बांग्लादेश क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और पूर्व सांसद शाकिब अल हसन के मगुरा स्थित घर पर हमला हुआ है। पुलिस ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि बुधवार रात को कुछ अज्ञात हमलावरों ने शाकिब के घर पर पेट्रोल बम से हमला किया और उनके घर को आग लगाने की कोशिश की गई। जानकारी के मुताबिक, यह घटना बुधवार रात 9 बजे के करीब की है। मगुरा सदर पुलिस स्टेशन के ऑफिसर-इन-चार्ज, एमडी अब्दुल्ला अल मामून ने यह जानकारी दी है।
शेख हसीना के कार्यक्रम के कुछ घंटे बाद हमला
शाकिब के घर पर हमला ऐसे वक्त हुआ है जब वह इस हमले से कुछ घंटे पहले ही दिल्ली के फॉरेन कॉरेस्पोंडेंट्स क्लब में पूर्व बांग्लादेशी प्रधानमंत्री शेख हसीना के कार्यक्रम में वर्चुअल रूप से शामिल हुए थे और बातचीत भी की थी। ये कार्यक्रम शेख हसीना के अपदस्थ होने के दो साल बाद आयोजित हुआ था। शेख हसीना 2 साल पहले 5 अगस्त को ही अपना देश छोड़कर भारत आई थीं।
आग लगाने से पहले घर के शीशे और खिड़कियां तोड़ीं
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शाकिब के घर पर पेट्रोल बम फेंकने आए हमलावरों ने पहले ईंट-पत्थर से हमला करके खिड़कियां और शीशे तोड़ दिए। इसके बाद घर को आग लगाने की कोशिश की गई। पुलिस अधिकारी ने बताया कि अभी इस बारे में जानकारी नहीं मिल पाई है कि हमला करने वाले कौन लोग थे और उन्होंने ऐसा क्यों किया? इस घटना के बाद शाकिब के घर पर और आसपास के इलाके में पुलिस की तैनाती कर दी गई है।
बांग्लादेश आवामी लीग ने BNP को किया टारगेट
इस घटना को लेकर बांग्लादेश आवामी लीग ने बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी पर हमला बोला है। पार्टी के X अकाउंट से शाकिब के घर पर हुए हमले का वीडियो पोस्ट किया गया है। वीडियो के साथ लिखा है, “आवामी लीग की प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल होने की कीमत है ये। नियो फासीवाद ने बांग्लादेश को अपनी चपेट में ले लिया है।”
पोस्ट में आगे लिखा है कि बांग्लादेश के मशहूर क्रिकेट आइकन शाकिब अल हसन के घर पर एक भयानक पेट्रोल बम हमला हुआ, इसके कुछ ही घंटे बाद दुनिया के मशहूर स्टार क्रिकेटर पार्टी की माननीय अध्यक्ष शेख हसीना के साथ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल हुए। प्रेस कॉन्फ्रेंस से पहले BNP, इस्लामिस्ट जमात और NCP सभी ने खुलेआम नेशनल मीडिया आउटलेट्स को धमकी दी कि वे प्रेस कॉन्फ्रेंस की रिपोर्ट के मामले में ज्यूडिशियरी पर केस करने के लिए हथियार का इस्तेमाल करेंगे।
यह सोचा-समझा हमला लोकतंत्र बनाने के प्रोजेक्ट के नाम पर अवामी लीग के कार्यकर्ताओं के खिलाफ चल रहे नरसंहार अभियान का एक और सबूत है, जो फासीवाद की पहचान है।
यह भी पढ़ें: ‘2 साल से अपने प्यारे बांग्लादेश को जलते देख रही हूं’, अपनों को याद कर रो पड़ीं शेख हसीना
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने बुधवार को नई दिल्ली से वीडियो लिंक के जरिए दो साल में पहली बार प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों से वह अपने प्यारे बांग्लादेश को दर्द, भय और उथल-पुथल में डूबता देख रही हैं। अपने देश की मौजूदा स्थिति का जिक्र करते-करते वह भावुक हो गईं और अपने पिता शेख मुजीबुर रहमान तथा 1975 में मारे गए परिवार के अन्य सदस्यों को याद करते हुए उनकी आंखें नम हो गईं। यहां पढ़ें पूरी खबर…
