अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ फोन पर डेढ़ घंटे बात की। डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उन्होंने ईरान युद्ध और यूक्रेन में सीजफायर पर बात की है।

रायटर्स के मुताबिक डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, “हमारी बातचीत अच्छी रही। मैं उन्हें लंबे वक्त से जानता हूं। पुतिन के साथ यूक्रेन और ईरान के बारे में बात की। मैंने यूक्रेन में सीजफायर करने की सलाह भी दी।”

ट्रंप ने रिपोर्टरों से की पुष्टि

इसी बीच अर्टमिस के अंतरिक्ष यात्रियों के साथ ओवेल ऑफिस में मिलने के बाद ट्रंप ने रिपोर्टरों से कहा, “मुझे लगता है कि वह ऐसा (यूक्रेन में सीजफायर) करेंगे।” अमेरिका के राष्ट्रपति ने रिपोर्टरों से पुष्टि के लिए पूछा कि क्या रूस के राष्ट्रपति ने सीजफायर की घोषणा कर दी है?

रूस ने की यह पेशकश

क्रेमलिन के विदेश नीति सलाहकार यूरी उशाकोव के मुताबिक, पुतिन और ट्रंप के बीच ईरान को लेकर मैत्रीपूर्ण, पेशवर और खुलकर चर्चा हुई। साथ ही रूस ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम से जुड़े विवाद को सुलझाने में मदद की पेशकश की। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, रूस के राष्ट्रपति ने कहा कि वह ईरान के साथ सीजफायर को आगे बढ़ाने के अमेरिका के फैसले का समर्थन करते हैं, जिससे आगे की बातचीत के लिए गुंजाइश बनती है।

डोनाल्ड ट्रंप ने इस बात की पुष्टि करते हुए कहा, ईरान के संवर्धित यूरेनियम मुद्दे को लेकर पुतिन मदद करना चाहते हैं, जिस मुद्दे के कारण अमेरिका और ईरान की शांति चर्चा ठप पड़ गई है। हालांकि अमेरिका के राष्ट्रपति ने जवाब दिया, “मैंने उनसे कहा कि मैं सबसे अधिक यह चाहूंगा कि आप यूक्रेन के साथ चल रहे युद्ध को समाप्त कर दें।”

सीएनएन के मुताबिक, “अमेरिका के राष्ट्रपति ने इस बात की संभावना को खारिज नहीं किया कि ईरान ने अपना यूरेनियम रूस को भेज दिया है, लेकिन यूक्रेन मुद्दे पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें इसे सुलझाने में दिलचस्पी है।”

कुछ लोगों ने बनाया मुश्किल- ट्रंप

पुतिन के बारे में बात करते हुए ट्रंप ने कहा,”मैं उन्हें लंबे वक्त से जानता हूं। मुझे लगता है कि कुछ समय पहले वह डील करने के लिए तैयार थे। मुझे लगता है कि कुछ लोगों ने उनके लिए इस डील को मुश्किल बना दिया।”

इससे पहले ट्रंप ने Axios से कहा कि वह ईरान की नौसैनिक नाकाबंदी जारी रखेंगे, जब तक ईरान न्यूक्लियर मुद्दे पर बातचीत करने के लिए राजी नहीं हो जाता। उन्होंने कहा, नाकाबंदी, बमबारी करने की तुलना में किसी न किसी तरीके से ज्यादा असरदार है।

यह भी पढ़ें: जब ट्रंप ने बताया अपनी मां का सीक्रेट क्रश और किंग चार्ल्स को कहा ‘क्यूट’, जानें क्या है यह दिलचस्प किस्सा

ब्रिटेन के किंग चार्ल्स III ने व्हाइट हाउस के ईस्ट रूम में आयोजित स्टेट डिनर के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ टोस्ट किया। इस मौके पर फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप और महारानी कैमिलिया भी मौजूद थीं। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें