अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को ईरान को नए हमलों की धमकी देते हुए पूछा कि क्या हम इसे पूरा करेंगे या वे दस्तावेज़ पर हस्ताक्षर करेंगे? इससे पहले मंगलवार को भी अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा था कि वह इस हफ्ते ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई फिर से शुरू करने के करीब पहुंच गए थे।

डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, “सब कुछ खत्म हो गया है। उनकी नौसेना खत्म हो गई है। उनकी वायुसेना खत्म हो गई है। लगभग सब कुछ। अब बस यही सवाल है कि क्या हम जाकर इसे पूरा करेंगे? क्या वे किसी दस्तावेज पर हस्ताक्षर करेंगे? देखते हैं आगे क्या होता है?” ट्रंप ने बुधवार को पत्रकारों से कहा कि उन्हें ईरान के साथ संघर्ष को समाप्त करने की कोई जल्दी नहीं है। उन्होंने कहा कि मिशन के उद्देश्यों को प्राप्त करना इसके समापन के लिए समयसीमा निर्धारित करने से अधिक महत्वपूर्ण है।

ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ने असल में ईरान पर कब्जा कर लिया

जब उनसे पूछा गया कि क्या तेहरान के साथ समझौता करने में उम्मीद से ज्यादा समय लगा है तो ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ने असल में ईरान पर कब्जा कर लिया है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने आगे कहा, “मैं तीन महीने के लिए यहां हूं और इसमें से अधिकांश समय युद्धविराम रहा है, हम इसे एक मौका देने जा रहे हैं। मुझे कोई जल्दी नहीं है।”

वहीं, अल जज़ीरा की रिपोर्ट के अनुसार, ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बगाई ने बुधवार को कहा कि वाशिंगटन और तेहरान के बीच वार्ता पाकिस्तानी मध्यस्थों के माध्यम से जारी है। बगाई ने कहा, “मूल रूप से, हम जो चाहते हैं वह कोई मांग नहीं बल्कि हमारे अधिकार हैं।” न्यूज एजेंसी रॉयटर्स की खबर के अनुसार, ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि तेहरान के 14 सूत्री प्रस्ताव के आधार पर अमेरिका के साथ संदेशों का आदान-प्रदान जारी है।

इससे पहले मंगलवार को व्हाइट हाउस में बोलते हुए ट्रंप ने कहा था, “मैं आज ही बमबारी का फैसला लेने से बस एक घंटा दूर था।” उन्होंने सोमवार को भी इसी तरह की टिप्पणी की थी। ट्रंप ने आगे कहा था कि ईरान के नेता युद्धविराम समझौते के लिए विनती कर रहे हैं लेकिन अगर आने वाले दिनों में युद्धविराम नहीं हुआ तो अमेरिका फिर से हमला कर सकता है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, “मेरा मतलब है मैं दो या तीन दिन कह रहा हूं, शायद शुक्रवार, शनिवार, रविवार। शायद अगले सप्ताह की शुरुआत में, एक सीमित अवधि के लिए क्योंकि हम उन्हें नया परमाणु हथियार हासिल नहीं करने दे सकते।”

ईरान की चेतावनी

ईरान ने बार-बार चेतावनी दी है कि अगर पश्चिम एशिया में अमेरिकी सैन्य अड्डों की मेजबानी करने वाले देशों पर फिर से हमला हुआ तो वह जवाबी कार्रवाई करेगा। बुधवार को ईरानी सरकारी मीडिया द्वारा जारी एक बयान में रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने कहा, “अगर ईरान के खिलाफ आक्रामकता दोहराई जाती है, तो इस बार वादा किया गया क्षेत्रीय युद्ध इस क्षेत्र से बाहर तक फैल जाएगा।”

ट्रंप बोले- इजरायल में मेरी लोकप्रियता 99%

डोनाल्ड ट्रंप ने इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बारे में कहा, “नेतन्याहू वही करेंगे जो मैं उनसे करवाना चाहता हूं। वह बहुत अच्छे इंसान हैं। वह वही करेंगे जो मैं उनसे करवाना चाहता हूं। मेरी राय में, इजरायल में उनके साथ सही व्यवहार नहीं किया जाता। इस समय इजरायल में मेरी लोकप्रियता 99% है। मैं प्रधानमंत्री पद के लिए चुनाव लड़ सकता हूं।” पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें