नेपाल में पांच मार्च को होने वाले आम चुनाव से कुछ सप्ताह पहले झापा निर्वाचन क्षेत्र में जबरदस्त सियासी मुकाबला हो रहा है। इस सीट पर काठमांडू के पूर्व महापौर बालेंद्र शाह ‘बालेन’ का मुकाबला पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली से है।
लोकप्रिय रैपर से नेता बने ‘बालेन’ राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) की ओर से प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार भी हैं। ‘बालेन’ रविवार को कोशी प्रांत के झापा- पांच निर्वाचन क्षेत्र पहुंचे जबकि कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ नेपाल (यूनिफाइड मार्क्सवादी–लेनिनवादी) के अध्यक्ष ओली दो दिन पहले ही इस निर्वाचन क्षेत्र में घर-घर जाकर चुनाव प्रचार अभियान शुरू कर चुके हैं।
ओली ने झापा जिले से अब तक सात में से छह बार संसदीय चुनाव जीते हैं। पिछले चुनाव में उन्होंने नेपाली कांग्रेस के उम्मीदवार को भारी अंतर से हराया था। नेपाल की राजनीति पर करीबी नजर रखने वाले वरिष्ठ मानवाधिकार कार्यकर्ता चरण प्रसाई ने कहा, “हालांकि इस बार ओली के लिए मुकाबला ज्यादा कठिन होगा।”
बालेंद्र शाह ने दिया काठमांडू के मेयर पद से इस्तीफा
भ्रष्टाचार और सोशल मीडिया पर प्रतिबंध के विरोध में Gen Z समूह के हिंसक प्रदर्शनों के बाद नौ सितंबर को ओली ने प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। 12 सितंबर को सुशीला कार्की अंतरिम प्रधानमंत्री बनीं और उन्होंने राष्ट्रपति से प्रतिनिधि सभा भंग कर पांच मार्च को आम चुनाव कराने की सिफारिश की थी।
आरएसपी सूत्रों के अनुसार, “रविवार को ‘बालेन’ ने कम से कम 12 जगहों का दौरा किया और घर-घर जाकर प्रचार किया।” ‘बालेन’ ने पहले ही पारंपरिक दलों को सीधे चुनौती देने और प्रधानमंत्री पद के लिए चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी थी इसीलिए वह ओली के गढ़ माने जाने वाले झापा- पांच से खड़े हैं।
झापा में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
नेपाल पुलिस के सूत्रों के अनुसार, जैसे-जैसे चुनाव प्रचार तेज हो रहा है, झापा जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। हालांकि, झापा सीट से अन्य राजनीतिक दलों के भी उम्मीदवार मैदान में हैं लेकिन मुख्य मुकाबला ओली और ‘बालेन’ के बीच माना जा रहा है।
अन्य उम्मीदवारों में नेपाली कांग्रेस से मंधारा पौडेल, नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी से रणजीत तमांग और राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी से लक्ष्मी संगरौला शामिल हैं।
यह भी पढ़ें- जलते काठमांडू में हुई नई सुबह, नेपाल में पहली बार महिला ने संभाली सत्ता
