अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को कहा कि ईरान ने अमेरिकी अधिकारियों के साथ बैठक का अनुरोध किया है। वहीं, दूसरी ओर ईरान के एक शीर्ष वार्ताकार ने कहा कि फारस की खाड़ी में हुए हालिया हमले के बाद आगे वार्ता का कोई कार्यक्रम निर्धारित नहीं किया गया है। ट्रंप ने कहा कि ईरान के साथ बैठक मंगलवार को कतर के दोहा में होगी लेकिन ईरान के वरिष्ठ वार्ताकार काजिम ने वार्ता का कोई कार्यक्रम निर्धारित होने से इनकार किया है।

सोमवार को ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में ट्रंप ने कहा कि ईरान ने बैठक का अनुरोध किया है और यह बैठक कल कतर की राजधानी में होने वाली है, हालांकि उन्होंने इसके बारे में और कोई जानकारी नहीं दी। ट्रंप ने अपने ट्रुथ सोशल प्लेटफॉर्म पर लिखा, “ईरान ने बैठक का अनुरोध किया है। यह कल दोहा में होगी।” कुछ ही देर बाद, व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिना लीवेट ने फॉक्स न्यूज को बताया कि कतर में कल होने वाली बैठक में स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर शामिल होंगे।

ईरान-अमेरिका बातचीत को लेकर उलझन

इस सबके बीच ईरान-अमेरिका बातचीत के अगले दौर को लेकर उलझन बढ़ रही है। मध्यस्थ पाकिस्तान ने कहा है कि बातचीत मंगलवार को फिर शुरू होगी। ट्रंप प्रशासन ने रविवार को कहा था कि कुछ भी रद्द नहीं किया गया है और आने वाले दिनों के लिए तकनीकी बातचीत सही रास्ते पर बढ़ रही है।

अमेरिका और ईरान के बीच समझौते को लेकर सहमति

इस महीने की शुरुआत में अमेरिका और ईरान के बीच एक समझौते को लेकर सहमति बनी थी। इस समझौते के तहत तेहरान को अपने संवर्धित यूरेनियम भंडार को कम करना होगा। साथ ही, अमेरिका ईरान पर लगे प्रतिबंधों में ढील देगा और होर्मुज जलमार्ग को खोल देगा। इसके अलावा, दोनों पक्षों को पूरी तरह समझौता करने के लिए 60 दिन का समय दिया जाएगा। ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी इरना ने सोमवार को राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन की टिप्पणी प्रकाशित की, जिसमें उन्होंने अंतरिम समझौते की तारीफ करते हुए इसे ईरानी लोगों के लिए बड़ी जीत बताया था।

यह भी पढ़ें: होर्मुज संकट पर समाधान की कोशिश, अमेरिका-ईरान ने रोकी सैन्य गतिविधियां

अमेरिका और ईरान ने आपसी तनाव कम करने पर सहमति बना ली है। एक वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी के अनुसार, दोनों देशों के प्रतिनिधि मंगलवार को कतर की राजधानी दोहा में मिलेंगे। यहां दोनों अधिकारियों के बीच होर्मुज जलमार्ग से जुड़े विवाद पर बातचीत होगी। खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें

(भाषा के इनपुट के साथ)