अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को कहा है कि अमेरिका की नौसेना स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में आने-जाने वाले हर जहाज को रोकेगी। ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका की नौसेना अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में ईरान को टोल (शुल्क) देने वाले हर जहाज पर भी प्रतिबंध लगाएगी। इससे पहले पाकिस्तान में हुई बातचीत में अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौता नहीं हो सका था जिसके बाद युद्धविराम के समझौते को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट कर कहा, “ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को खोलने का वादा किया था लेकिन उसने जानबूझकर ऐसा नहीं किया। इससे दुनिया भर के लोगों और देशों के बीच चिंता, अस्थिरता और परेशानी पैदा हुई है। वे कहते हैं कि उन्होंने पानी में बारूदी सुरंगें (माइंस) बिछाई हैं जबकि उनकी पूरी नौसेना और ‘सुरंग बिछाने वाले यंत्र’ को पहले ही पूरी तरह नष्ट कर दिया गया है।”
ट्रंप ने कहा, ‘ईरान और उनके बचे-खुचे ‘नेताओं’ की प्रतिष्ठा को भारी बदनामी और स्थायी क्षति पहुंची है लेकिन हम इन सब बातों से ऊपर उठ चुके हैं। जैसा कि उन्होंने वादा किया था, उन्हें इस अंतरराष्ट्रीय जलमार्ग को जल्द से जल्द खोलने की प्रक्रिया शुरू करनी चाहिए! वे हर कानून का उल्लंघन कर रहे हैं। मुझे उपराष्ट्रपति जेडी वैंस, विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर ने इस्लामाबाद में फील्ड मार्शल आसिम मुनीर और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के नेतृत्व में हुई बैठक के बारे में पूरी जानकारी दी है।”
इससे पहले शनिवार को ट्रंप ने कहा था कि अमेरिका ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से बारूदी सुरंगों को हटाना शुरू कर दिया है।
अमेरिका और ईरान बातचीत फेल होने के लिए एक-दूसरे को जिम्मेदार ठहराने की कोशिश कर रहे हैं। इस्लामाबाद में हुई बातचीत में अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने किया था। वेंस ने कहा था कि अमेरिका के द्वारा सबसे बेहतर प्रस्ताव रखने के बावजूद ईरान ने युद्ध समाप्ति के लिए वाशिंगटन की शर्तों को स्वीकार नहीं किया।
वेंस ने कहा कि शांति समझौता नहीं होने का मुख्य कारण ईरान द्वारा अपने परमाणु कार्यक्रम को नहीं छोड़ना था। ईरान ने वार्ता के लिए 10 सूत्री योजना रखी थी, जिसमें पश्चिम एशिया से अमेरिकी सेनाओं की वापसी, ईरान पर लगे प्रतिबंधों को हटाने और उसे स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर नियंत्रण की अनुमति देने की मांगें शामिल थीं।
यह भी पढ़ें- पाकिस्तान के जहाज को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से क्यों लेना पड़ा यू-टर्न?
दो खाली सुपरटैंकरों ने रविवार को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से होते हुए फारस की खाड़ी में प्रवेश करने का प्रयास किया लेकिन अंतिम समय में उन्हें यू-टर्न लेना पड़ा। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
