अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को फिर से धमकी दी है। ट्रंप ने दावा किया है कि वह दिवंगत सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार के दौरान सिर्फ़ ‘एक शॉट’ में बची हुई ईरानी लीडरशिप को खत्म कर सकते हैं। हालांकि उन्होंने कहा कि वह ऐसा नहीं करेंगे क्योंकि बातचीत करने के लिए कोई नहीं बचेगा।

डोनाल्ड ट्रंप ने एक्सियोस से बात करते हुए कहा, “सब वहीं हैं। एक शॉट और हम उन सबको खत्म कर सकते हैं, लेकिन हम ऐसा नहीं करने वाले हैं क्योंकि तब हमारे पास बातचीत करने के लिए कोई नहीं होगा। वे डील करने के लिए गिड़गिड़ा रहे हैं।” ट्रंप ने यह भी कहा कि दोनों पक्षों ने खामेनेई के अंतिम संस्कार के आसपास के इवेंट खत्म होने तक बातचीत से एक हफ़्ते का ब्रेक लेने का फ़ैसला किया है। इस बीच ट्रंप ने कहा कोई भी पक्ष दूसरे पर हमला नहीं करेगा।

36 साल तक ईरान पर खामेनेई ने किया राज

अयातुल्ला अली खामेनेई ने 36 साल तक ईरान पर राज किया और 28 फरवरी को अमेरिकी- इजरायली हमले में मारे गए। इसके बाद ही मिडिल ईस्ट में जंग शुरू हो गई। ईरान ने खामेनेई का अंतिम संस्कार शुरू करने के लिए 4 जुलाई को चुना, जो अमेरिका का 250वां स्वतंत्रता दिवस है। अंतिम संस्कार के तहत 7 जुलाई को तेहरान के दक्षिण में एक पवित्र शहर कोम में धार्मिक कार्यक्रम होंगे, जिसमे दुनिया के कई देश शामिल होंगे। 9 जुलाई को खामेनेई को उनके गृह क्षेत्र उत्तर-पूर्वी पवित्र शहर मशहद में दफनाया जाएगा।

हमने ईरान को अंतिम संस्कार के लिए एक हफ़्ते की छुट्टी दी- ट्रंप

लाखों ईरानी सड़कों पर जमा हो रहे हैं, जिससे यह अंतिम संस्कार दुनिया भर में सबसे ज्यादा देखे जाने वाले कार्यक्रमों में से एक बन गया है। शनिवार को ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बाघेर गालिबफ और ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची को पूर्व ईरानी सुप्रीम लीडर के विदाई समारोह के दौरान रोते हुए देखा गया। ट्रंप ने अंतिम संस्कार में ईरानियों के रोने पर हैरानी जताई और कहा कि उन्हें लगा कि लोग खामेनेई से नफरत करते हैं। उन्होंने कहा, “शायद ये नकली आंसू हैं।” इससे पहले ट्रंप ने कहा था कि अमेरिका ने ईरान को अंतिम संस्कार के लिए एक हफ़्ते की छुट्टी दी थी।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, “हमने वेनेज़ुएला को एक दिन में हरा दिया और हमने ईरान को बुरी तरह हराया। वे समझौता करने के लिए मरे जा रहे हैं। वे इतनी बुरी तरह से समझौता करना चाहते हैं। हमने उन्हें अंतिम संस्कार के लिए एक हफ़्ते की छुट्टी दी क्योंकि हम अच्छे हैं।”

मोजतबा खामेनेई अंतिम संस्कार में नहीं होंगे शामिल

ईरान के सुप्रीम लीडर, मोजतबा खामेनेई सुरक्षा कारणों से अपने पिता, अली खामेनेई के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं होंगे। न्यूज़ एजेंसी ANI ने बताया कि अयातुल्ला हकीम इलाही के अनुसार, इजरायली धमकियों और निगरानी के खतरों के कारण मोजतबा का सार्वजनिक रूप से शामिल होना खतरनाक होगा।

यह भी पढ़ें: रोते-बिलखते अराघची-गालिबाफ…VIDEO में देखें कैसे दी गई खामेनेई को अंतिम विदाई

ईरान की राजधानी तेहरान में शुक्रवार को ऐसा भावुक मंजर देखने को मिला, जिसने वहां मौजूद हजारों लोगों की आंखें नम कर दीं। दिवंगत सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई को अंतिम विदाई देते समय विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची और संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाकर गालिबाफ अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख सके। दोनों की आंखों से आंसू छलक पड़े। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें