बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप ने गुरुवार को यह भी कहा कि उन्होंने सीमा के जवानों को जरूरत पड़ने पर बल का प्रयोग करने का भी आदेश दिया है। अमेरिका ने सोमवार को एक व्यस्त क्रॉसिंग को बंद करके नए बैरियर लगा दिए। मध्य अमेरिका से 4,000 किमी की यात्रा करके हजारों प्रवासी सीमा पर ठहरे हुए हैं।
20 नवंबर को ही ट्रंप ने एक बयान जारी कर कहा था किसी हिंसापूर्ण स्थिति में प्रवासियों से सीमावर्ती कर्मियों की रक्षा के लिए मेक्सिको से जुड़ी दक्षिण-पश्चिम सीमा पर अमेरिकी सैनिकों को नए अधिकार दे सकते हैं। वर्तमान में सैनिकों के पास ऐसा कोई अधिकार नहीं है जो सीमा शुल्क और सीमा सुरक्षा (सीबीपी) के कर्मियों पर हमला करने की स्थिति में हस्तक्षेप की इजाजत देता हो। वे केवल आत्मरक्षा के लिए कोई उपाय उठा सकते हैं। अधिकारियों ने ‘सीएनएन’ को सोमवार को बताया कि उन्हें संघीय संपत्ति की सुरक्षा की भी अनुमति का अधिकार मिलेगा। करीब 5,800 से लेकर 5,900 सैनिकों को सीमावर्ती मिशन के लिए भेजा जाएगा।