Emirates flight: टोक्यो के नरीटा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से दुबई जा रही एमिरेट्स की फ्लाइट (Emirates Flight) में एक महिला ने कई फीट की ऊंचाई पर 12 घंटे की उड़ान के बाद विमान में बच्चे को जन्म दिया। यह घटना 19 जनवरी की है।
दुबई एमिरेट्स की EK319 फ्लाइट में महिला ने प्रसव पीड़ा के दौरान बच्चे को जन्म दिया। फ्लाइट में सवार कुछ यात्रियों के मुताबिक, इस मेडिकल स्थिति में क्रू मेंबर्स ने सक्रियता से काम किया। साथ ही स्थिति को अच्छे ढंग से संभाला। यह फ्लाइट मेडिकल इमरजेंसी के बावजूद समय पर लैंड हुई।
एमिरेट्स ने जानकारी दी है कि प्रसव के बाद जच्चा और बच्चा दोनों की हालत स्थिर है। दुबई पहुंचने के बाद स्थानीय मेडिकल स्टाफ ने दोनों का ध्यान रखा। उन्होंने कहा कि हमारे यात्रियों की सुरक्षा और उनका स्वास्थ्य हमारे लिए सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण है। हालांकि, गर्भावस्था के एक निश्चित पड़ाव पर पहुंचने के बाद महिलाओं को हवाई यात्रा नहीं करने दी जाती और विमान में बच्चे को जन्म देना बहुत असामान्य है।एमिरेट्स के नियम के अनुसार, सातवें महीने की गर्भावस्था तक महिलाएं हवाई यात्राएं कर सकती हैं, बशर्ते उन्हें किसी तरह की मेडिकल प्रॉब्लम न हो।
इक्वाडोर से स्पेन जा रही फ्लाइट में तमारा नाम की महिला ने बच्चे को दिया था जन्म
ऐसा ही एक मामला दिसंबर, 2022 को सामने आया था। जब इक्वाडोर से स्पेन की विमान यात्रा के दौरान तमारा नाम की एक महिला यात्री ने विमान के बाथरूम में बच्चे को जन्म दिया था। हैरान करन वाली बात यह थी कि इस महिला को यह नहीं पता था कि वह गर्भवती है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक नीदरलैंड में उतरने से कुछ घंटे पहले, उसके पेट में दर्द हुआ और उसने शौचालय जाने का फैसला किया। इसी दौरान उसको बच्चा हो गया।
महिला को नहीं पता था कि वो गर्भवती है
स्पार्टने गैस्थुइस हारलेम ज़ुइद अस्पताल के एक प्रवक्ता ने बताया था कि तमारा को पता नहीं था कि वह गर्भवती थी और इस घटना से काफी हैरान थी।वहीं एयरलाइन के प्रवक्ता ने कहा कि ऑस्ट्रिया के दो डॉक्टर और एक नर्स विमान में थे और उन्होंने डिलीवरी में तमारा की सहायता की। अधिकारियों ने यह भी बताया था कि तमारा ने बच्चे का नाम मैक्सिमिलियानो रखा। यह नाम उसने एक यात्री के नाम पर रखा, जिसने सुरक्षित प्रसव कराने में उसकी मदद की थी।