Queen Elizabeth Second Death News: ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय का गुरुवार को निधन हो गया। अब महारानी के अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही है। महज 25 साल की उम्र में एलिजाबेथ द्वितीय महारानी बन गईं थीं। पिछले 70 सालों से वह ब्रिटेन की महारानी थीं। हालांकि महारानी के निधन के लिए कोडनेम पहले ही रख लिया गया था।
अगर महारानी का निधन बाल्मोरल में होता है तो अंतिम संस्कार को “ऑपरेशन लंदन ब्रिज” कहा जायेगा। वहीं स्कॉटलैंड में उनके पसंदीदा महल में उनकी मृत्यु की योजना के हिस्से का कोडनेम ‘ऑपरेशन यूनिकॉर्न’ दिया गया था। पहली बार 2017 में द गार्जियन और बाद में 2021 में पोलिटिको द्वारा इसे रिपोर्ट किया गया था।
योजना के अनुसार ब्रिटिश पीएम लिज ट्रस को सूचित करने के बाद महारानी की मृत्यु की जानकारी पहले ही अन्य सरकारों को दी जा चुकी है, जहां की वह राज्य प्रमुख थीं। इसके बाद राष्ट्रमंडल के 38 अन्य देशों को इसकी जानकारी दी गई थी।
महारानी के ताबूत को होलीरूडहाउस के महल में ले जाने की संभावना है। गार्जियन की रिपोर्ट के अनुसार एडिनबर्ग में रॉयल माइल पर सेंट जाइल्स कैथेड्रल के लिए एक औपचारिक जुलूस भी शामिल है। फिर ताबूत को लंदन ले जाया जाएगा। पोलिटिको की रिपोर्ट में ताबूत को शाही ट्रेन से लंदन ले जाने की संभावना का भी जिक्र किया गया था। प्रधानमंत्री लिज ट्रस अपने कैबिनेट के सदस्यों के साथ उनके शव को लंदन में रिसीव करेंगी। इसके बाद वेस्टमिंस्टर एब्बे में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने ट्वीट करते हुए लिखा, “यह भारी मन के साथ कहना पड़ रहा है कि हमें कनाडा के सबसे लंबे समय तक शासन करने वाली महारानी, महामहिम महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के निधन के बारे में सूचना प्राप्त हुई। वह हमारे जीवन में एक निरंतर उपस्थिति थीं और कनाडाई लोगों के लिए उनकी सेवा हमेशा हमारे देश के इतिहास का एक महत्वपूर्ण हिस्सा रहेगी।” भले ही कनाडा राजनीतिक रूप से स्वतंत्र है लेकिन ब्रिटिश राजशाही अभी भी इसकी राजनीतिक व्यवस्था का हिस्सा है।
उनके शासनकाल में सर विंस्टन चर्चिल से लेकर लिज़ ट्रस समेत 15 ब्रिटिश प्रधान मंत्री चुने गए। इसके साथ ही 14 अमेरिकी राष्ट्रपति भी चुने गए। 9 सितंबर 2015 को महारानी विक्टोरिया के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए एलिजाबेथ द्वितीय सबसे लंबे समय तक राज करने वाली ब्रिटिश सम्राट बन गईं थीं।