वाशिंगटन में आज गाजा पीस बोर्ड का उद्घाटन सत्र हुआ। यह महत्वपूर्ण बैठक आज यूएस इंस्टीट्यूट ऑफ पीस में हुई। इस बैठक में अमेरिका, पाकिस्तान के अलावा मिस्र, जॉर्डन, इंडोनेशिया, कतर, सऊदी अरब, तुर्की और संयुक्त अरब अमीरात देशों ने भाग लिया। इस दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि मैंने भारत और पाकिस्तान के युद्ध के दौरान दोनों देशों से कहा कि अगर वो इस मामले को नहीं सुलझाते हैं तो मैं उनके साथ कोई बिजनेस डील नहीं करूंगा।
बोर्ड ऑफ पीस कार्यक्रम में अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, “पाकिस्तानी प्रधानमंत्री ने हमारे चीफ ऑफ स्टाफ के सामने कहा कि राष्ट्रपति ट्रम्प ने भारत और हमारे बीच युद्ध रोककर 2 करोड़ लोगों की जान बचाई। वह युद्ध भयंकर रूप से चल रहा था। विमानों को मार गिराया जा रहा था। मैंने दोनों से फोन पर बात की और मैं उन्हें थोड़ा-बहुत जानता था। मैं प्रधानमंत्री मोदी को बहुत अच्छी तरह जानता था। मैंने उन्हें फोन किया और कहा कि अगर तुम दोनों इस मामले को नहीं सुलझाते हो तो मैं तुम्हारे साथ कोई व्यापारिक समझौता नहीं करूंगा और अचानक, हमने एक समझौता कर लिया।”
ट्रंप की भारत-पाक पर 200 प्रतिशत टैरिफ लगाने की धमकी
डोनाल्ड ट्रंप ने बताया, “मैंने कहा, अगर तुम लड़ते हो तो मैं दोनों देशों पर 200 प्रतिशत टैरिफ लगा दूंगा। दोनों ही लड़ना चाहते थे लेकिन जब पैसे की बात आई तो पैसा ही सब कुछ होता है। जब भारी नुकसान की बात आई तो उन्होंने कहा, मुझे लगता है कि हम लड़ना नहीं चाहते। 11 जेट विमान मार गिराए गए। बहुत महंगे जेट विमान।”
अमेरिका बोर्ड ऑफ पीस को 10 अरब डॉलर का योगदान देगा
बोर्ड ऑफ पीस कार्यक्रम में अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, “संयुक्त राज्य अमेरिका बोर्ड ऑफ पीस को 10 अरब डॉलर का योगदान देने जा रहा है। हम संयुक्त राष्ट्र के साथ बहुत करीब से काम करेंगे। हम उन्हें वापस पटरी पर लाएंगे। आठों युद्धों में से एक के बारे में मैंने उनसे कभी बात नहीं की जबकि मुझे उन सभी के बारे में उनसे बात करनी चाहिए थी। एक दिन मैं यहां नहीं रहूंगा। मुझे लगता है कि संयुक्त राष्ट्र बहुत मजबूत होगा। बोर्ड ऑफ पीस लगभग संयुक्त राष्ट्र की निगरानी करेगा और यह सुनिश्चित करेगा कि यह ठीक से चल रहा है। लेकिन हम संयुक्त राष्ट्र को मजबूत करेंगे। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि इसकी सुविधाएं अच्छी हों, उन्हें मदद की जरूरत है, और उन्हें आर्थिक सहायता की भी जरूरत है। हम आर्थिक रूप से उनकी मदद करेंगे।”
गाजा पर क्या बोले ट्रंप?
डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा, “अब समय आ गया है कि ईरान हमारे साथ उस रास्ते पर चले जो हमारे प्रयासों को पूरा करेगा। अगर वे हमारे साथ जुड़ते हैं तो यह बहुत अच्छा होगा। अगर वे नहीं जुड़ते हैं तो भी बहुत अच्छा होगा। लेकिन यह एक बिल्कुल अलग रास्ता होगा। वे पूरे क्षेत्र की स्थिरता को खतरा पहुंचाना जारी नहीं रख सकते। और उन्हें समझौता करना ही होगा। अगर ऐसा नहीं हुआ तो गंभीर परिणाम होंगे।”
यह भी पढ़ें: एपस्टीन फाइल्स को लेकर बोले राष्ट्रपति ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर दोषी यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन के साथ किसी भी तरह के जुड़ाव से इनकार किया है। ट्रंप ने कहा कि उन्हें पूरी तरह से बरी कर दिया गया है और उनके पास छिपाने के लिए कुछ भी नहीं है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें
