Starlink India Launch Dispute: भारत में सैटेलाइट इंटरनेट (सैटकॉम) सेवाओं की शुरुआत को लेकर दुनिया के सबसे अमीर कारोबारियों में शामिल एलन मस्क और रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी के बीच विवाद बढ़ गया है। मस्क ने स्टारलिंक की भारत में व्यावसायिक सेवाएं शुरू होने में हो रही देरी पर नाराजगी जताई है। मस्क ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अंबानी को ‘प्रधानमंत्री अंबानी’ कहकर संबोधित किया था।
एलन मस्क ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में लिखा कि वे इस बात को नहीं समझ पाए थे कि भारत में असली फैसले कौन लेता है। मस्क ने व्यंग्यात्मक लहजे में लिखा, “प्रिय प्रधानमंत्री अंबानी, यह न समझ पाने के लिए मेरी विनम्र क्षमा स्वीकार करें कि आप भारत के असली बॉस हैं।” उन्होंने आगे लिखा कि स्वाभाविक रूप से वे अपने एकाधिकारवादी नियंत्रण को बनाए रखना चाहेंगे, लेकिन क्या वे इसके बावजूद स्टारलिंक को भारत के लोगों के लिए प्रतिस्पर्धा करने की अनुमति देंगे?”
दूरदराज इलाकों में इंटरनेट कनेक्टिविटी का दिया तर्क
अपने मकसद का जिक्र करते हुए एलन मस्क ने कहा कि भारत के कई ऐसे ग्रामीण और दूरदराज के इलाके हैं, जहां आज भी इंटरनेट पहुंच नहीं है। इसकी वजह से बच्चे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से वंचित रह जाते हैं और छोटे व्यवसायों को अपना सामान वैश्विक बाजार में बेचने का मौका नहीं मिलता। एलन मस्क का दावा है कि स्टारलिंक की एंट्री इन लाखों लोगों के जीवन को बेहतर बनाने की क्षमता रखती है।
आपदा प्रबंधन और जान-माल की सुरक्षा का हवाला
एलन मस्क ने यह भी तर्क दिया कि जब प्राकृतिक आपदाओं के दौरान सभी पारंपरिक संचार तंत्र और मोबाइल नेटवर्क ठप हो जाते हैं, तब स्टारलिंक जैसी सैटेलाइट तकनीक जीवनरक्षक साबित होती है।
उन्होंने कहा कि भारत में स्टारलिंक को अनुमति मिलने से आपदाओं के समय पुरुषों, महिलाओं और बच्चों की जान बचाने में मदद मिलेगी। इससे पहले भी मस्क ने आरोप लगाया था कि कुछ उद्योगपति देश में स्टारलिंक को रोक रहे हैं, जिसे उन्होंने भारत की जनता के खिलाफ अपराध बताया था।
‘सभी के लिए नियम समान और निष्पक्ष’
मस्क के आरोपों पर पलटवार करते हुए भारत सरकार और संचार मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि भारत का नियामक ढांचा पूरी तरह निष्पक्ष और भेदभाव रहित है।
सरकार के अनुसार, सैटकॉम सेवाओं के लिए आवेदन वर्तमान में गृह मंत्रालय के पास सुरक्षा मंजूरी के लिए लंबित हैं। सभी टेलीकॉम और सैटकॉम ऑपरेटरों को एक ही चरण और नियमों से गुजरना होता है।
तीन मुख्य दावेदार – एक ही विनियामक चरण में
संचार मंत्रालय ने अपने बयान में कहा कि वर्तमान में स्टारलिंक, भारती समर्थित यूटेलसैट वनवेब और जियो सैटेलाइट कम्युनिकेशंस तीनों ही लाइसेंसधारी एक ही नियामक स्तर पर हैं। इसके अलावा जेफ बेजोस की कंपनी अमेज़न लियो भी इस रेस में शामिल है। इसलिए किसी एक कंपनी के साथ भेदभाव या अनुचित व्यवहार का दावा पूरी तरह से आधारहीन और भ्रामक है।
सुनील भारती मित्तल ने भी मस्क के दावों को नकारा
भारती एयरटेल के चेयरमैन सुनील भारती मित्तल ने भी मस्क के दावों को खारिज किया है। उनकी कंपनी यूटेलसैट वनवेब भी भारत में सैटकॉम सेवाएं शुरू करने की प्रक्रिया में है। मित्तल ने स्पष्ट किया कि उनकी खुद की कंपनी को भी भारत में परिचालन शुरू करने के लिए आवश्यक सरकारी और सुरक्षा अनुमतियों का इंतजार है, इसलिए केवल स्टारलिंक को रोके जाने की बात सही नहीं है।
एलन मस्क के बयान पर यूजर्स ने क्या कहा?
वहीं, एलन मस्क की पोस्ट को लेकर कई यूजर्स ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। कल्कि (@kalkiverxe) नाम के एक यूजर्स ने लिखा, “डियर प्रेसीडेंट मस्क, कृपया चीनी कंपनी BYD को अमेरिकी बाजार में प्रवेश करने दीजिए। आखिर टेस्ला का एकाधिकार क्यों होना चाहिए? आपका एकाधिकार राष्ट्रीय सुरक्षा के नाम पर जायज ठहराया जाता है, जबकि दूसरों को कुलीनतंत्र (ओलिगार्की) कहकर कोसा जाता है। क्या सुविधाजनक दोहरा मापदंड है! एक कुलीनतंत्र का दलाल रो रहा है।”

एक अन्य यूजर अक्षय सैनी (@akshaymarch7) ने लिखा, “डियर एलन, भारत एक संप्रभु देश है, आपका कोई निजी बिजनेस प्रोजेक्ट नहीं। आप एक निजी कंपनी चलाते हैं, कोई चैरिटी नहीं। सिर्फ इसलिए कि आप भारतीय बाजार में प्रवेश करना चाहते हैं, आपको भारतीयों का मजाक उड़ाने और भारत को यह सिखाने का अधिकार नहीं मिल जाता कि उसे क्या करना चाहिए। और कृपया यह दिखाना भी बंद कीजिए कि आप गरीब भारतीयों को बचाने आ रहे हैं। स्टारलिंक बेहद महंगी है। आप कोई मुफ्त इंटरनेट नहीं बांट रहे हैं, न ही यह सब किसी परोपकार की भावना से कर रहे हैं।”

सैनी ने आगे लिखा कि आप यहां कारोबार करने आए हैं, ठीक वैसे ही जैसे दूसरी कंपनियां आती हैं। इसलिए इसे समाजसेवा बताने का दिखावा मत कीजिए। आपको कोई प्रस्ताव देने से नहीं रोक रहा। कीमत किफायती रखिए, भारतीय नियमों का पालन कीजिए और फैसला सरकार पर छोड़ दीजिए। किसी भी संप्रभु देश में काम करने का यही तरीका है। अपने तेवर संभालकर रखिए। आपका काम सिर्फ इंटरनेट बेचना है, भारत पर मालिकाना हक जताना नहीं।
सुरक्षा से जुड़ी चिंताएं बनीं मुख्य वजह
उद्योग विशेषज्ञों का मानना है कि स्टारलिंक को अंतिम सुरक्षा मंजूरी मिलने में देरी की मुख्य वजह सुरक्षा से जुड़ी चिंताएं हैं। भारतीय सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि विदेशी सैटकॉम ऑपरेटर सेवाएं प्रदान करते समय भारतीय डेटा गेटवे को बायपास कर सकते हैं, जिससे डेटा सुरक्षा और राष्ट्रीय सुरक्षा पर खतरा पैदा हो सकता है। सरकार पूरी तरह आश्वस्त होने के बाद ही औपचारिक लॉन्च को हरी झंडी देगी।
रिलायंस जियो का 15 अरब डॉलर का बड़ा प्लान
यह पूरा विवाद ऐसे समय में सामने आया है, जब रिलायंस जियो भारत में अपना खुद का संप्रभु ‘लो अर्थ ऑर्बिट’ सैटेलाइट नेटवर्क तैयार कर रहा है। जियो लगभग 10 से 15 अरब डॉलर के निवेश से 1,600 से 1,650 उपग्रहों का एक विशाल नेटवर्क स्थापित करने की योजना पर काम कर रहा है। यही वजह है कि भारत के तेजी से बढ़ते सैटेलाइट इंटरनेट बाजार में मस्क और भारतीय कंपनियों के बीच यह मुकाबला और अधिक दिलचस्प हो गया है।
यह भी पढ़ें: कौन हैं ध्रुव राठी? ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन से पहले ही हिरासत में लिए गए यूट्यूबर
शनिवार सुबह दिल्ली पुलिस ने यूट्यूबर ध्रुव राठी को उनके गुरुग्राम के सेक्टर 56 स्थित आवास से हिरासत में ले लिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) द्वारा जंतर-मंतर पर प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन से पहले की गई है। ध्रुव राठी इसी प्रदर्शन में शामिल होने के लिए आए थे, जिसके चलते राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था को काफी बढ़ा दिया गया है। पढ़िए पूरी खबर…
