बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) को संसदीय चुनाव में शानदार जीत मिली है। बीएनपी दो दशक के अंतराल के बाद बांग्लादेश की सत्ता में वापसी के लिए तैयार है। देश में पिछले साल अगस्त में छात्रों के नेतृत्व में हुए विरोध प्रदर्शनों के कारण पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को 15 साल के शासन के बाद सत्ता से हटना पड़ा था। यह लगभग तय है कि बीएनपी के शीर्ष नेता तारिक रहमान नोबेल पुरस्कार विजेता मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार की जगह लेंगे और देश के प्रधानमंत्री बनेंगे।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बीएनपी और उसके सहयोगी दल 300-सीट वाली संसद में 213 सीटों पर जीत दर्ज कर चुके हैं जबकि कट्टरपंथी पार्टी जमात-ए-इस्लामी लगभग 75 सीट जीत चुकी है या इन पर बढ़त बनाए हुए है।
शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग के चुनाव लड़ने पर प्रतिबंध लगा दिया गया था।
पीएम मोदी ने दी रहमान को बधाई
चुनाव नतीजों के बीच बीएनपी की ओर से कहा गया है कि वह सरकार बनाने के लिए तैयार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई नेताओं ने चुनाव में बीएनपी के प्रदर्शन पर तारिक रहमान को बधाई दी है। बीएनपी ने देश के आम चुनाव के नतीजों को मान्यता देने के लिए भारत और प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद देते हुए उम्मीद जताई कि नयी सरकार के कार्यकाल में दोनों देशों के संबंध मजबूत होंगे।
आंकड़े बोलते हैं: बांग्लादेश में कितने निष्पक्ष होते हैं चुनाव, 53 साल का ट्रैक रिकॉर्ड
Bangladesh Result LIVE: मालदीव के राष्ट्रपति ने दी तारिक रहमान को बधाई
मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू ने बीएनपी के प्रमुख तारिक रहमान को संसदीय चुनावों में पार्टी की शानदार जीत पर बधाई दी है। मुइज्जू ने दोनों देशों के बीच निरंतर सहयोग के महत्व पर जोर दिया।
Bangladesh Result LIVE: बीएनपी के हबीबुर राशिद ढाका-9 सीट से जीते
बीएनपी के हबीबुर राशिद ने ढाका-9 सीट जीत ली है। डेली स्टार की रिपोर्ट के अनुसार हबीबुर राशिद को 111,212 वोट मिले। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी, एनसीपी के मोहम्मद जाबेद मियां को 53,460 वोट मिले जबकि स्वतंत्र उम्मीदवार तसनीम जरा को 44,684 वोट प्राप्त हुए।
Bangladesh Result LIVE: कितनी वोटिंग हुई है?
चुनाव आयोग ने अभी-अभी घोषणा की है कि कल हुए मतदान में लगभग 60 प्रतिशत मतदाताओं ने हिस्सा लिया। कई सीटों पर भारी वोटिंग भी देखने को मिली।
Bangladesh Result LIVE: बांग्लादेश चुनाव पर चीन
बांग्लादेश में चीनी दूतावास ने ढाका को “शांतिपूर्ण और सफल” संसदीय चुनाव के लिए बधाई दी है और बढ़त हासिल करने पर बीएनपी को भी शुभकामनाएं दी हैं।
Bangladesh Result LIVE: कब होगा शपथ ग्रहण?
बीएनपी के महासचिव मिर्ज़ा फखरुल इस्लाम आलमगीर ने शुक्रवार को ठाकुरगांव स्थित अपने आवास पर घोषणा की कि 15 फरवरी तक नई सरकार का गठन कर लिया जाएगा।
Bangladesh Result LIVE: कांग्रेस ने क्या कहा?
कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बांग्लादेश में संसदीय चुनाव में जीत पर बीएनपी और उसके नेता तारिक रहमान को बधाई दी है।पार्टी ने कहा कि एक लोकतांत्रिक, प्रगतिशील और समावेशी बांग्लादेश को क्षेत्रीय स्थिरता और शांति के लिए भारत का समर्थन प्राप्त है।
Bangladesh Result LIVE: पीएम मोदी की पहली प्रतिक्रिया
बांग्लादेश में हुए आम चुनावों में बीएनपी को मिली जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रहमान को जीत की बधाई दी है। उन्होंने यह भी कहा है कि भारत लोकतांत्रिक, प्रगतिशील और समावेशी बांग्लादेश के प्रति अपना समर्थन जारी रखेगा।
Bangladesh Result LIVE: ऐतिहासिक जीत की ओर बीएनपी
चुनाव आयोग द्वारा जारी आधिकारिक नतीजों के अनुसार, बीएनपी ने अब तक 212 सीटें हासिल कर ली हैं। अनुमानों के मुताबिक फाइनल आंकड़ा 240 सीटों तक जा सकता है।
Bangladesh Result LIVE: अमेरिकी राजदूत ने क्या कहा
बांग्लादेश में अमेरिका के राजदूत क्रिस्टेंसन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में लिखा, “सफल चुनाव के लिए बांग्लादेश की जनता को बधाई और बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी तथा तारिक रहमान को आपकी ऐतिहासिक जीत पर शुभकामनाएं। संयुक्त राज्य अमेरिका हमारे दोनों देशों की समृद्धि और सुरक्षा के साझा लक्ष्यों को साकार करने के लिए आपके साथ काम करने को उत्सुक है।”
Bangladesh Result LIVE: बीएनपी की समर्थकों से अपील
बीएनपी को बांग्लादेश चुनाव में बड़ी जीत मिलती दिख रही है। पार्टी ने समर्थकों से अपील की है कि वो इस जीत पर जश्न ना मनाए और नमाज अदा करें। खालिदा जिया के लिए प्रार्थना की अपील भी की गई।
Bangladesh Result LIVE: बीएनपी ने जनता का किया शुक्रिया
बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी ने 13वें आम चुनाव में बहुमत का आंकड़ा पार करने के बाद देश की जनता को बधाई दी है। तारिक रहमान देश के अगले प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं।
Bangladesh Result LIVE: तारिक रहमान की सीटों का हाल
बीएनपी फिलहाल 165 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। पार्टी के चेयरमैन तारिक रहमान अपनी दोनों सीटों बोगुरा-6 और ढाका-17 से आगे चल रहे हैं।
Bangladesh Result LIVE: कौन कितनी सीटों पर आगे
बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के नेतृत्व वाले गठबंधन ने दो-तिहाई बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है और 300 में से 209 सीटों पर बढ़त बना ली है।
Bangladesh Election 2026 Voting LIVE: मैमनसिंह में 11 में से 4 सीटों पर बीएनपी आगे
तारिक रहमान के नेतृत्व वाली बीएनपी मैमनसिंह इलाके की 11 सीटों में से चार सीटों पर आगे चल रही है। बीडीन्यूज24 की रिपोर्ट के अनुसार, बीएनपी मैमनसिंह-7, मैमनसिंह-8, मैमनसिंह-3 और मैमनसिंह-11 में आगे चल रही है।
13वें संसदीय चुनाव में बीएनपी ने शुरुआती बढ़त हासिल कर ली है जबकि जमात-ए-इस्लामी संसद में मुख्य विपक्षी दल बन सकती है।
Bangladesh Election 2026 Voting LIVE: गड़बड़ियों की कोई गुंजाइश नहीं- मुख्य चुनाव आयुक्त
बांग्लादेश के मुख्य चुनाव आयुक्त एएमएम नासिर उद्दीन ने कहा है कि 13वें संसदीय चुनाव के नतीजों को जारी करने में समय लगेगा लेकिन इस प्रक्रिया में हेरफेर या गड़बड़ियों की कोई गुंजाइश नहीं है। उन्होंने कहा कि जनता से किए गए वादे के अनुसार, चुनाव आयोग निष्पक्ष, पारदर्शी और विश्वसनीय चुनाव कराने में सफल रहा है।
Bangladesh Election 2026 Voting LIVE: बोगुरा-6 सीट से बीएनपी के तारिक रहमान आगे
बीएनपी के तारिक रहमान बोगुरा-6 सीट से आगे चल रहे हैं। प्रोथोम आलो की रिपोर्ट के अनुसार, रहमान को 38,000 से अधिक वोट मिले हैं जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी जमात-ए-इस्लामी के उम्मीदवार आबिदुर रहमान को 17,000 से ज्यादा वोट मिले हैं।
Bangladesh Election 2026 Voting LIVE: पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने चुनाव को किया खारिज
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने देश के 13वें संसदीय चुनाव को खारिज कर दिया और इसे एक सुनियोजित तमाशा बताया है। शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग ने X पर उनका बयान पोस्ट किया और कहा, “11 फरवरी की शाम से ही मतदान केंद्रों पर कब्जा, गोलीबारी, वोट खरीदना, पैसे बांटना, मतपत्रों पर मुहर लगाने के साथ यह तमाशा शुरू हो गया। 12 फरवरी की सुबह तक, देशभर के अधिकांश मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की संख्या बेहद कम थी और राजधानी और अन्य क्षेत्रों के कई केंद्रों पर तो मतदाता आए ही नहीं।”
Bangladesh Election 2026 Voting LIVE: झेनाइदाह-1: बीएनपी के असदुज्जमान को मिली जीत
बांग्लादेश के पूर्व अटॉर्नी जनरल मोहम्मद असदुज्जमान ने 13वें राष्ट्रीय संसदीय चुनाव के प्रारंभिक नतीजों में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के उम्मीदवार के रूप में झेनाइदाह-1 (शैलकुपा) सीट से जीत हासिल की है। असदुज्जमान ने चुनाव लड़ने के लिए 17वें अटॉर्नी जनरल के पद से इस्तीफा दिया था।
Bangladesh Election 2026 Voting LIVE: बीएनपी ने उतारे सबसे ज्यादा उम्मीदवार
बांग्लादेश के चुनाव में 50 राजनीतिक दलों के कुल 1,755 उम्मीदवार और 273 निर्दलीय उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। बीएनपी ने सबसे अधिक 291 उम्मीदवार उतारे हैं। चुनाव में 83 महिला उम्मीदवार भी मैदान में हैं।
Bangladesh Election 2026 Voting LIVE: मतदान केंद्रों के आसपास सुरक्षा बढ़ाई गई
मतदान समाप्त होने के बाद कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने देशभर के मतदान केंद्रों के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी और राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं और समर्थकों को वहां से दूर हटा दिया।
Bangladesh Election 2026 Voting LIVE: सहयोगियों के साथ मिलकर देश चलाना चाहता हूं- तारिक
बीएनपी के अध्यक्ष तारिक रहमान ने गुरुवार को कहा है कि उनका दल उन सभी पार्टियों के साथ मिलकर देश चलाना चाहता है जिन्होंने आंदोलन में उनका साथ दिया था। उन्होंने भरोसा जताया कि उनकी पार्टी ऐतिहासिक चुनाव जीतेगी।
Bangladesh Election 2026 Voting LIVE: गठबंधन ने जताई जीत की उम्मीद
जमात-ए-इस्लामी के नेतृत्व वाले 11 दलों के चुनावी गठबंधन ने मतदान प्रक्रिया को बेहतर बताया है और उम्मीद जताई है कि वह अधिकतम सीटों पर जीत दर्ज करेगी।
Bangladesh Election 2026 Voting LIVE: बीएनपी की जीत तय है: महदी अमीन
बीएनपी नेता महदी अमीन ने कहा है कि उसकी जीत तय है। बीएनपी ने अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं से अंतिम परिणाम घोषित होने तक मतदान केंद्रों पर बने रहने का आह्वान किया है। पार्टी ने देशभर में अपने मतदान एजेंटों को मतगणना प्रक्रिया पर कड़ी निगरानी रखने का भी निर्देश दिया है।
अगर दुर्भाग्यवश जमात-ए-इस्लामी सत्ता में आ जाती है, तो लोकतंत्र का अस्तित्व ही समाप्त हो जाएगा- तसलीमा नसरीन
तस्लीमा नसरीन ने कहा, "अगर दुर्भाग्यवश जमात-ए-इस्लामी सत्ता में आ जाती है, तो लोकतंत्र का अस्तित्व ही समाप्त हो जाएगा। धर्मतंत्र हावी हो जाएगा और सब कुछ नष्ट कर देगा। अल्पसंख्यकों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा।"
अगर बीएनपी सत्ता में आती है, तो उसे गंभीर चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा- तसलीमा नसरीन
बांग्लादेशी लेखिका और कार्यकर्ता तस्लीमा नसरीन ने कहा कि हालांकि बांग्लादेश में कुछ मतदान केंद्रों पर गड़बड़ी की खबरें आईं और दोनों पार्टियों के समर्थकों के बीच झड़पें हुईं, लेकिन मैंने सुना है कि मतदान काफी हद तक शांतिपूर्ण रहा। आरोप है कि कल शाम से ही जमात-ए-इस्लामी के कार्यकर्ताओं ने कुछ मतदान केंद्रों पर खुद ही वोट डाले। एक जमात नेता को 74 लाख टका नकद के साथ पकड़ा गया। जमात कार्यकर्ताओं पर पैसे बांटकर वोट खरीदने और यह दावा करके प्रचार करने का आरोप है कि तराजू के चिन्ह पर वोट देने से जन्नत का टिकट मिलेगा, यहां तक कि उन्होंने यह भी कहा कि अल्लाह ने लोगों को जमात-ए-इस्लामी को वोट देने का निर्देश दिया है। नसरीन ने कहा, "अगर बीएनपी सत्ता में आती है, तो उसे गंभीर चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा। हर हाल में उसे लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, महिलाओं की समानता, मानवाधिकार और सभी के लिए शिक्षा की रक्षा करनी होगी।
अगर सशस्त्र बल ईमानदारी से काम करें तो देश को अच्छे चुनाव देखने को मिलेंगे: जमात अमीर
जमात-ए-इस्लामी के अमीर शफीकुर रहमान ने उम्मीद जताई है कि दिन के अंत तक देश में "सद्भावनापूर्ण चुनाव" होंगे। हालांकि उन्होंने आज 13वें राष्ट्रीय संसदीय चुनाव के दौरान देश के विभिन्न हिस्सों में हिंसा और अनियमितताओं की छिटपुट घटनाओं का आरोप लगाया। वह दोपहर 2:00 बजे के बाद ढाका-15 निर्वाचन क्षेत्र में अपने मुख्य चुनाव कार्यालय में एक ब्रीफिंग में बोल रहे थे।
शफीकुर ने कहा कि अगर सशस्त्र बल ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं, तो हमें उम्मीद है कि अंततः देश को अच्छा मतदान और एक अच्छा चुनाव परिणाम मिलेगा। उन्होंने आगे कहा कि यदि निष्पक्ष चुनाव होते हैं, तो एक अच्छी सरकार बनेगी, एक ऐसी सरकार जो इस देश की जनता के बारे में सोचेगी, जनता की सरकार। लेकिन यदि कोई सरकार धोखाधड़ी और जालसाजी से बनती है, तो वह सरकार जनता के कष्टों को नहीं समझेगी और उनसे कोई संबंध नहीं रख पाएगी।
Bangladesh Election 2026 Voting LIVE: बिना किसी डर के मतदान करें- सेना चीफ
आईएबी नेता फैजुल करीम ने स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान का आग्रह किया और इस्लाम और शरिया के समर्थन की उम्मीद जताई। वहीं,सेना प्रमुख ने नागरिकों से बिना किसी डर के मतदान करने का आह्वान किया।
बांग्लादेश में दोपहर 12 बजे तक 32.88 प्रतिशत मतदान
बांग्लदेश चुनाव आयोग ने बताया कि दोपहर 12:00 बजे तक 32,789 मतदान केंद्रों पर 32.88 प्रतिशत मतदान हुआ है। जो कुल मतदान का 77 प्रतिशत है। द डेली स्टार के मुताबिक, चुनाव आयोग के वरिष्ठ सचिव अख्तर अहमद ने चुनाव आयोग के मुख्यालय में पत्रकारों से बात करते हुए यह आंकड़ा बताया। उन्होंने कहा कि देशभर में 42,651 केंद्रों पर मतदान जारी है और अभी तक किसी भी मतदान केंद्र से मतदान स्थगित होने की सूचना नहीं मिली है।
Bangladesh Election 2026 Voting LIVE: गोपालगंज मतदान केंद्र पर देसी बम फेंका गया, तीन घायल
गोपालगंज सदर के एक मतदान केंद्र पर मतदान के दौरान एक देसी बम फेंका गया, जिससे दो अंसार सदस्यों सहित तीन लोग घायल हो गए। यह घटना रेशमा इंटरनेशनल स्कूल स्थित मतदान केंद्र पर सुबह करीब 9:30 बजे हुई। प्रोथोम आलो की रिपोर्ट के अनुसार, मतदान केंद्र पर तैनात सब-इंस्पेक्टर जाहिदुल इस्लाम ने बताया कि हमलावरों द्वारा पास की नहर के उस पार से बम फेंके जाने तक मतदान शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा था। विस्फोट में अंसार सदस्य सुकोंथा मजूमदार और जमाल हुसैन के साथ-साथ आरामबाग इलाके के एक मतदाता की 14 वर्षीय बेटी अमीना खानम भी घायल हो गईं। तीनों को स्थानीय क्लिनिक में प्राथमिक उपचार दिया गया। विस्फोट से मतदान केंद्र का मुख्य द्वार भी आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने घटनास्थल से सबूत जुटा लिए हैं और केंद्र में व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी तैनात किए हैं।
Bangladesh Election 2026 Voting LIVE: ढाका ट्रिब्यून के अनुसार, पोस्टल वोट बीडी की वेबसाइट से पता चलता है कि आगामी संसदीय चुनाव और जनमत संग्रह में डाक द्वारा मतदान करने के लिए देश और विदेश में रहने वाले 1,533,684 मतदाताओं ने पंजीकरण कराया है।
