमवार रात एक प्रतिनिधिमंडल के साथ सीरिया पहुंचे। इस दौरान उनके और राष्ट्रपति अल-शरा के बीच कई समझौतों पर हस्ताक्षर होने हैं।

पूरी तरह सुरक्षित हैं मैक्रों

मैक्रों के कार्यालय ने कहा कि राष्ट्रपति पूरी तरह सुरक्षित हैं। मैक्रों की यह यात्रा तुर्किये की राजधानी अंकारा में होने वाले नाटो शिखर सम्मेलन से पहले हो रही है। मैक्रों ने सीरिया पर लगे अधिकांश प्रतिबंध हटाने के लिए यूरोप और अमेरिका को मनाने में अहम भूमिका निभाई थी।

सीरिया की सरकारी मीडिया ने एक वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी के हवाले से बताया कि राजधानी दमिश्क के बीच में ये दोनों विस्फोट आईईडी के जरिए किए गए। इनमें से एक आईईडी कूड़ेदान में रखा गया था जबकि दूसरा एक खड़ी कार में।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक वैन और एक मोटरसाइकिल आग की लपटों में घिरी दिखाई दे रही हैं, सड़क पर खून के धब्बे भी नजर आ रहे हैं। अभी तक किसी भी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। विस्फोट वाली जगह से से धुएं का गुबार उठता दिखाई दिया।

कुछ दिन पहले ही दमिश्क के जस्टिस पैलेस के पास एक कैफे में धमाका हुआ था। धमाके में कम से कम 10 लोगों की मौत हुई थी और 20 से अधिक लोग घायल हुए थे।

बशर अल-असद को किया था बेदखल

राष्ट्रपति अहमद अल-शरा ने वर्ष 2024 में विद्रोह का नेतृत्व करते हुए बशर अल-असद की सरकार को सत्ता से बेदखल किया था। सत्ता संभालने के बाद अल-शरा सीरिया पर सरकार का नियंत्रण स्थापित करने, देश में स्थिरता बहाल करने, सरकार को लेकर आशंकित अल्पसंख्यक समुदायों का विश्वास जीतने और पश्चिमी देशों का समर्थन हासिल करने का प्रयास कर रहे हैं लेकिन इन धमाकों से सीरिया में सुरक्षा व्यवस्था के इंतजामों पर सवाल उठे हैं।

यह भी पढ़ें- मैक्रों ने किया परमाणु हथियारों की संख्या बढ़ाने का ऐलान

फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने कहा है कि फ्रांस अपने परमाणु हथियारों की संख्या में वृद्धि करेगा लेकिन उन्होंने इसकी कोई निश्चित संख्या नहीं बताई। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।