अमेरिका और ईरान के बीच तनाव गंभीर स्तर पर पहुंच गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि अमेरिकी सेना ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास ईरानी ठिकानों पर बड़े पैमाने पर हमले शुरू कर दिए हैं। ट्रंप ने ईरान को चेतावनी दी है कि अगर उसने जवाबी कार्रवाई की तो अमेरिका इससे भी ज्यादा कड़े स्तर पर हमला करेगा।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर दावा किया कि अमेरिका ने होर्मुज जलमार्ग के पास ईरानी ठिकानों को निशाना बनाकर हमले किए हैं। ट्रंप के मुताबिक, ये हमले ईरान की ओर से स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में समुद्री सुरंगें बिछाने की कथित कोशिश और जॉर्डन में अमेरिकी सैन्य अड्डे पर आठ मिसाइल दागे जाने के जवाब में किए गए हैं।

ईरान की 8 मिसाइलों को मार गिराया गया

ट्रंप ने कहा कि होर्मुज जलमार्ग में फिलहाल कोई समुद्री सुरंग नहीं है और उनके मुताबिक सभी सुरंगों को हटा दिया गया है या वे नष्ट हो चुकी हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि ईरान की ओर से जॉर्डन स्थित अमेरिकी सैन्य अड्डे पर दागी गईं आठों मिसाइलों को सफलतापूर्वक मार गिराया गया। ट्रंप ने ईरान को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि अगर वह इस हमले के जवाब में अमेरिका के खिलाफ कार्रवाई करता है तो उसे और भी बड़े तथा ज्यादा शक्तिशाली हमले का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि इससे भी बड़ा हमला अभी भविष्य के लिए तैयार रखा गया है और उसके बाद ईरान के इस्लामिक रिपब्लिक का बहुत कम हिस्सा बच पाएगा।

ईरानी ठिकानों पर हमले की पुष्टि की

अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि अमेरिकी सेनाओं ने दोपहर 12 बजे ईस्टर्न टाइम पर ईरान में इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के ठिकानों पर हमले शुरू किए। CENTCOM के मुताबिक, ये हमले हाल में IRGC की ओर से स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में वाणिज्यिक जहाजों और क्षेत्र में तैनात अमेरिकी सैन्यकर्मियों के खिलाफ किए गए कथित हमलों के बाद किए गए हैं।

यह भी पढ़ें: ईरान पर होगा सबसे बड़ा वित्तीय हमला

ईरान को लेकर अमेरिका के तमाम दावों के बीच अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने दावा किया कि राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान की सैन्य क्षमताओं को नष्ट कर दिया है, उसके लगभग सभी सैन्य कारखानों को तबाह कर दिया है और उसके परमाणु कार्यक्रम को नेस्तनाबूद कर दिया है। अब हम अंतिम चरण में प्रवेश कर रहे हैं। खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें