तारिक रहमान ने मंगलवार को बांग्लादेश के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ले ली है। तारिक रहमान की पार्टी बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) को आम चुनावों में शानदार जीत मिली थी। राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने रहमान (60) को जातीय संसद के ‘साउथ प्लाजा’ में प्रधानमंत्री पद की शपथ दिलाई।
इससे पहले बीएनपी के सांसदों ने तारिक रहमान को संसदीय दल का नेता चुना था। शपथ ग्रहण कार्यक्रम में भारत और पाकिस्तान सहित पड़ोसी देशों के कई नेता उपस्थित थे।
ओम बिरला ने किया भारत का प्रतिनिधित्व
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने शपथ ग्रहण समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व किया। विदेश सचिव विक्रम मिसरी भी बिरला के साथ थे।
पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया और पूर्व राष्ट्रपति जियाउर रहमान के बेटे तारिक रहमान 17 साल तक निर्वासन में लंदन में रहने के बाद दो महीने पहले बांग्लादेश लौटे थे। प्रधानमंत्री के पद पर उनका कार्यकाल पांच वर्षों का होगा।
तारिक रहमान की बीएनपी ने 297 में से 209 सीटें जीतीं जबकि कट्टरपंथी जमात-ए-इस्लामी ने 13वें संसदीय चुनावों में 68 सीटें हासिल कीं। पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग के चुनाव लड़ने पर रोक लगा दी गई थी।
अगस्त 2024 में छात्रों के नेतृत्व में हुए देशव्यापी विरोध प्रदर्शनों के बाद अवामी लीग सरकार सत्ता से बेदखल हो गई थी और शेख हसीना को प्रधानमंत्री की कुर्सी छोड़ने के साथ ही देश भी छोड़ना पड़ा था।
Bangladesh Oath Ceremony LIVE Updates: बीएनपी के नए मंत्रिमंडल ने शपथ ली
तारिक रहमान के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद बीएनपी के कई सांसदों ने कैबिनेट मंत्री पद की शपथ ली। इनमें- मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर, अमीर खसरू महमूद चौधरी, सलाहुद्दीन अहमद, इकबाल हसन महमूद शामिल हैं।
तारिक रहमान ने ली पीएम पद की शपथ, देखिए वीडियो
निताई रॉय चौधरी भी लेंगे मंत्री पद की शपथ
हिंदू धर्म से संबंध रखने वाले बीएनपी नेता निताई रॉय चौधरी को भी मंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी।
50 लोग मंत्री पद की शपथ
तारिक रहमान को मिलाकर बांग्लादेश में आज पचास लोगों को शपथ दिलाई जाएगी। तारिक रहमान के अलावा 25 निर्वाचित नेताओं को मंत्री पद और 24 को राज्य मंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी।
Bangladesh Oath Ceremony LIVE Updates: सभी सांसदों ने सुबह 10 बजे ली शपथ
बांग्लादेश के 13वें आम चुनाव में जीत हासिल करने वाले सभी सांसदों ने समयानुसार सुबह 10 बजे जातीय संसद भवन के शपथ कक्ष में शपथ ली है। इसमें तारिक रहमान भी एक सांसद के रूप में शपथ लेने वालों में शामिल थे। इसके बाद तारिक रहमान और उनकी कैबिनेट शाम के 4 बजे संसद परिसर के साउथ प्लाजा में शपथ लेगी।
Bangladesh Oath Ceremony LIVE Updates: जमात गठबंधन, स्वतंत्र और इस्लामी आंदोलन के नए सांसदों ने भी ली शपथ
13वें संसदीय चुनाव में निर्वाचित जमात-नेतृत्व वाले गठबंधन, स्वतंत्र उम्मीदवार और इस्लामी आंदोलन बांग्लादेश के सांसदों ने आज दोपहर जातीय संसद भवन में पद और गोपनीयता की शपथ ली।
Bangladesh Oath Ceremony LIVE Updates: बांग्लादेश में BNP-जमात के बीच शपथ ग्रहण पर विवाद
बांग्लादेश के 13वें संसदीय चुनाव में जीत दर्ज करने के बाद भी जमात-ए-इस्लामी और बीएनपी के बीच शपथ ग्रहण को लेकर टकराव देखने को मिला। मंगलवार को बांग्लादेश की दक्षिणपंथी पार्टी जमात-ए-इस्लामी के नए निर्वाचित सांसदों ने संविधान सुधार परिषद के सदस्य के रूप में दूसरी शपथ लेने से इनकार कर दिया। जमात के उप प्रमुख अब्दुल्ला मुहम्मद ताहिर ने कहा जब तक बीएनपी सांसद संविधान सुधार परिषद के सदस्य के रूप में शपथ नहीं लेते, हम शपथ नहीं लेंगे। संसद बिना संविधान सुधार के अर्थहीन है। दूसरी शपथ 'जुलाई चार्टर' के तहत संविधान में व्यापक सुधार लागू करने के लिए सांसदों को बाध्य करने का उद्देश्य रखती है। इस चार्टर के 84 बिंदुओं को जनमत संग्रह के माध्यम से मतदान के लिए रखा गया था, जिसमें 60% से अधिक मतदाताओं ने 'हां' का समर्थन किया।
Bangladesh Oath Ceremony LIVE Updates: शपथ ग्रहण में शामिल होने के लिए ओम बिरला पहुंचे बांग्लादेश
भारत में बांग्लादेश के उच्चायुक्त रियाज हामिदुल्लाह ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला बांग्लादेश की नव निर्वाचित सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए बांग्लादेश पहुंचे हैं।
Bangladesh Oath Ceremony LIVE Updates: तारिक रहमान के शपथ ग्रहण में कौन-कौन शामिल होगा?
तारिक रहमान के शपथ ग्रहण समारोह में कई जानी-मानी अंतरराष्ट्रीय हस्तियां मौजूद रहेंगी। जिन लोगों के शामिल होने की उम्मीद है, उनमें भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे, भारतीय लोकसभा स्पीकर ओम बिरला और पाकिस्तान के योजना मंत्री अहसान इकबाल शामिल हैं। इसके साथ ही नेपाल के विदेश मंत्री बाला नंद शर्मा, श्रीलंका की स्वास्थ्य मंत्री नलिंदा जयतिसा, ब्रिटेन की इंडो-पैसिफिक की अवर सचिव सीमा मल्होत्रा और मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइजू भी समारोह में शामिल हो सकते हैं।
Bangladesh Oath Ceremony LIVE Updates: BNP ने ‘संविधान सुधार परिषद’ के सदस्य के रूप में नहीं ली दूसरी शपथ
बीएनपी ने आम चुनाव के साथ कराए गए जनमत-संग्रह के तहत ‘संविधान सुधार परिषद’ के सदस्य के रूप में दूसरी शपथ लेने से इनकार कर दिया है। यह दूसरी शपथ तथाकथित ‘जुलाई चार्टर’ को लागू करने की प्रतिबद्धता से जुड़ी है, जिसमें संविधान में व्यापक संशोधन का प्रस्ताव रखा गया है। निर्वाचन आयोग के अनुसार, जनमत-संग्रह में 60 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं ने ‘हां’ में मतदान किया।
बीएनपी की नीति-निर्धारण स्थायी समिति के सदस्य और नवनिर्वाचित सांसद सलाहुद्दीन अहमद ने शपथ ग्रहण से पहले पार्टी सांसदों से कहा कि उन्हें संविधान सुधार परिषद के सदस्य के रूप में निर्वाचित नहीं किया गया है और अभी तक परिषद से संबंधित कोई प्रावधान संविधान में शामिल नहीं किया गया है। पार्टी अध्यक्ष तारिक रहमान की मौजूदगी में उन्होंने कहा कि हममें से कोई भी दूसरी शपथ नहीं लेगा।
Bangladesh Oath Ceremony LIVE Updates: तारिक रहमान BNP संसदीय दल के नेता चुने गए
बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के अध्यक्ष तारिक रहमान को पार्टी ने सर्वसम्मति से संसदीय दल का नेता चुन लिया है। डेली स्टार न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार चुनाव आज दोपहर 12:00 बजे जातीय संसद भवन में नवनिर्वाचित बीएनपी सांसदों की बैठक में हुआ।
Bangladesh Oath Ceremony LIVE Updates: मोहम्मद यूनुस ने विदाई भाषण में क्या कहा?
सोमवार को अपने विदाई भाषण में मोहम्मद यूनुस ने कहा कि हमारा खुला समंदर न केवल बांग्लादेश की भौगोलिक सीमा है बल्कि वैश्विक अर्थव्यवस्था से संपर्क के लिए खुला दरवाज़ा भी है। इस इलाक़े में नेपाल, भूटान और सेवन सिस्टर्स के पास जबर्दस्त आर्थिक सामर्थ्य है।
Bangladesh Oath Ceremony LIVE Updates: बांग्लादेश में 18 महीने चलाई अंतरिम सरकार, अब क्या होगा मोहम्मद युनूस का भविष्य
दक्षिण-पूर्वी बंगाल के चटगांव में जन्मे यूनुस ने चटगांव विश्वविद्यालय में अर्थशास्त्र पढ़ाया। उन्हें 2006 में नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित किया गया। 2024 में हुए विद्रोह के बाद यूनुस को सर्वसम्मति से अंतरिम प्रशासन का नेतृत्व करने के लिए चुना गया। शुरू में यूनुस कथित तौर पर इस पद को लेकर हिचकिचा रहे थे और उनका कहना था कि वे राजनीतिक व्यक्ति नहीं हैं।” लेकिन जैसे-जैसे विरोध प्रदर्शन बढ़े और मौतें बढ़ती गईं, उन्होंने कर्तव्य की भावना में यह जिम्मेदारी संभाली।
तारिक रहमान की कहानी: मुल्क से बाहर काटे 17 साल, अब बनेंगे बांग्लादेश के प्रधानमंत्री
Who is Tarique Rehman: बांग्लादेश में हुए आम चुनावों के नतीजों में बांग्लादेशी नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) को दो तिहाई बहुमत हासिल हुआ है, जबकि जमाते-इस्लामी का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक काफी खराब रहा है। इसके साथ ही यह लगभग तय हो गया है कि बीएनपी के चीफ तारिक रहमान बांग्लादेश के अगले प्रधानमंत्री बन सकते हैं। इस चुनाव में बीएनपी की जीत ने यह साबित कर दिया है कि तारिक रहमान वर्तमान राजनीति में बांग्लादेश के सबसे शक्तिशाली नेता हैं।
Bangladesh Oath Ceremony LIVE Updates: तारिक रहमान आज सुबह 10 बजे अन्य सांसदों के साथ शपथ लेंगे
बांग्लादेश के मुख्य चुनाव आयुक्त एएमएम नासिर उद्दीन सुबह 10 बजे सांसदों को शपथ दिलाएंगे। कैबिनेट सचिव नसीमुल गनी इस प्रक्रिया की देखरेख करेंगे। शपथ ग्रहण समारोह की शुरुआत बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी के विधायकों से होगी, जिनमें अध्यक्ष तारिक रहमान भी शामिल हैं। इसके बाद बांग्लादेश जमात-ए-इस्लामी, नेशनल सिटिजन पार्टी, बांग्लादेश खिलाफत मजलिस, गण अधिकार परिषद, बांग्लादेश जातीय पार्टी (भाजपा), गणसंहति आंदोलन और निर्दलीय सदस्य शपथ लेंगे।
