Bangladesh News: बांग्लादेश में अगले महीने 12 फरवरी 2026 को चुनाव होने वाले हैं। इससे पहले अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस ने एक बेहद ही चौंकाने वाला बयान दिया है। उन्होंने अपने ही देश को ‘धोखाधड़ी का विश्व चैंपियन’ करार दिया है।

ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के मुताबिक, मुख्य सलाहकार प्रोफेसर मुहम्मद यूनुस ने बांग्लादेश-चीन मैत्री सम्मेलन केंद्र में चार दिवसीय डिजिटल डिवाइस एंड इनोवेशन एक्सपो 2026 का उद्घाटन करते हुए कहा, “सब कुछ नकली है। कई देश हमारे पासपोर्ट स्वीकार नहीं करते। वीजा नकली हैं, पासपोर्ट नकली हैं। हमने धोखाधड़ी की एक फैक्ट्री खड़ी कर दी है।”

मोहम्मद यूनुस ने सार्वजनिक रूप से चेतावनी दी है कि बड़े पैमाने पर हो रहे दस्तावेजी फर्जीवाड़े ने बांग्लादेश की अंतरराष्ट्रीय साख को मिट्टी में मिला दिया है। उन्होंने कहा, “मैंने ऐसे मामले देखे हैं जहां लोगों ने फर्जी प्रमाण पत्रों का इस्तेमाल करके वीजा के लिए आवेदन किया है। एक महिला ने डॉक्टर बनकर आवेदन किया, लेकिन उसके सभी दस्तावेज जाली थे।” उन्होंने आगे कहा कि इस तरह की प्रथाओं के कारण कुछ देशों ने बांग्लादेशी नागरिकों को एंट्री देने से पूरी तरह इनकार कर दिया है।

ये भी पढ़ें: बांग्लादेशियों के लिए अमेरिका जाना हुआ मुश्किल, ट्रंप सरकार ने लगाया करीब 5 लाख का वीजा बॉन्ड, जानें नए नियम

धोखाधड़ी इंटेलिजेंस का इस्तेमाल करके की जाती है- यूनुस

यूनुस ने कहा कि ये धोखाधड़ी इंटेलिजेंस का इस्तेमाल करके की जाती है। चेतावनी दी कि तकनीक का उपयोग धोखाधड़ी को सुविधाजनक बनाने के लिए नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने आगे कहा, “यदि हम तकनीकी रूप से प्रगति करना चाहते हैं, तो हमें निष्पक्षता और ईमानदारी सुनिश्चित करनी होगी। हम नहीं चाहते कि यह देश धोखाधड़ी का कारखाना बन जाए। हम अपनी योग्यताओं के बल पर दुनिया में गर्व से सिर ऊंचा करके चलना चाहते हैं।” उन्होंने कहा कि कैसे विद्रोह के दौरान इंटरनेट सेवाओं को बंद करने से पूरे देश में आक्रोश फैल गया और एक “अन्यथा शक्तिशाली सरकार” के पतन में योगदान दिया, जिससे यह साबित होता है कि कनेक्टिविटी कितनी महत्वपूर्ण हो गई है।

बांग्लादेश में कब होंगे चुनाव?

बता दें कि बांग्लादेश में 12 फरवरी को चुनाव होने वाले हैं। बांग्लादेश की अंतरिम सरकार ने शेख हसीना की पार्टी बांग्लादेश अवामी लीग की गतिविधियों पर प्रतिबंध लगा दिया है और चुनाव आयोग ने पार्टी के रजिस्ट्रेशन को भी स्थगित कर दिया है। प्रतिबंध हटाए जाने तक अवामी लीग चुनाव में भाग नहीं ले पाएगी। शेख हसीना ने भारत में शरण ली हुई है। पार्टी के कई नेता या तो फरार हैं या जेल में हैं। पूरा चुनावी कार्यक्रम पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…