अमेरिका के चर्चित वाशिंगटन हिल्टन होटल में व्हाइट हाउस संवाददाताओं के लिए डिनर आयोजित किया गया था। इसमें अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी शामिल हुए थे। इस बीच गोलियां चलने की खबर आई। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार जिस टेबल पर राष्ट्रपति ट्रंप बैठे थे, उसी के पास गोलियां चली हैं। हालांकि सुरक्षाकर्मियों ने ट्रंप और उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप को तुरंत सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया। इस घटना का वीडियो भी वायरल हो रहा है। एक वायरल वीडियो में सीक्रेट सर्विस के एजेंट्स ट्रंप को लेकर भागते हुए दिखाई दे रहे हैं।

लड़खड़ा कर गिरे ट्रंप

वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि जैसे ही फायरिंग की आवाज आती है, हाल में बैठे लोग टेबल के नीचे छिपने लगे। इसी दौरान एक सुरक्षाकर्मी ट्रंप के पास आता है और उनको तुरंत जानकारी देता है। इसके बाद कुछ और सीक्रेट सर्विस के एजेंट्स आते हैं और ट्रंप के आसपास घेरा बनाते हैं और उन्हें पीछे की तरफ लेकर जाते हैं। जैसे ही ट्रंप कुर्सी से उठकर आगे बढ़ते हैं, वह लड़खड़ा जाते हैं जिसके बाद एजेंट उन्हें पकड़कर सुरक्षित बाहर निकाल लेते हैं।

यह घटनाक्रम कुछ ही सेकंड में हुआ और ट्रंप को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया। कार्यक्रम में फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप भी मौजूद थीं। उन्हें भी सुरक्षाकर्मियों ने सुरक्षित स्थान तक पहुंचा दिया।

हमलावर की तस्वीर आई सामने

हमलावर की जो तस्वीर सामने आई है, उसमें सुरक्षाकर्मियों ने उसे अर्धनंग अवस्था में जमीन पर लेटा रखा है। हमलावर के चारों तरफ सुरक्षा के जवान खड़े हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस हमले की कड़े शब्दों में निंदा की है, उनकी तरफ से सुरक्षा एजेंसियों की तारीफ भी की गई है। राष्ट्रपति ट्रंप के साथ जेडी वैंस, प्रेस सचिव कैरोलाइन लेविट मौजूद थीं। ट्रंप की पत्नी और फर्स्ट लेडी भी वहां आई थीं।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार जिस टेबल पर राष्ट्रपति ट्रंप बैठे थे, उसी के पास गोलियां चली हैं। आज से करीब 45 साल पहले 30 मार्च 1981 को पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति रोनाल्ड रीगन पर भी इसी होटल के बाहर हमला हुआ था। पढ़ें पूरी खबर