ऑस्ट्रेलिया में एक व्यक्ति के पास से एक लाख के अधिक कॉकरोच जब्त किए गए। ये कॉकरोच रखना ऑस्ट्रेलिया में गैर-कानूनी है। आस्ट्रेलिया में विदेशी अकशेरुकी जीवों (बिना रीढ़ वाले जीवों) की अब तक की सबसे बड़ी जब्ती मानी जा रही है।
ऑस्ट्रेलिया के क्लाइमेट चेंज, एनर्जी, एनवायरमेंट और वॉटर डिपार्टमेंट के मुताबिक, मई में न्यू साउथ वेल्स राज्य में बाथर्स्ट में एक कमर्शियल ब्रीडर से मेडागास्कर हिसिंग कॉकरोच और डुबिया कॉकरोच जब्त किए गए थे। इनकी कीमत दो लाख ऑस्ट्रेलियाई डॉलर यानी भारतीय मुद्रा में करीब 1 करोड़ 35 लाख रुपये बताई जा रही। मेडागास्कर हिसिंग प्रजाति दुनिया के सबसे बड़े कॉकरोच में से एक हैं, इनकी लंबाई 2 से 3 इंच होती है।
किस काम में करते हैं उपयोग?
ऑस्ट्रेलिया की उप-उष्णकटिबंधीय जलवायु के कारण वहां कॉकरोच खूब पनपते हैं और देश में इनकी सैकड़ों प्रजातियां पाई जाती हैं। बाथर्स्ट में सांप पकड़ने वाली स्टेफनी लेसर ने ऑस्ट्रेलियन ब्रॉडकास्टिंग कॉर्प को बताया कि इन बड़ी विदेशी प्रजातियों को शायद सस्ते सरीसृप (रेप्टाइल) भोजन के तौर पर बेचा जा रहा था, क्योंकि इनके बड़े आकार की वजह से कम कीड़ों की जरूरत पड़ती थी। अधिकारियों ने पालतू जानवरों के मालिकों से अपील की कि वे अपनी छिपकलियों को खिलाने के लिए क्रिकेट या वुड रोच का इस्तेमाल करें।
यह ऑस्ट्रेलिया में आम तौर पर पाए जाने वाले ऑस्ट्रेलियन कॉकरोच से काफी बड़ा होता है, आस्ट्रेलियन कॉकरोच की लंबाई 0.9 से 1.4 इंच के बीच होती है। ये ऑस्ट्रेलिया की उप-उष्णकटिबंधीय जलवायु के कारण वहां खूब पनपते हैं और यहां इनकी सैकड़ों प्रजातियां पाई जाती हैं।
क्यों गैर-कानूनी हैं यह कॉकरोच?
जानकारी दे दें कि ऑस्ट्रेलिया में मेडागास्कर हिसिंग और डुबिया कॉकरोच को इम्पोर्ट करना गैर-कानूनी है। विभाग की ओर से एक बयान में कहा गया कि इन्हें न तो रखा जा सकता है,न ही इनकी ब्रीडिंग की जा सकती है और न ही इन्हें बेचा जा सकता है, चाहे इन्हें किसी भी तरह से हासिल किया गया हो। ऑस्ट्रेलिया अपनी खेती और बागवानी के क्षेत्रों और स्थानीय वन्यजीवों को कीड़ों के हमले से बचाने के लिए अपनी सीमाओं पर सख्त बायोसिक्योरिटी कंट्रोल रखता है। जो लोग बिना बताए या गैर-कानूनी तरीके से जानवर, कीड़े या पौधों की चीजों को लाते हुए पकड़े जाते हैं, उन पर हजारों डॉलर का जुर्माना लगाया जा सकता है।
बयान में आगे कहा गया है कि विदेशी कॉकरोच का पर्यावरण पर पड़ने वाले जोखिम का आकलन नहीं किया गया। ऑस्ट्रेलिया में इन कॉकरोच को इसलिए बैन किया गया कि ये यहां बीमारी फैला सकते हैं या स्थानीय वन्यजीवों को नुकसान पहुंचा सकते हैं।
अब क्या होगा इन पकड़े गए कॉकरोचों का?
ऑस्ट्रेलियाई अधिकारियों ने आगे चेतावनी दी कि इन बिना रीढ़ वाले जीवों के साथ पकड़े जाने वाले व्यक्ति पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एक प्रवक्ता ने कहा कि बाथर्स्ट के ब्रीडर पर कोई आरोप नहीं लगाया गया। विभाग ने कहा कि जब्त किए गए कॉकरोचों को मार दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें: अफगानिस्तान में 5 निहत्थे लोगों की हत्या का आरोप, पूर्व ऑस्ट्रेलियाई सैनिक पर अपने ही देश में चलेगा युद्ध अपराध का मुकदमा
एक पूर्व ऑस्ट्रेलियाई सैनिक पर युद्ध अपराधों का मामला दर्ज किया गया है। सैनिक पर अफगानिस्तान में तैनाती के दौरान 5 अफगानियों की हत्या का आरोप है। पुलिस ने बताया कि एक पूर्व ऑस्ट्रेलियाई सैनिक पर मंगलवार को युद्ध अपराधों का आरोप लगाया गया है। उस पर आरोप है कि उसने 2009 से 2012 तक अफगानिस्तान में सेवा करते हुए पांच निहत्थे अफगानियों की हत्या कर दी थी। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
