अमेरिका-ईरान के बीच सीजफायर के महज़ एक दिन बाद डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिकी सेना के जहाज और विमान ईरान के आसपास तैनात रहेंगे। ट्रंप ने बुधवार (9 अप्रैल 2026) को चेतावनी दी कि अगर तेहरान वॉशिंगटन के साथ हुए समझौते का पूरी तरह पालन नहीं करता है तो अमेरिका फिर से ‘गोलीबारी’ शुरू कर सकता है।
डोनाल्ड ट्रंप ने अपने Truth Social प्लेटफॉर्म पर लिखा, ”सभी अमेरिकी जहाज, एयरक्राफ्ट और सैन्य कर्मी, अतिरिक्त हथियार और गोला-बारूद के साथ ईरान में और उसके आसपास तब तक तैनात रहेंगे जब तक ‘वास्तविक समझौते’ का पालन पूरी तरह नहीं हो जाता।”
‘कोई परमाणु हथियार नहीं होंगे’
यूएस राष्ट्रपति ने लिखा, ”अगर किसी भी कारण से इसका पालन नहीं होता, जिसकी संभावना बहुत कम है तो फिर ‘गोलियां चलनी शुरू होंगी’। पहले से कहीं ज्यादा बड़ी, बेहतर और ताकतवर कार्रवाई के साथ- जैसा पहले कभी किसी ने नहीं देखा होगा। यह बहुत पहले तय हो चुका था और तमाम भ्रामक बयानबाज़ी के बावजूद, यह साफ है कि कोई परमाणु हथियार नहीं होंगे और होर्मुज़ स्ट्रेट खुला व सुरक्षित रहेगा। इस बीच, हमारी महान सेना तैयारी कर रही है, आराम भी कर रही है और वास्तव में अपनी अगली कार्रवाई का इंतज़ार कर रही है।”
बता दें कि अमेरिका-ईरान के बीच हुए 14 दिनों के सीज़फायर के बाद लेबनान पर इज़रायल ने अब तक के सबसे बड़े हमले किए। इन हमलों में 182 लोगों की मौत हो चुकी है। इसके बाद ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज़ को फिर से बंद कर दिया है। ईरान ने कहा है कि अमेरिका के साथ शांति समझौते के लिए बातचीत को आगे बढ़ाना ‘अतार्किक’ होगा।
इसके अलावा, दोनों पक्ष ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर अलग-अलग रुख पर नजर आए। डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान यूरेनियम संवर्धन (enrichment) रोकने पर सहमत हो गया है जबकि ईरान की संसद के स्पीकर मोहम्मद बाकर क़ालिबाफ ने कहा कि सीज़फायर की शर्तों के तहत ईरान को यूरेनियम संवर्धन जारी रखने की अनुमति है।
यह भी पढ़ें: ईरान ने फिर बंद किया स्ट्रेट ऑफ होर्मुज, लेबनान में इज़रायली हमलों में 182 लोगों की मौत से भड़का तेहरान
ईरान ने लेबनान पर इज़रायली हमलों के जवाब में स्ट्रेट ऑफ होर्मुज़ को बंद कर दिया है। ईरान का कहना है कि बेरूत पर हमले जारी रखकर तेल अवीव युद्धविराम की शर्तों का उल्लंघन कर रहा है। लेबनान की सिविल डिफेंस के अनुसार, बुधवार (9 अप्रैल 2026) को देशभर में इज़रायली हमलों में मरने वालों की संख्या बढ़कर 254 हो गई है। पढ़ें पूरी खबर..
