लंदन में बुधवार को एक बड़ी खबर सामने आई। ब्रिटेन की लेबर पार्टी की सांसद जोआनी रीड (Joani Reid) के पति डेविड टेलर (David Taylor) को चीन के लिए जासूसी करने के शक में गिरफ्तार किया गया है। 39 साल के टेलर उन तीन लोगों में से एक हैं जिन्हें ब्रिटेन में चीन की खुफिया गतिविधियों से जुड़े संदेह में गिरफ्तार किया गया है। इस मामले से ब्रिटिश राजनीति में हलचल मची हुई है। सांसद और उनके परिवार ने खुद को इस मामले और जांच से अलग रखा है, लेकिन सवाल यह है कि टेलर की गिरफ्तारी का असर ब्रिटेन की राजनीतिक और सुरक्षा स्थिति पर कैसे पड़ेगा।

ब्रिटिश अखबार ‘The Guardian’ की रिपोर्ट के मुताबिक लंदन की मेट्रोपोलिटन पुलिस ने टेलर को राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (National Security Act) के तहत हिरासत में लिया है। बाकी दो गिरफ्तार लोग वेल्स के रहने वाले हैं। रिपोर्ट के मुताबिक इनमें से एक 43 वर्षीय मैथ्यू एप्लिन वेल्स के साउथ पांटिक्लन के रहने वाले हैं और लेबर पार्टी के पूर्व कम्युनिकेशन ऑफिसर रह चुके हैं। दूसरा गिरफ्तार 68 साल का है और पॉविस से है।

सांसद जोआनी रीड (Joani Reid) ने स्काई न्यूज को बताया कि उन्हें अपने पति पर किसी भी कानून तोड़ने का शक कभी नहीं था। उन्होंने साफ कहा, “मैं अपने पति के कामकाज में शामिल नहीं हूं और न ही मेरे बच्चे। हमें इस मामले में मीडिया द्वारा निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए।”

डेविड टेलर कौन हैं?

रिपोर्ट्स के मुताबिक टेलर अभी एशिया हाउस नामक थिंक-टैंक में एक वरिष्ठ पद पर काम कर रहे हैं, जो यूरोप और एशिया के बीच संवाद पर काम करता है। वेल्स में लेबर पार्टी के करीब होने के कारण उन्हें राजनीतिक पृष्ठभूमि भी अच्छी तरह से पता है। उन्होंने वेल्स के पूर्व सेक्रेटरी पीटर हेन के लिए विशेष सलाहकार के रूप में भी काम किया है। इसके अलावा टेलर ऊर्जा कंपनियों के लिए लॉबिस्ट के रूप में भी काम कर चुके हैं।

पुलिस ने टेलर के लंदन वाले घर समेत वेल्स में कुछ पते छान मारे, जहां से बाकी गिरफ्तारियां हुईं। ये कार्रवाई इस साल नवंबर में एमआई5 ( MI5) की उस चेतावनी के बाद हुई, जिसमें ब्रिटिश सांसदों को चीन की खुफिया गतिविधियों के बारे में सचेत किया गया था। चेतावनी में कहा गया था कि चीन के एजेंट ब्रिटिश नेताओं के संपर्क में रहकर जानकारी जुटा सकते हैं या राजनीति पर असर डाल सकते हैं। चीन ने इन आरोपों से साफ इंकार किया है।

ब्रिटेन के सुरक्षा मंत्री डैन जार्विस (Dan Jarvis) ने कहा कि ब्रिटेन चीन के अधिकारियों से इस मामले पर बातचीत कर रहा है। उन्होंने इसे “चीन से जुड़े गुप्त एजेंटों की बढ़ती गतिविधियों का पैटर्न” बताया और कहा कि ये ब्रिटेन की लोकतांत्रिक व्यवस्था को प्रभावित कर सकते हैं।

यह भी पढ़ें: ‘स्कूलों में पहले अमेरिका की बर्बादी के बारे सिखाया जाता है’, ईरानी अभिनेत्री बोलीं- मैं दमनकारी शासन में पैदा हुई

ईरान में इस समय हालात बहुत खराब हैं। अमेरिका और इजरायल वहां लगातार बमबारी कर रहे हैं। इस बीच मुंबई में मीडिया से बात करते हुए ईरान की अभिनेत्री एल्नाज़ नोरौज़ी ने कहा कि ईरान के स्कूलों में पहले बच्चों को अमेरिका की बर्बादी के बारे में सिखाया जाता है, फिर पढ़ाई शुरू होती है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक