Kim Jong Un News: किम जोंग उन ने अपनी टीनएज बेटी के साथ मिलकर कई रॉकेट लॉन्च सिस्टम के लाइव-फायर टेस्ट की निगरानी की। सरकारी मीडिया ने रविवार को यह जानकारी दी। इसे अमेरिका और दक्षिण कोरिया के जारी सैन्य प्रशिक्षण के संभावित जवाब के रूप में देखा जा रहा है। उत्तर कोरिया ने अमेरिका और दक्षिण कोरिया के संयुक्त सैन्य अभ्यासों का जवाब देने की हाल में धमकी दी थी।

अमेरिका और दक्षिण कोरिया के बीच ‘फ्रीडम शील्ड’ सैन्य अभ्यास जारी है। दोनों देश के संयुक्त सैन्य अभ्यासों को उत्तर कोरिया अपने ऊपर आक्रमण की तैयारी बताता रहा है। नॉर्थ कोरिया की सरकारी न्यूज़ एजेंसी, कोरियन सेंट्रल न्यूज़ एजेंसी (KCNA) ने बताया कि किम ने शनिवार को देश के पूर्वी तट के पास इस अभ्यास को देखा। इस टेस्ट में बारह 600mm रॉकेट लॉन्चर शामिल थे, जिन्होंने समुद्र की ओर गोले दागे।

दक्षिण कोरिया ने बताया उकसावे वाली कार्रवाई

साउथ कोरिया की सेना ने बताया कि उन्होंने नॉर्थ की राजधानी वाले इलाके से पूर्वी समुद्री क्षेत्र की ओर दागी गईं लगभग 10 बैलिस्टिक मिसाइलों का पता लगाया। साउथ कोरिया की राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद ने इन लॉन्च को एक उकसावे वाली कार्रवाई बताया और कहा कि ये संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के उन प्रस्तावों का उल्लंघन हैं, जो नॉर्थ कोरिया द्वारा बैलिस्टिक मिसाइल गतिविधियों पर रोक लगाते हैं।

केसीएनए ने किम के हवाले से कहा कि यह अभ्यास 420 किलोमीटर (260 मील) की मारक क्षमता के अंदर आने वाले दुश्मनों को बेचैन कर देगा। इतना ही नहीं किम ने कहा, “उन्हें सामरिक (टैक्टिकल) परमाणु हथियार की विनाशकारी ताकत का गहरा एहसास कराएगा।” उनका इशारा संभवतः दक्षिण कोरिया और दक्षिण कोरिया में तैनात अमेरिकी सैनिकों की ओर था।

किम जोंग उन के साथ नजर आईं उनकी बेटी

सरकारी मीडिया द्वारा जारी तस्वीरों में किम को बड़े लॉन्च ट्रकों के पास खड़े होकर रॉकेटों को दागे जाते हुए देखते हुए दिखाया गया है। उनकी बेटी, किम जू ए, उनके बगल में चलते हुए और परीक्षण का अवलोकन करते हुए दिखाई दीं। ऐसा बताया जाता है कि किम जोंग उन की बेटी किम जू ऐ की उम्र लगभग 13 साल है और 2022 के आखिर से, वह अपने पिता के साथ कई मिसाइल परीक्षणों, सैन्य परेडों और अन्य सार्वजनिक कार्यक्रमों में दिखाई दी हैं। दक्षिण कोरिया की जासूसी एजेंसी ने पिछले महीने अनुमान लगाया था कि किम जोंग उन अपनी बेटी को अपना उत्तराधिकारी नामित करने वाले हैं।

किम जोंग उन की साउथ कोरिया को परमाणु धमकी

उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन (Kim Jong Un) ने दावा किया है कि अगर उनके देश की सुरक्षा को खतरा हुआ तो परमाणु हथियारों से लैस उनका देश दक्षिण कोरिया को ‘पूरी तरह नष्ट’ कर सकता है। सरकारी मीडिया के अनुसार, उन्होंने सियोल के साथ बातचीत करने से एक बार फिर इनकार कर दिया। सरकारी मीडिया एजेंससी ने गुरुवार (26 फरवरी 2026) को यह जानकारी दी। पढ़ें पूरी खबर…