ब्रिटेन में इन दिनों राजनीतिक उथल-पुथल मची हुई है। इसी बीच ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टारमर ने पद छोड़ने के संकेत दे दिए हैं। खबर है कि पीएम कीर स्टारमर ने कथित तौर पर अपने करीबी लोगों से कहा है कि वह प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देने को तैयार हैं।
कैबिनेट के एक सदस्य के हवाले से डेली मेल यूके ने बताया कि कीर स्टारमर प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देने को तैयार हैं लेकिन वे अपनी शर्तों पर ऐसा करेंगे। उन्हें एहसास हो चुका है कि मौजूदा हालात बर्दाश्त के बाहर हैं। वह बस इसे गरिमापूर्ण तरीके से और अपनी इच्छानुसार करना चाहते हैं। वह इसके लिए एक समय तय करेंगे।
कीर सरकार के खिलाफ लोग
कीर स्टारमर प्रशासन के प्रति वोटरों में असंतोष बढ़ रहा है। इसका नतीजा पीटर मैंडेलसन की नियुक्ति और बाल यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन से उनके संबंधों को लेकर उठे विवाद से लेकर स्थानीय चुनावों में लेबर पार्टी के खराब प्रदर्शन देखने को मिला। इसके बाद कीर स्टारमर के इस्तीफे की मांग तेज हो गई है।
स्वास्थ्य सचिव ने दिया इस्तीफा
ब्रिटिश सरकार को हाल में झटका तब लगा जब कीर मंत्रिमंडल में स्वास्थ्य सचिव रहे वेस स्ट्रीटिंग ने इस्तीफा दे दिया। शनिवार को वेस स्ट्रीटिंग ने कहा, वह भविष्य में लेबर पार्टी के नेतृत्व के किसी भी चुनाव में कीर स्टारमर को चुनौती देंगे और इस तरह उन्होंने प्रधानमंत्री पद के लिए अपनी दावेदारी ठोक दी। अपने भाषण के दौरान वेस स्ट्रीटिंग ने पीएम कीर स्टारमर से इस्तीफे के लिए एक समय तय करने को भी कहा।
कीर की रेटिंग भी गिरी
इन सभी राजनीतिक उठा-पटक के बीच कीर स्टारमर की लोकप्रियता रेटिंग में भारी गिरावट देखने को मिली है। यूगोव यूके सर्वे के मुताबिक, करीब 69 प्रतिशत ब्रिटिश नागरिकों की राय कीर स्टारमर के विरोध में है। वर्तमान में कीर स्टारमर अब तक के सबसे कम लोकप्रिय प्रधानमंत्री हैं। कई लोग उनकी तुलना लिज ट्रस से कर रहे है, लिज ट्रस महज 49 दिन ही सरकार चला पाई थीं।
पार्टी भी साथ नहीं
इसके अलावा, कीर स्टारमर की अपनी पार्टी भी उनके नेतृत्व पर सवाल उठा रही है। कई लेबर पार्टी के सांसदों को डर है कि अगर कीर स्टारमर की अलोकप्रियता ऐसी ही रही तो भविष्य में पार्टी सरकार नहीं बना सकेगी।
यह भी पढ़ें: ईरान युद्ध से दूर रहेगा ब्रिटेन, पीएम स्टार्मर ने होर्मुज खोलने के लिए बुलाई 35 देशों की मीटिंग
इजरायल-ईरान के बीच चल रहे युद्ध का एक महीना पूरा हो गया है। इसी बीच, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने बुधवार को दोहराया कि ब्रिटेन पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष में शामिल नहीं होगा। इतना ही नहीं उन्होंने जोर देकर कहा कि यह हमारा युद्ध नहीं है और इसमें शामिल होना हमारे राष्ट्रीय हित में नहीं है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
