हिमालय में बसा छोटा सा देश भूटान अपनी घटती आबादी को लेकर चिंतित है और उसने परिवारों को ज्यादा बच्चे पैदा करने के लिए नकद प्रोत्साहन देने की घोषणा की है।

पूर्वी हिमालय में चीन और भारत के बीच बसे भूटान की आबादी 8 लाख से भी कम है। सरकार ने गुरुवार को एक बयान में कहा कि वह परिवारों को हर तीसरे और उसके बाद के बच्चे के लिए 10000 न्गुलट्रम (लगभग $105) का मासिक प्रोत्साहन देगी। यह प्रोत्साहन उन बच्चों के लिए होगा जिनका जन्म 4 जून, 2026 को या उसके बाद हुआ हो और जब तक वे तीन साल के नहीं हो जाते, तब तक यह राशि दी जाएगी।

कौन-कौन होगा पात्र?

इसमें वे पात्र तीसरे और उसके बाद के बच्चे भी शामिल होंगे जिनका जन्म पहले हुआ था, लेकिन चार जून 2026 तक वे तीन साल के नहीं हुए हों। कैबिनेट सचिव केसांग डेकी ने कहा कि यह प्रोत्साहन दूसरे बच्चे के बाद कितने भी बच्चों के लिए परिवारों को दिया जाएगा। उन्होंने शुक्रवार को रॉयटर्स से कहा, “उनके तीन, चार, पांच, छह या सात बच्चे हो सकते हैं।”

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, भूटान में कुल सालाना जन्म 2015 में 11,001 से घटकर 2024 में 8,153 हो गए हैं, जो लगभग 26% की गिरावट है। साथ ही, इस दौरान कुल प्रजनन दर यानी प्रति महिला बच्चों की संख्या घटकर लगभग 2.1 के रिप्लेसमेंट लेवल पर आ गई है। बयान में कहा गया है कि घटती और बूढ़ी होती आबादी के साथ-साथ लोगों के देश छोड़कर बाहर जाने का भूटान के वर्कफोर्स (कामकाजी आबादी), समुदायों और सामाजिक-आर्थिक विकास पर लंबे समय तक असर पड़ेगा।

चारों तरफ जमीन से घिरे इस बौद्ध देश में बढ़ती आर्थिक निराशा के बीच भूटान के युवा विदेशों में, खासकर ऑस्ट्रेलिया में मौके तलाश रहे हैं। बयान में आगे कहा गया है कि नई नीति माताओं, बच्चों और परिवारों की भलाई और भूटान की आबादी की लंबे समय तक स्थिरता के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

सिक्किम ने भी कई घोषणाएं की थीं

बता दें कि सिक्किम ने भी साल 2023 में कई प्रोत्साहनों की घोषणा की थी। इसमें महिलाओं के लिए एक साल की मैटरनिटी लीव और पुरुषों के लिए पैटरनिटी लीव समेत आर्थिक मदद शामिल हैं।

यह भी पढ़ें: अब ट्रेन से करें भूटान की सैर

IRCTC (इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन) ने आने वाले “भारत-भूटान मिस्टिक माउंटेन टूर” पैकेज के लिए एक भारत गौरव डीलक्स AC टूरिस्ट ट्रेन शुरू करने की घोषणा की है। 13 रातों और 14 दिनों की यह लंबी यात्रा उत्तर-पूर्व के सांस्कृतिक और आध्यात्मिक स्थलों और भूटान के मशहूर जगहों को कवर करेगी। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…