ब्रिटेन के किंग चार्ल्स III ने व्हाइट हाउस के ईस्ट रूम में आयोजित स्टेट डिनर के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ टोस्ट किया। इस मौके पर फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप और महारानी कैमिलिया भी मौजूद थीं।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार (29 अप्रैल) को मज़ाकिया अंदाज में याद करते हुए कहा कि स्कॉटलैंड में जन्मी उनकी मां मैरी ऐनी मैकलियोड को किंग चार्ल्स पर ‘क्रश’ था।

ट्रंप ने कहा कि उनकी मां ‘राज परिवार से बहुत प्यार करती थीं’ और महारानी एलिज़ाबेथ II की तारीफ करती थीं।

ट्रंप की मां को चार्ल्स पसंद थे

उन्होंने कहा, ”जब भी महारानी किसी समारोह या कार्यक्रम में शामिल होती थीं, मेरी मां टीवी से चिपककर देखती रहती थीं।” ट्रंप ने कहा कि वह कहती थीं, ”देखो, डोनाल्ड, वह कितना सुंदर है।”

उन्होंने आगे याद करते हुए कहा, ”मुझे यह भी याद है कि वह बहुत साफ तौर पर कहती थीं, चार्ल्स को देखो, जवान चार्ल्स। वह कितना प्यारा है।” अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मजाकिया अंदाज़ में आगे कहा, ”मेरी मां को चार्ल्स पर क्रश था। क्या आप यकीन कर सकते हैं? कमाल है। मुझे आश्चर्य हो रहा है कि वह अभी वह क्या सोच रही होंगी।”

ट्रंप की यह टिप्पणियां व्हाइट हाउस के साउथ लॉन में आयोजित आधिकारिक समारोह के दौरान आईं। किंग चार्ल्स III और महारानी कैमिलिया दोनों अमेरिका की राजकीय यात्रा पर हैं।

अपने भाषण में ट्रंप ने अपने परिवार का स्कॉटलैंड से नाते का भी ज़िक्र किया। उन्होंने बताया कि उनकी मां स्टॉर्नोवे (आउटर हेब्रिडीज़) में पैदा हुई थीं और 19 साल की उम्र में अमेरिका चली गई थीं।

आखिर में उन्होंने महारानी एलिज़ाबेथ को एक ‘बहुत, बहुत खास महिला’ बताया जिन्हें ‘अटलांटिक के दोनों किनारों पर बहुत याद किया जाता है।’ बता दें कि क्वीन एलिजाबेथ का निधन साल 2022 में हो गया था।

‘ईरान को परमाणु हथियार नहीं रखने पर ट्रंप सहमत’

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि किंग चार्ल्स III इस बात से सहमत हैं कि ईरान को परमाणु हथियार नहीं रखने दिया जाना चाहिए।

ट्रंप ने बीच में थोड़ी राजनीति की बात करते हुए अमेरिका-इज़रायल और ईरान से जुड़े तनाव का ज़िक्र किया जो अभी वॉशिंगटन और लंदन के बीच एक अहम मुद्दा बन गया है।

उन्होंने कहा, ”हम इस समय मध्य पूर्व में थोड़ा काम कर रहे हैं और हम बहुत अच्छा कर रहे हैं।’ अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, ”हमने सैन्य रूप से उस खास प्रतिद्वंद्वी को हरा दिया है और हम कभी भी उस प्रतिद्वंद्वी को (चार्ल्स मुझसे भी ज़्यादा सहमत हैं) कभी भी परमाणु हथियार हासिल नहीं करने देंगे।”