अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को कहा कि 2027 से अमेरिका, इजरायल को हर साल दी जाने वाली 4 अरब डॉलर की सहायता बंद कर देगा, लेकिन उसे सैन्य सामान बेचना जारी रखेगा।

ट्रंप ने यह बात अमेरिकी मिडटर्म इलेक्शन के दिन अमेरिकी न्यूज चैनल फॉक्स के साथ फोन पर बातचीत के दौरान कही। उन्होंने बताया कि इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने इस प्रस्ताव को लेकर उनसे बात की थी और दोनों नेता पिछले कुछ सालों से इस पर चर्चा कर रहे थे।

अमेरिका के लिए महंगा साबित हो रहा खर्च

ट्रंप की दलील थी कि अब इजरायल को इस सहायता की जरूरत नहीं है और यह खर्च अमेरिका के लिए महंगा साबित हो रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि इजरायल को दी जाने वाली अमेरिकी सहायता, डेमोक्रेटिक उम्मीदवारों के बीच चर्चा का विषय बन गई है, इनमें मिशिगन सीनेट के उम्मीदवार अब्दुल अल-सैयद भी शामिल हैं।

ट्रंप ने कहा, “आप इसे वस्तु-विनिमय (बार्टर) मान सकते हैं। आप इसे सैन्य सहायता या नकद के रूप में भी देख सकते हैं। देखिए, हम उन्हें 4 अरब डॉलर की चीजें और पैसा देते हैं, जिसकी उन्हें जरूरत ही नहीं है। बीबी (नेतन्याहू) ने मुझसे इस बारे में बात की थी, और हम पिछले कुछ सालों से इस पर चर्चा कर रहे हैं, क्योंकि यह बहुत बड़ी रकम है।”

न्यूज एजेंसी एपी की रिपोर्ट के अनुसार, नेतन्याहू के कार्यालय की ओर से इस पर कोई तत्काल टिप्पणी नहीं आई है। यह घोषणा वाशिंगटन द्वारा इजरायल को दिए जाने वाले समर्थन के तरीके में एक संभावित बदलाव की ओर इशारा कर रही है यानी सालाना सहायता से हटकर हथियारों की बिक्री की ओर। हालांकि, ट्रंप ने इस बारे में कोई और जानकारी नहीं दी कि यह व्यवस्था कैसे काम करेगी।

‘मैं इजरायल का प्रधानमंत्री बन जाऊंगा’

ट्रंप ने मजाक में कहा, “इजरायल में मेरी अप्रूवल रेटिंग 99 फीसदी है। अगर अमेरिका के लोग मुझसे तंग आ गए, तो मैं इजरायल चला जाऊंगा और वहां का प्रधानमंत्री बन जाऊंगा।” ट्रंप ने एक इंटरव्यू के दौरान मजाक में यह बात कही।

ट्रंप ने पहले भी मजाक में कहा था कि वे इजरायल जा सकते हैं और प्रधानमंत्री पद का चुनाव लड़ सकते हैं, क्योंकि उन्हें वहां भारी समर्थन मिल रहा है।

इजरायल को अमेरिकी सैन्य सहायता

हाल के वर्षों में, अमेरिका ने इजरायल को अरबों डॉलर की सैन्य सहायता दी है। 2025 में प्रकाशित एक एकेडमिक स्टडी के मुताबिक, 2023 में गाजा जंग शुरू होने के बाद, पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन और ट्रंप के प्रशासन ने इजरायल को कम से कम 21.7 अरब डॉलर की सैन्य सहायता दी। यह स्टडी 7 अक्टूबर 2023 को हमास के हमलों की दूसरी बरसी पर जारी हुआ था।

ब्राउन यूनिवर्सिटी के वॉटसन स्कूल ऑफ इंटरनेशनल एंड पब्लिक अफेयर्स के ‘कॉस्ट्स ऑफ वॉर’ प्रोजेक्ट के एक अलग स्टडी में अनुमान लगाया गया है कि पिछले दो सालों में, अमेरिका ने मिडिल ईस्ट के अन्य हिस्सों में सुरक्षा सहायता और सैन्य अभियानों पर लगभग 10 अरब डॉलर और खर्च किए हैं।

एपी (AP) की रिपोर्ट के अनुसार, ये स्टडी मुख्य रूप से ओपन-सोर्स सामग्री पर आधारित हैं। इनमें इजरायल को दी गई अमेरिकी सैन्य सहायता और इस क्षेत्र में अमेरिकी सेना की सीधी भागीदारी की लागत के बारे में कुछ सबसे विस्तृत अनुमान दिए गए हैं।

अमेरिका का ईरान के केशम द्वीप पर हमला

अमेरिका और ईरान जंग को रोकने न रुकने के लिए एक-दूसरे को दोष दे रहे हैं, हालांकि दोनों देश अभी भी कोशिश कर रहे हैं। इसी बीच फिर अमेरिका, होर्मुज जलमार्ग (स्ट्रेट ऑफ होर्मुज) में स्थित ईरान के केशम द्वीप पर हमला कर दिया है। हालांकि अमेरिका का कहना है कि वह सीमित हमले कर रहा है।

यह भी पढ़ें: US Midterm Election: बढ़ती अर्थव्यवस्था के बावजूद डोनाल्ड ट्रंप को क्यों झटका दे सकते हैं अमेरिकी वोटर?

अमेरिका में मतदाता तीन नवंबर को मध्यावधि चुनावों के लिए मतदान कर रहे हैं। इन मध्यावधि चुनावों में हाउस ऑफ रिप्रजेंटेटिव की सभी 435 सीटों, सीनेट की 35 सीटों और 36 राज्यों के गवर्नर पदों के लिए चुनाव होंगे। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें