अमेरिका-ईरान के बीच सीज़फायर के कुछ ही घंटों बाद ईरान में धमाके सुने गए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, बुधवार (8 अप्रैल) को ईरान के लावन द्वीप स्थित तेल रिफाइनरी में जोरदार धमाके की आवाज़ आई। विस्फोट के बाद रिफाइनरी मे आग लगने की भी खबर है। रिपोर्ट्स के अनुसार, लावन रिफाइनरी में धमाके की पुष्टि ईरान की नेशनल ऑयल रिफाइनिंग कंपनी ने भी की है।

विस्फोटों के कारण का अभी तक पता नहीं चल पाया है। ईरान की रिफाइनरी में हुए ब्लास्ट में किसी तरह के नुकसान या किसी के घायल होने को लेकर भी कोई जानकारी सामने नहीं आई है।

इसके अलावा तुर्की का कहना है कि सिरी द्वीप से भी धमाकों की खबर सामने आई है।

ट्रंप ने की सीज़फायर की घोषणा

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को ईरान के साथ दो हफ्ते के सीज़फायर की घोषणा की। उन्होंने कहा कि तेहरान ने बातचीत के लिए 10 शर्त वाला एक ‘व्यवहारिक’ प्रस्ताव पेश किया है।

यह घोषणा उस समय की गई जब ट्रंप द्वारा कई बार बढ़ाई गई समय सीमा खत्म होने में दो घंटे से भी कम समय बचा था। इस डेडलाइन के तहत ट्रंप ने ईरान से होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने और समझौता स्वीकार करने की मांग की थी।

यूएस के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने भी बड़ा बयान देते हुए कहा है कि समझौता अभी बेहद नाजुक है। जो हासिल करना था वो कर लिया और उम्मीद है कि ईरान सही फैसला लेगा। ईरान मित्र देशों पर हमला नहीं करेगा।

इराक ने एयरस्पेस फिर से खोला

अमेरिका-ईरान के बीच सीज़फायर के बाद इराक ने अपना हवाई क्षेत्र फिर से खोल दिया है। सिविल एविएशन अथॉरिटी ने पुष्टि की है कि क्षेत्र में कई हफ्तों से जारी तनाव के बाद अब सुरक्षा हालात बेहतर होने पर उड़ान सेवाएं दोबारा शुरू कर दी गई हैं। इराकी न्यूज एजेंसी (INA) द्वारा जारी बयान में कहा गया, ”स्थिति के स्थिर होने और सामान्य हालात लौटने के बाद आज से इराकी हवाई क्षेत्र को हवाई यातायात के लिए फिर से खोलने का फैसला लिया गया है।”

बयान में आगे कहा गया, ”इस फैसले के तहत सभी नागरिक उड़ानों को दोबारा शुरू करने की अनुमति दी गई है जिसमें ओवरफ्लाइट, टेकऑफ और इराक के हवाई अड्डों पर लैंडिंग शामिल हैं जो निर्धारित नियमों और निर्देशों के अनुसार होंगी।”

यह भी पढ़ें: ‘जल्द से जल्द ईरान छोड़ें भारतीय…’, सीजफायर के बीच तेहरान में भारतीय दूतावास ने जारी की एडवाइजरी

तेहरान में भारतीय दूतावास ने बुधवार (8 अप्रैल 2026) को एक नई एडवाइजरी जारी की है। इस एडवाइजरी में ईरान में रह रहे भारतीय नागरिकों से जल्द से जल्द देश छोड़ने को कहा गया है। बेहतर कॉर्डिनेशन और आपात स्थिति के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं। अमेरिका-ईरान के बीच 2 हफ्तों के युद्धविराम के ऐलान के बाद भारत की तरफ से अपने नागरिकों के लिए यह एडवाइजरी जारी की गई है। पढ़ें पूरी खबर…