Donald Trump on EU Tariff: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने टैरिफ को लेकर यूरोपियन यूनियन के खिलाफ गुस्सा जाहिर किया है और आरोप लगाया है कि ईयू समझौते का पालन नहीं कर रहा हैं। ट्रंप ने कहा कि अगले हफ्ते से अमेरिका ईयू की कार-निर्माता 25 फीसदी का टैरिफ लगाएगा। ट्रंप ने एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कहा कि अमेरिका अब टैरिफ बढ़ाने वाला है।

दरअसल, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को कहा कि वह अगले सप्ताह यूरोपीय संघ (ईयू) से आयातित कारों एवं ट्रकों पर शुल्क बढ़ाकर 25 प्रतिशत कर देंगे। इस कदम से वैश्विक अर्थव्यवस्था पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।

ट्रंप ने ईयू पर क्या आरोप लगाया

ट्रंप ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि यूरोपीय संघ ‘हमारे सहमत व्यापार समझौते का पालन नहीं कर रहा है। हालांकि उन्होंने अपने आरोपों का विस्तार से विवरण नहीं दिया। ट्रंप ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा,”मुझे यह ऐलान करते हुए खुशी हो रही है कि यूरोपीय यूनियन हमारे व्यापार समझौते का सही से पालन नहीं कर रहा है, इसलिए अगले सप्ताह मैं अमेरिका में आने वाली मेड इन यूरोपियन कारों और ट्रकों पर यूरोपियन यूनियन से लिए जाने वाला टैरिफ बढ़ाने जा रहा हूं।”

जुलाई 2025 में हुआ था समझौता

ट्रंप ने कहा कि अब बहुत हुआ। सबको अपने-अपने हिस्से की जिम्मेदारी उठानी ही होगी। बता दें कि अमेरिकी राष्ट्रपति और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला फॉन डेर लेएन के बीच पिछले साल जुलाई में एक व्यापार समझौता हुआ था, जिसके तहत अधिकांश वस्तुओं पर 15 प्रतिशत शुल्क की सीमा तय की गई थी।

यह शुल्क ढांचा ‘टर्नबेरी समझौता’ के नाम से जाना जाता है जिसका नाम स्कॉटलैंड में ट्रंप के गोल्फ कोर्स पर रखा गया था। दोनों पक्षों ने पहले इस समझौते को बनाए रखने की प्रतिबद्धता जताई थी।

अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने ट्रंप के टैरिफ को दिया था झटका

इन सबके बीच इस वर्ष अमेरिकी उच्चतम न्यायालय के एक फैसले के बाद इस समझौते को लेकर अनिश्चितता पैदा हो गई। शीर्ष अदालत ने कहा था कि ट्रंप के पास आर्थिक आपातकाल घोषित कर यूरोपीय संघ के उत्पादों पर शुल्क लगाने का कानूनी अधिकार नहीं है। इस फैसले के बाद शुल्क सीमा प्रभावी रूप से 10 प्रतिशत तक सीमित हो गई।

हालांकि ट्रंप प्रशासन व्यापार असंतुलन और राष्ट्रीय सुरक्षा जोखिमों की जांच कर रहा है, ताकि नया शुल्क ढांचा लागू किया जा सके। इसकी वजह से यूरोपीय संघ के साथ समझौते के उल्लंघन का खतरा पैदा हो सकता है।

यूरोपियन यूनियन ने क्या कहा?

यूरोपीय संघ का कहना है कि इस द्विपक्षीय समझौते से यूरोपीय वाहन विनिर्माताओं को हर महीने 50 से 60 करोड़ यूरो की बचत हो सकती थी। आंकड़ों के अनुसार, 2024 में अमेरिका और यूरोपीय संघ के बीच वस्तुओं एवं सेवाओं का व्यापार 1.7 लाख करोड़ यूरो रहा, जो औसतन प्रतिदिन 4.6 अरब यूरो के बराबर है।

यूरोपीय आयोग ने फरवरी में कहा था कि अमेरिका को समझौते के तहत अपनी प्रतिबद्धताओं का पालन करना चाहिए और शुल्क सीमा से अधिक बढ़ोतरी नहीं करनी चाहिए।

यह भी पढ़ें: ट्रंप को दिया पीएम शहबाज शरीफ ने झटका? पाकिस्तान ने ईरान के लिए खोल दिए 6 कारोबारी रास्ते

अमेरिका और ईरान के बीच मध्यस्थता करने वाले पाकिस्तान पर दोहरा व्यवहार करने का आरोप लगा है। पाकिस्तान पर यह आरोप अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा विशेषज्ञ डेरेक जे ग्रॉसमैन ने लगाया है। ग्रॉसमैन ने कहा है कि पाकिस्तान ने ईरान के लिए 6 नए जमीनी व्यापार रास्ते खोल दिए हैं। यह रास्ते रूस, चीन और अन्य देशों के साथ व्यापार करने के लिए खोले गए हैं। पढ़िए पूरी खबरें…