बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के अध्यक्ष तारिक रहमान ने बांग्लादेश में किसी भी कीमत पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने का आह्वान किया है। संसदीय चुनावों में पार्टी की शानदार जीत के बाद अपने पहले संबोधन में रहमान ने शनिवार को राष्ट्रीय एकता का आह्वान किया।
रहमान ने बांग्लादेश को सुरक्षित व मानवता का सम्मान करने वाला देश बनाने में सहयोग देने की अपील की।
बीएनपी ने संसदीय चुनावों में दो-तिहाई से अधिक बहुमत के साथ शानदार जीत दर्ज की है। रहमान पहली बार बांग्लादेश के प्रधानमंत्री बनने वाले हैं। वह अंतरिम सरकार के प्रमुख मुहम्मद यूनुस की जगह लेंगे।
आम चुनाव में बांग्लादेश जातीय पार्टी का खराब प्रदर्शन, मिली सिर्फ एक सीट
तारिक रहमान ने 13वें संसदीय चुनावों में भारी जीत के एक दिन बाद आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा, “हमें सुरक्षित और मानवता का सम्मान करने वाला बांग्लादेश बनाने के लिए सभी के सहयोग की जरूरत है। इस बार देश के पुनर्निर्माण में सभी को जिम्मेदार भूमिका निभानी होगी।”
चुनाव परिणाम जनता की जीत- रहमान
‘द ढाका ट्रिब्यून’ के अनुसार, रहमान ने कहा, “किसी भी बहाने किसी के साथ अन्याय नहीं किया जा सकता। किसी भी कीमत पर कानून-व्यवस्था बनाए रखनी होगी।” रहमान ने चुनाव परिणाम को जनता की जीत बताया।
बीएनपी अध्यक्ष ने कहा, “आज से सभी स्वतंत्र हैं। आप सभी को बधाई। सभी की भागीदारी के साथ देश में फासीवाद-मुक्त सरकार की यात्रा शुरू हो गई है।” उन्होंने कहा, “देश के निर्माण में सभी के विचार महत्वपूर्ण हैं। हम सभी की राय के आधार पर देश का निर्माण करेंगे।”
बांग्लादेश के चुनाव आयोग के अनुसार, बीएनपी ने 297 में से 209 सीट जीतीं जबकि जमात-ए-इस्लामी को 68 सीट पर जीत मिलीं। पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग के चुनाव लड़ने पर प्रतिबंध लगा दिया गया था।
यह भी पढ़ें- बांग्लादेश चुनाव में 85 महिलाओं ने आजमाई किस्मत, मात्र 8% ही पहुंच पाईं संसद
