ईरान और इजरायल के बीच फिलहाल सुलह की कोई संभावना नहीं दिख रही। वहीं, दूसरी ओर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वह इस हफ्ते ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई फिर से शुरू करने के करीब पहुंच गए थे। ट्रंप ने यह भी दावा किया कि वह इजरायल में काफी लोकप्रिय हैं और प्रधानमंत्री पद के लिए चुनाव लड़ सकते हैं।
डोनाल्ड ट्रंप ने इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बारे में भी कहा, “नेतन्याहू वही करेंगे जो मैं उनसे करवाना चाहता हूं। वह बहुत अच्छे इंसान हैं। वह वही करेंगे जो मैं उनसे करवाना चाहता हूं। मेरी राय में, इजरायल में उनके साथ सही व्यवहार नहीं किया जाता। इस समय इजरायल में मेरी लोकप्रियता 99% है। मैं प्रधानमंत्री पद के लिए चुनाव लड़ सकता हूं।”
ईरान और अमेरिका के बीच तनाव
वहीं, दूसरी ओर ईरान और अमेरिका के बीच तनाव बुधवार को एक बार फिर बढ़ गया जब तेहरान ने चेतावनी दी कि अमेरिका द्वारा किसी भी नए हमले से एक ऐसा युद्ध छिड़ जाएगा जो क्षेत्र से परे तक फैल जाएगा। यह चेतावनी ऐसे समय में आई है जब अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि वह इस सप्ताह ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई फिर से शुरू करने के करीब पहुंच गए थे। मंगलवार को व्हाइट हाउस में बोलते हुए ट्रंप ने कहा, “मैं आज ही बमबारी का फैसला लेने से बस एक घंटा दूर था।” उन्होंने सोमवार को भी इसी तरह की टिप्पणी की थी।
ट्रंप ने आगे कहा कि ईरान के नेता युद्धविराम समझौते के लिए विनती कर रहे हैं लेकिन अगर आने वाले दिनों में युद्धविराम नहीं हुआ तो अमेरिका फिर से हमला कर सकता है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, “मेरा मतलब है, मैं दो या तीन दिन कह रहा हूं, शायद शुक्रवार, शनिवार, रविवार। शायद अगले सप्ताह की शुरुआत में, एक सीमित अवधि के लिए क्योंकि हम उन्हें नया परमाणु हथियार हासिल नहीं करने दे सकते।”
ईरान की चेतावनी
ईरान ने बार-बार चेतावनी दी है कि अगर पश्चिम एशिया में अमेरिकी सैन्य अड्डों की मेजबानी करने वाले देशों पर फिर से हमला हुआ तो वह जवाबी कार्रवाई करेगा। बुधवार को ईरानी सरकारी मीडिया द्वारा जारी एक बयान में रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने कहा, “अगर ईरान के खिलाफ आक्रामकता दोहराई जाती है, तो इस बार वादा किया गया क्षेत्रीय युद्ध इस क्षेत्र से बाहर तक फैल जाएगा।”
ईरान से शांति वार्ता मुद्दे पर बोले अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस
अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा कि अमेरिका या तो कोई अच्छा समझौता करेगा, या फिर वापस युद्ध शुरू कर देगा। साथ ही कहा कि ईरान के पास न्यूक्लियर हथियार होने से दुनिया भर में न्यूक्लियर हथियारों की होड़ मच जाएगी। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें
