Donald Trump on Israel: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को एक पॉडकास्ट में स्वीकार किया कि उन्होंने सोमवार को लेबनान में चल रही लड़ाई को लेकर इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को फोन पर “पागल” कहा था और यह भी कहा कि वह बेरूत में IDF के लगातार हमले से थोड़ा परेशान थे। इसकी वजह यह है कि इसके चलते अमेरिका-ईरान की शांति वार्ता बाधित हो रही थी।
दरअसल, पॉडकास्ट में डोनाल्ड ट्रंप से पूछा गया कि क्या उन्होंने नेतन्याहू को बेहद पागल कहा था और उन पर कृतघ्नता का आरोप लगाया था। अमेरिकी राष्ट्रपति ने इजरायली प्रधानमंत्री के साथ हुई बातचीत के दौरान तनाव को स्वीकार किया, लेकिन साथ ही कहा कि नेतन्याहू के साथ उनके संबंध मजबूत बने हुए हैं और दोनों नेताओं के बीच जुड़ाव इसलिए है क्योंकि वे दोनों ही “युद्धकालीन” नेता हैं।
इजरायल के अस्तित्व का किया जिक्र
न्यूयॉर्क पोस्ट के पॉड फोर्स वन पॉडकास्ट के दौरान ट्रंप ने कहा, “मैंने किया। मैं यह नहीं कहूंगा कि मैं गुस्से में था। लेबनान के साथ उनके लगातार झगड़ों से मैं थोड़ा परेशान था।” इज़राइल पर निशाना साधते हुए ट्रंप ने कहा, “मैं आपको बताता हूं, अगर मैं न होता, तो आज इज़राइल का अस्तित्व ही न होता।”
नेतन्याहू की प्रशंसा करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, “हमने साथ मिलकर बहुत अच्छा काम किया है। मुझे वे बहुत पसंद हैं और मैं उनके साथ बहुत अच्छे से काम करता हूं।”
रिपोर्ट में किया गया था ट्रंप और नेतन्याहू की बातचीत का खुलासा
एक्सियोस की एक रिपोर्ट में एक अज्ञात अमेरिकी अधिकारी के हवाले से कहा गया था कि ट्रंप ने नेतन्याहू से कहा, “तुम बिलकुल पागल हो। अगर मैं न होता तो तुम जेल में होते। मैं तुम्हारी जान बचा रहा हूँ। अब हर कोई तुमसे नफरत करता है। इस वजह से हर कोई इज़राइल से नफरत करता है।”
पॉडकास्ट में ट्रंप ने कहा कि इजरायली नेता के साथ फोन पर हुई बातचीत के दौरान किसी समय मैंने कहा, “बेंजामिन, हमें इसे रोकना होगा। हमें इसे रोकना ही होगा।”
ट्रंप पर दबाव बढ़ने के मिल रहे संकेत
अमेरिकी राष्ट्रपति द्वारा नेतन्याहू के साथ तनावपूर्ण बातचीत को स्वीकार करना इस बात को उजागर करता है कि ईरान संघर्ष को सुलझाने के लिए उन पर दबाव बढ़ता जा रहा है, क्योंकि ऊर्जा की बढ़ती कीमतें और वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता मध्यावधि चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी की संभावनाओं पर गहरा असर डाल रही हैं।
डोनाल्ड ट्रंप की बेरूत पर हमला रोकने की घोषणा के बाद नेतन्याहू के बढ़ी मुश्किलें, घरेलू मोर्चे पर हो रही आलोचना
हिजबुल्लाह पर हमला रोकने के अमेरिका की घोषणा के बाद इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की मुश्किलें बढ़ती हुई नजर आ रही हैं, उन्हें अपने ही देश में आलोचना का सामने करना पड़ रहा। हाल में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के यह घोषणा की कि इजरायल अब बेरूत में ईरान के सहयोगी हिजबुल्लाह पर हमला नहीं करेगा। पढ़िए पूरी खबर…
