India Budget 2023: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण (Nirmala Sitharaman) ने बुधवार (1 फरवरी) को साल 2023-24 का बजट पेश किया। यह मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल का आखिरी पूर्ण बजट रहा। बजट के बाद देश के तमाम बड़े नेताओं और राजनीतिज्ञों ने अपनी प्रतिक्रियाएं दीं। इन सबके बीच तालिबान सरकार को भी भारत का बजट (Budget 2023) पसंद आया है। अफगानिस्तान की तालिबान सरकार ने बजट की प्रशंसा करते हुए कहा कि इससे दोनों देशों के संबंध सुधरेंगे।
तालिबान को भी भाया भारत का Budget 2023
खामा प्रेस के मुताबिक, तालिबान ने गुरुवार को भारत के केंद्रीय बजट 2023-2024 का स्वागत किया और कहा कि अफगानिस्तान के लिए भारत द्वारा की गई सहायता की घोषणा से दोनों देशों के बीच संबंधों को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। तालिबान की यह टिप्पणी वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा केंद्रीय बजट में अफगानिस्तान के लिए 2.5 करोड़ डॉलर के विकास सहायता पैकेज के प्रस्ताव के बाद आई है।
Taliban ने कहा सुधरेंगे दोनों देशों के संबंध
भारत ने बजट 2023 में अफगानिस्तान को विकास सहायता के रूप में 200 करोड़ रुपये देने का वादा किया है। तालिबान द्वारा अफगानिस्तान पर नियंत्रण हासिल करने के बाद यह भारत ने यह दूसरे साल तालिबानी सरकार को समर्थन दिया है। खामा प्रेस के मुताबिक, यह घोषणा पिछले साल के बजट में भी की गई थी। भारत के बजट का स्वागत करते हुए तालिबान की पूर्व नेगोशिएशन टीम के सदस्य सुहैल शाहीन ने कहा, “हम अफगानिस्तान के विकास के लिए भारत के समर्थन की सराहना करते हैं। यह दोनों देशों के बीच संबंधों और विश्वास को बेहतर बनाने में मदद करेगा।”
India- Afghanistan संबंध
दरअसल, अगस्त 2021 में तालिबान के काबुल की सत्ता पर कब्जे के बाद अफगानिस्तान और भारत के बीच संबंध तनावपूर्ण हो गए और भारत द्वारा अफगानिस्तान को दी जाने वाली अधिकांश सहायता रुक गईं। इस बारे में सुहैल शाहीन ने कहा, “अफगानिस्तान में ऐसी कई परियोजनाएं थीं जिन्हें भारत फंडिंग कर रहा था। अगर भारत इन परियोजनाओं पर काम फिर से शुरू करता है तो इससे दोनों देशों के बीच संबंधों को बढ़ावा मिलेगा और अविश्वास खत्म होगा।”
गौरतलब है कि भारत पिछले दो सालों से इन्फ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं, मानवीय सहायता, शिक्षा संबंधी कई सेक्टर्स में अफगानिस्तान की मदद कर रहा है। इसके साथ ही कोरोना काल में भारत वैक्सीन और गेहूं सहित कई जरूरी सामान भी काबुल भेज चुका है।