अमेरिकी मिड टर्म इलेक्शन में रिपब्लिकन पार्टी के पिछड़ते ही डोनाल्ड ट्रंप ने हार स्वीकार कर ली है। उन्होंने ट्रूथ सोशल पर एक पोस्ट कर कहा कि वो बैलेट पर नहीं थे। अगर वो बैलेट पर होते तो रिपब्लिकन पार्टी बड़ी जीत दर्ज करती।
इससे पहले न्यूयॉर्क टाइम्स से बात करते हुए उन्होंने कहा कि वह मिड टर्म इलेक्शन के नतीजों को स्वीकार करने के लिए तैयार हैं। डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा, “हम डेमोक्रेट्स के साथ मिलकर काम करेंगे, और हम उनके साथ काम करने के लिए उत्सुक हैं। हम शायद कोई न कोई रास्ता निकाल ही लेंगे।” अमेरिकी मिड टर्म चुनावों के परिणाम जानने के लिए क्लिक करें।
भारतीय मूल के सुहास सुब्रमण्यम और पिया डांडिया जीते
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा के सलाहकार रह चुके सुहास सुब्रमण्यम वर्जीनिया में एक बार फिर चुनाव जीत गए हैं। वह अमेरिकी सरकार में नीतिगत सलाहकार के रूप में भी काम कर चुके है।
सुहास के अलावा भारतीय मूल की अमेरिकी नागरिक पिया डांडिया ने भी फ्लोरिडा में जीत दर्ज की है। उन्होंने पूर्व नौसैनिक केसी असकार को पराजित किया। हाई-स्कूल की प्रधानाचार्य रह चुकीं डांडिया अमेरिकी कांग्रेस की सबसे नई भारतीय मूल की सदस्य बन गईं।
अमेरिकियों ने किन मुद्दों पर किया वोट?
डेट्रॉइट के लिए काम करने वाली 34 वर्षीय डेटा एनालिस्ट ब्रिटानी हैमलिन ने न्यूज एजेंसी रॉयटर्स से कहा कि खर्चों का बढ़ते बोझ, खासकर स्वास्थ्य सेवा और दवाओं की बढ़ती कीमतों को ध्यान में रखकर उन्होंने वोट डाला।
शिकागो के एक पब्लिक स्कूल के शिक्षक रयान ब्राउन ने डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन की इमिग्रेशन नीतियों को लागू करने के तरीके पर बात की। 29 वर्षीय ब्राउन ने बताया कि इसकी वजह से उनके कुछ छात्र काम या स्कूल जाने से डरने लगे थे। ब्राउन ने कहा, “मेरे एक छात्र को 48 घंटे से भी कम समय में मेक्सिको डिपोर्ट कर दिया गया।”
टेक्सास के फोर्ट वर्थ में वोटर्स ने इमिग्रेशन को बड़ा मुद्दा बताया। 40 वर्षीय मारिया सेर्डा ने बताया कि उनके कई सहकर्मियों को हिरासत में ले लिया गया, देश से निकाल दिया गया और उनके परिवारों से अलग कर दिया गया। इसके अलावा उन्होंने कहा कि किराने के सामान और पेट्रोल की बढ़ती कीमतें भी लोगों पर बोझ डाल रही हैं।
यह भी पढ़ें: अमेरिकी मिडटर्म चुनाव परिणाम से भारत के लिए क्या कुछ बदलेगा?
