अमेरिका के हवाई राज्य से लास वेगास जा रही Southwest Airlines की एक फ्लाइट को उड़ान भरने के करीब 90 मिनट बाद बीच रास्ते से वापस लौटना पड़ा। विमान ने प्रशांत महासागर के ऊपर उड़ान के दौरान अंतरराष्ट्रीय आपातकालीन संकेत (डिस्ट्रेस सिग्नल) जारी किया। इसके बाद उसे डैनियल के.इनोए अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा (Daniel K. Inouye International Airport) की ओर मोड़ दिया गया।

फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट FlightAware के अनुसार, साउथवेस्ट एयरलाइंस की फ्लाइट WN139 ने रविवार (अमेरिकी समयानुसार 5 जुलाई) रात करीब 8:40 बजे काहुलुई हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी। विमान को करीब साढ़े पांच घंटे बाद हैरी रीड इंटरनेशनल एयरपोर्ट (Harry Reid International Airport) पहुंचना था।

उड़ान के दौरान लगभग 32,500 फीट की ऊंचाई पर उड़ रहे Boeing 737 MAX 8 विमान का रास्ता बदलकर होनोलूलू भेज दिया गया। यह विमान सोमवार देर रात करीब 12 बजे से पहले सुरक्षित रूप से डेनियल के. इनोए अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतर गया।

साउथवेस्ट एयरलाइंस के बोइंग विमान ने भेजा आपातकालीन संकेत

साउथवेस्ट एयरलाइंस के विमान के चालक दल ने उड़ान के दौरान ‘7700’ आपातकालीन (डिस्ट्रेस) सिग्नल जारी किया। विमानन वेबसाइट Airlive.net के अनुसार, ‘7700’ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस्तेमाल किया जाने वाला ट्रांसपोंडर कोड है जो यह संकेत देता है कि विमान उड़ान के दौरान किसी इमरजेंसी का सामना कर रहा है।

जैसे ही 7700 सिग्नल जारी किया जाता है, जमीन पर मौजूद एयर ट्रैफिक कंट्रोल और संबंधित एजेंसियां तुरंत रनवे खाली कराती हैं और आपातकालीन सेवाओं को तैयार रहने का निर्देश देती हैं।

Airlive.net की रिपोर्ट के मुताबिक, इसी कारण डैनियल के.इनोए अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आपातकालीन सेवाओं को पहले से तैनात रखा गया था। हालांकि, इस घटना में किसी यात्री या चालक दल के सदस्य के घायल होने की कोई सूचना नहीं मिली।

साउथवेस्ट एयरलाइंस की फ्लाइट का रास्ता क्यों बदला गया?

अमेरिका की साउथवेस्ट एयरलाइंस ने बताया कि उसके Boeing 737 MAX 8 विमान को एक यात्री की तबीयत बिगड़ने के कारण होनोलूलू की ओर मोड़ना पड़ा। हालांकि, एयरलाइन ने इस घटना से जुड़ी अन्य जानकारी साझा नहीं की।

एयरलाइन के प्रवक्ता ने अमेरिकी समाचार संस्थानों से कहा कि इस आपात स्थिति के कारण प्रभावित यात्रियों को लास वेगास पहुंचाने के लिए होनोलूलू से एक अतिरिक्त उड़ान की व्यवस्था की गई। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि हवाई में अतिरिक्त विमान और चालक दल की व्यवस्था करने में कुछ समय लग सकता है।

People.com को दिए बयान में एयरलाइन ने बताया कि विमान को उसके मूल प्रस्थान स्थल काहुलुई लौटाने के बजाय होनोलूलू भेजा गया क्योंकि फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) के नियमों के अनुसार हवाई और अमेरिकी मुख्य भूमि (मेनलैंड) के बीच उड़ानों के लिए एक निर्धारित सीमा (डिमार्केशन पॉइंट) होती है। अगर इस सीमा के बाद उड़ान में कोई आपात स्थिति आती है तो विमान को परिस्थितियों के अनुसार या तो मेनलैं़ की ओर या फिर हवाई के किसी हवाई अड्डे की ओर मोड़ा जाता है।

हाल ही में हुए अन्य विमान हादसे

इसी सप्ताह डेल्टा एयर लाइंस की लॉस एंजिलिस जा रही एक बोइंग विमान को भी बीच उड़ान में इंजन से जुड़ी चेतावनी मिलने के बाद फ्रेंसो योसेमाइट इंटरनेशनल एयरपोर्टपर आपात लैंडिंग करनी पड़ी। यह विमान सैन फ्रांसिस्को से उड़ान भरकर लॉस एंजिलिस जा रहा था।

पाकिस्तान में भी एक बड़ा विमान हादसा सामने आया। Boeing 737 कार्गो विमान संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के शारजाह से कराची जा रहा था। उड़ान के दौरान विमान में नेविगेशन सिस्टम में खराबी आने की सूचना मिली जिसके बाद वह रडार से गायब हो गया।

करीब 12 घंटे तक चले खोज अभियान के बाद पाकिस्तान एयरपोर्ट्स अथॉररिटी (PAA) ने बताया कि पाकिस्तान नौसेना और समुद्री बचाव एजेंसी ने K2 एयरवेज के कार्गो बोइंग 737 का मलबा सफलतापूर्वक खोज लिया है। विमान का मलबा अरब सागर में ओरमारा के तट के पास मिला। विमान में सवार पांच चालक दल के सदस्य अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।