चीन के जिनजियांग शहर में गुरुवार को एक जूतों की फैक्ट्री में भीषण आग लग गई है। इस घटना में 28 लोगों की मौत हो गई है। स्थानीय अधिकारियों ने जानकारी देते हुए कहा कि इस दौरान करीब 200 लोगों को बचाया गया है।
इस घटना के वीडियो में बिल्डिंग और उसके आसपास की आग की लपटें उठती दिख रही है। बताया जा रहा कि यह आग दोपहर 12 बजे के करीब लगी है।
दोपहर में लगी आग
चीन के इमरजेंसी मैनेजमेंट मिनिस्ट्री ने आग लगने के बाद बचाव और राहत कार्यों के लिए बचाव टीम को पूर्वी चीन के फुजियान प्रांत के जिनजियांग शहर भेज दिए हैं। मंत्रालय ने बताया कि आग दोपहर करीब 12 बजे लगी।
दोपहर में सरकारी मीडिया की ओर जारी किए गए वीडियो में इमारत से भीषण लपटें निकलती दिखाई दे रही थीं और आसमान में घना काला धुआं उठ रहा था। कुछ लोग आग में फंसे हुए दिख रहे थे और वे धुएं से घिरे छत पर दिखाई दे रहे थे।
चीनी राष्ट्रपति ने दिए निर्देश
सरकारी समाचार एजेंसी ‘शिन्हुआ’ के मुताबिक, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने अधिकारियों को तलाश व बचाव अभियानों में हरसंभव प्रयास करने, घटना का कारण पता लगाने और जवाबदेही तय करने का निर्देश दे दिया है।
स्थानीय अग्निशमन अधिकारी ने सरकारी प्रसारक सीसीटीवी को बताया कि आग बुझाने और बचाव कार्य जारी था, हालांकि शाम लगभग 4 बजे (8:00 जीएमटी) तक आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया था। शिन्हुआ के अनुसार, घटनास्थल से घना धुआं उठता देखा जा सकता था और गुरुवार शाम तक कई दमकल गाड़ियां पानी का छिड़काव करती रहीं।
इस भीषण आग पर प्रतिक्रिया देते हुए, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने बचाव अभियान चलाने के निर्देश जारी दिए और कहा कि आग से काफी जानमाल का नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि यह घटना हाल के महीनों में देश में प्रोडक्शन यूनिट्स में हुई कई दुर्घटनाओं के बाद हुई है। चीनी राष्ट्रपति ने अधिकारियों से घटना के दोषियों को कड़ी सजा देने को भी कहा।
200 से अधिक लोग थे घटना के समय मौजूद
एक स्थानीय न्यूज आउटलेट के मुताबिक, जिनजियांग शहर के चेनदाई टाउन के जियांगटौ गांव में हुईटेंग फुटवियर कंपनी लिमिटेड की फैक्ट्री बिल्डिंग में आग लग गई। अब तक 28 लोगों की मौत हो चुकी है। घटना के समय, साइट पर 237 वर्कर और बाहर से 2 डिलीवरी वाले लोग मौजूद थे। राहत और बचाव का कार्य जारी है।
शिन्हुआ के अनुसार, अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि आग पहले फैक्ट्री के भूतल पर लगी इसके बाद ऊपर फैली। अधिकारी ने यह भी कहा कि बिल्डिंग में रखे जूते बनाने के सामान अत्यधिक ज्वलनशील थे और आग को तेजी से फैलने का कारण बन सकते थे। साथ ही अधिकारियों ने कंपनी पर कार्रवाई भी की है। कंपनी के प्रभारी लोगों और अन्य संबंधित कर्मियों को हिरासत में ले लिया गया है और कंपनी के बैंक खातों को फ्रीज कर दिया गया है।
यह भी पढ़ें: चीनी पावर कंपनियों के लिए मोदी सरकार ने फिर क्यों खोले दरवाजे?
भारत सरकार ने देश में फैक्ट्री चलाने वाली चार चीनी पावर इक्विपमेंट बनाने वाली कंपनियों को पावर प्रोजेक्ट्स के लिए सरकारी टेंडर में हिस्सा लेने की मंजूरी दे दी है। चीनी कंपनियों पर रोक 2020 में लाइन ऑफ एक्चुअल कंट्रोल (LaC) पर भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच हिंसक झड़प के बाद लगाई गई थीं। जिन चार कंपनियों को मंजूरी दी गई है, उनमें TBEA एनर्जी, नानजिंग इलेक्ट्रिक इंडिया, न्यू नॉर्थईस्ट इलेक्ट्रिक इंडिया और ताइकाई इलेक्ट्रिक (इंडिया) शामिल है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
