Iran-USA Ceasefire: ईरान-इजरायल और अमेरिका के बीच युद्ध में 2 हफ्ते का सीजफायर हुआ है और कुछ ही घंटों में इस्लामाबाद में अमेरिकी और ईरानी प्रतिनिधिमंडलों की बैठक होने वाली है। इस बैठक में अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस भी शामिल होंगें। इस बातचीत से पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अगर पाकिस्तान में बातचीत विफल रहती है तो ईरान पर हमला करने के लिए अमेरिकी युद्धपोतों को हथियारों से लैस किया जा रहा है।

दरअसल, ईरान से होने वाली शांति वार्ता से पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को ही चेतावनी दे दी है। उन्होंने न्यूयॉर्क पोस्ट से खास बातचीत में कहा, “अगर पाकिस्तान में शांति वार्ता नाकाम रहती है, तो ईरान पर फिर से हमले शुरू करने के लिए अमेरिकी जंगी जहाजों में सबसे बेहतरीन गोला-बारूद फिर से भरा जा रहा है। हम युद्ध फिर से भी शुरू कर सकते हैं।”

जेडी वेंस के रवाना होने के बाद कही बड़ी बात

अहम बात यह है कि डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर हमले की यह बात तब कही जब उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ‘एयर फ़ोर्स टू’ में सवार होकर इस्लामाबाद के लिए रवाना हुए थे। इस्लामाबाद में उनके साथ विशेष दूत स्टीव विटकॉफ़ और ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर भी शामिल होंगे।

बता दें कि मंगलवार को दो हफ़्ते के संघर्ष-विराम पर सहमति बनने के बाद अब अंतिम शांति समझौते पर बातचीत किए लिए अमेरिका और ईरान का प्रतिनिधिमंडल पाकिस्तान में बातचीत करने वाला है। ट्रंप से जब पूछा गया कि पाकिस्तान में क्या बातचीत सफल होगी? तो इस पर उन्होंने कहा कि हमें लगभग 24 घंटों में पता चल जाएगा. हमें जल्द ही पता चल जाएगा।

ईरानियों के पास नहीं कोई विकल्प

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, “ईरानियों को लगता नहीं कि उन्हें यह एहसास है कि उनके पास कोई खास विकल्प नहीं है, सिवाय अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों का उपयोग करके दुनिया से अल्पकालिक दबाव बनाने के। आज वे सिर्फ इसलिए मौजूद हैं क्योंकि उन्हें बातचीत करनी है!”

ईरान को फिर दिया ट्रंप ने अल्टीमेटम

बता दें कि इससे पहले ट्रंप ने एक अन्य न्यूज एजेंसी को दिए इंटरव्यू में कहा था कि 24 घंटे बाद, हमें पता चल जाएगा कि ईरान के साथ बातचीत के सफल होने की कितनी संभावना है। उन्होंने कहा, “ईरानी हमसे कहते हैं कि वे परमाणु हथियार खत्म कर देंगे, और फिर मीडिया से कहते हैं कि वे यूरेनियम को एनरिच करेंगे। हम ईरानियों के साथ डील कर रहे हैं। हमें नहीं पता कि वे ईमानदार हैं या नहीं।”

ट्रंप ने कहा था कि अगर ईरान के साथ हमारा कोई समझौता नहीं हो पाता है, तो हम अपने सबसे बड़े और सबसे शक्तिशाली हथियारों का इस्तेमाल करेंगे। अगर ईरान के साथ बातचीत नाकाम हो जाती है, तो जंगी जहाजों को गोला-बारूद मुहैया कराना और युद्ध फिर से शुरू करना।

शांति वार्ता के बीच पाकिस्तान के रक्षा मंत्री के बयान की इजरायल ने की कड़ी निंदा

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ के बयान पर तीखी नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि इजरायल को ‘इंसानियत के लिए अभिशाप’ या ‘कैंसर जैसा देश’ कहना बिल्कुल गलत और आपत्तिजनक है। शुक्रवार को दिए गए अपने बयान में नेतन्याहू ने साफ कहा कि किसी भी देश को इजरायल को खत्म करने जैसी बात नहीं करनी चाहिए, खासकर तब जब वही देश खुद को शांति वार्ता में निष्पक्ष बताता हो। पढ़ें पूरी खबर।