China Covid Policy: चीन (China) की सख्त कोविड-19 प्रतिबंध के खिलाफ रविवार (27 नवंबर, 2022) से चीन के सबसे बड़े शहर शंघाई (Shanghai) में तेज विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया। सोशल मीडिया पर कई ऐसे वीडियो सामने आए हैं, जिनमें लोग सरकार की जीरो कोविड नीति के खिलाफ नाराजगी जता रहे हैं और चीनी सरकार द्वारा लगाए गए प्रतिबंधों के खिलाफ लोगों ने Down Xi के नारे लगाए।
शनिवार को चीन में कोरोना महामारी संबंधित प्रतिबंधों में ढील देने के लिए बड़ी संख्या में चीनी नागरिक सड़कों पर उतरे। विरोध का सबसे अधिक शंघाई शहर में देखा गया। डीडब्ल्यू न्यूज ईस्ट एशिया के संवाददाता विलियम यांग द्वारा ट्विटर पर पोस्ट किए गए एक वीडियो के अनुसार, उरुमकी रोड पर लोगों ने शी जिनपिंग की अगुवाई वाली चीनी कम्युनिस्ट पार्टी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने ‘कम्युनिस्ट पार्टी हटाओ’ और ‘कम्युनिस्ट पार्टी, पद छोड़ो’ के नारे लगाए। लोगों का गुस्सा चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग पर भी फूटा। ‘शी जिनपिंग, पद छोड़ो’ के नारे भी लोगों के द्वारा लगाए गए।
शंघाई में विरोध प्रदर्शन के एक ट्वीट में विलियम यांग ने कहा कि अनगिनत लोग उरुमकी रोड पर एकत्र हुए और नारे लगाए, ‘मुझे पीसीआर टेस्ट नहीं चाहिए, मुझे आजादी चाहिए।’ यांग ने लिखा, ‘उरुमकी रोड’ पर लोगों ने शिनजियांग में भी लॉकडाउन खत्म करने का आह्वान किया।’ यांग ने कहा कि शंघाई में विरोध प्रदर्शन कर रहे लोगों और पुलिस के बीच हाथापाई भी हुई। पुलिस ने विरोध प्रदर्शन कर रहे लोगों को अंत में घेर लिया और कुछ महिलाओं को कथित तौर पर गिरफ्तार भी किया गया।
शुक्रवार को चीन के शहर उरुमकी में एक इमारत में आग लग गई थी, जिसमें 10 लोगों की मौत हो गई थी। इस इमारत में कई लोगों को जीरो कोविड नीति के तहत क्वारंटाइन में रखा गया था। इस घटना के बाद से ही लोगों का सरकार के प्रति गुस्सा भड़क गया और लोग सरकार की जीरो कोविड नीति के खिलाफ सड़कों पर उतर आए। बता दें, चीनी सरकार कोरोना महामारी के प्रसार को रोकने के लिए सख्त कोविड 19 नीति का पालन कर रही है। सरकार द्वारा महामारी को रोकने के लिए बनाए गए नियमों में सख्त लॉकडाउन, यात्रा पर प्रतिबंध, सामूहिक परीक्षण आदि शामिल है।