बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) को आम चुनाव में शानदार जीत दिलाने के बाद तारिक रहमान मंगलवार को देश के अगले प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे। बीएनपी ने 297 में से 209 सीट जीती जबकि कट्टरपंथी जमात-ए-इस्लामी ने 13वें संसदीय चुनाव में 68 सीट हासिल की हैं।
इस बीच, अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। मोहम्मद यूनुस ने सोमवार को राष्ट्र को संबोधित करते हुए टेलीविजन पर अपने इस्तीफे की घोषणा की।
लंबे समय से चली आ रही परंपरा को तोड़ते हुए बीएनपी अध्यक्ष तारिक रहमान (60) का शपथ ग्रहण समारोह बंगभवन के बजाय संसद परिसर के साउथ प्लाजा में आयोजित किया जाएगा।
बांग्लादेश: तारिक रहमान की कैबिनेट में कौन-कौन होंगे मंत्री, इन नामों पर चल रही चर्चा
सरकारी समाचार एजेंसी ‘बीएसएस’ ने सोमवार को बताया कि राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन मंगलवार दोपहर को जातीय संसद (देश की संसद) के साउथ प्लाजा में नये मंत्रिमंडल के सदस्यों को शपथ दिलाएंगे।
जातीय संसद सचिवालय की सचिव कनीज मौला ने कहा, ”संसद सचिवालय में कल (मंगलवार) शाम चार बजे मंत्रिमंडल के नये सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा।” इससे पहले, मंगलवार को मुख्य चुनाव आयुक्त एएमएम नासिरउद्दीन संसद के सभी नव निर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाएंगे।
सचिवालय की ओर से कहा गया है कि 13वीं जातीय संसद के सभी 297 नव निर्वाचित सांसद पहले संसद सदस्य (एमपी) के रूप में और फिर संवैधानिक सुधार परिषद के सदस्य के रूप में शपथ लेंगे।
शपथ ग्रहण में मौजूद रहेंगे ओम बिरला
तारिक रहमान के शपथ ग्रहण समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला करेंगे। सूत्रों के अनुसार, विदेश सचिव विक्रम मिसरी और लोकसभा महासचिव उत्पल कुमार सिंह के भी बिरला के साथ मौजूद रहने की संभावना है।
यह भी पढ़ें- बांग्लादेश चुनाव में 85 महिलाओं ने आजमाई किस्मत, मात्र 8% ही पहुंच पाईं संसद
