अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को दिल्ली के उपराज्यपाल के रूप में नियुक्त होने पर तरनजीत सिंह संधू को बधाई दी। साथ ही भारत-अमेरिका संबंधों को मजबूत करने में उनकी भूमिका पर प्रकाश डाला। एक पोस्ट में, ट्रंप ने संधू के राजनयिक अनुभव की प्रशंसा की और उनकी नई भूमिका के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं।
ट्रुथ सोशल पर ट्रंप ने लिखा, “दिल्ली के नए उपराज्यपाल बनने पर तरनजीत संधू को हार्दिक बधाई। एक कुशल राजनयिक और अमेरिका में पूर्व राजदूत के रूप में उन्होंने हमेशा अमेरिका-भारत संबंधों को मजबूत करने के लिए गहरी प्रतिबद्धता दिखाई है। दिल्ली की प्रगति का नेतृत्व करने और वैश्विक संबंधों को आगे बढ़ाने में उनकी सफलता की कामना करता हूं।”
संधू की भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर से मुलाकात
इसी बीच, दिल्ली के उपराज्यपाल संधू ने बुधवार को अमेरिकी स्वतंत्रता के 250 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित ‘फ्रीडम 250’ समारोह में भारत-अमेरिका सहयोग को मजबूत करने के महत्व पर प्रकाश डाला। लॉन्च इवेंट में शामिल हुए संधू ने कहा कि इस साझेदारी से दोनों देशों के बीच, विशेष रूप से निवेश और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में सहयोग को और गहरा करने का अवसर मिला है।
संधू ने X पर एक पोस्ट में कहा, “नई दिल्ली में फ्रीडम250 समारोह के शुभारंभ के अवसर पर भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर से मिलकर मुझे बेहद खुशी हुई। दिल्ली में अमेरिकी निवेश बढ़ाने और भारत-अमेरिका प्रौद्योगिकी सहयोग को विस्तार देने पर हमारी सार्थक बातचीत हुई । भारत और अमेरिका के बीच अटूट साझेदारी वैश्विक प्रगति का एक प्रमुख स्तंभ बनी हुई है। मैं ऐसे सहयोग की आशा करता हूं जिससे हमारी दिल्ली के निवासियों को लाभ मिल सके।”
संधू ने अमृतसर से लोकसभा चुनाव लड़ा था
तरनजीत ने 11 मार्च 2026 को दिल्ली उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश देवेंद्र कुमार उपाध्याय की उपस्थिति में पद की शपथ ली। संधू देशभर में राज्यपालों और उपराज्यपालों के व्यापक प्रशासनिक फेरबदल का हिस्सा हैं। इस फेरबदल में, तरनजीत सिंह संधू ने वीके सक्सेना का स्थान लिया है। तरनजीत, प्रख्यात सिख नेता तेजा सिंह समुंद्री के पोते हैं। भारतीय विदेश सेवा के 1988 बैच के अधिकारी संधू ने फरवरी 2020 से जनवरी 2024 तक अमेरिका में भारत के राजदूत के रूप में कार्य किया। विदेश सेवा से सेवानिवृत्त होने के बाद, संधू ने 2024 में भारतीय जनता पार्टी में शामिल होकर राजनीति में प्रवेश किया। उसी वर्ष, उन्होंने अमृतसर से लोकसभा चुनाव लड़ा। हालांकि, संधू को कांग्रेस नेता गुरजीत सिंह औजला ने हरा दिया था।
मुझे गले लगाने को बेताब शी जिनपिंग- ट्रंप
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि चीन ने यह भी मान लिया है वो ईरान को हथियार सप्लाई नहीं करेगा। ट्रंप ने अपने बयान में यह भी जोड़ा कि राष्ट्रपति शी जिनपिंग उन्हें गले लगाना चाहते हैं, वे काफी खुश हैं। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें
