अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को कहा कि होर्मुज जलमार्ग सभी के लिए खुला रहेगा। साथ ही यह भी कहा कि ईरान के साथ हुए किसी भी समझौते के तहत किसी भी देश का इस पर नियंत्रण नहीं होगा।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को कहा कि वे ईरान के साथ हुए समझौते से अभी संतुष्ट नहीं हैं। साथ ही यह भी कहा कि अमेरिका ईरान पर लगे प्रतिबंधों में ढील देने पर चर्चा नहीं कर रहा है। व्हाइट हाउस में कैबिनेट की बैठक में पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि ईरान समझौता करना चाहता है।
होर्मुज जलमार्ग खुल जाएगा- ट्रंप
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, “ईरान का इरादा बहुत दृढ़ है, वे समझौता करना चाहते हैं। अभी तक वे उस मुकाम तक नहीं पहुंचे हैं। हम इससे संतुष्ट नहीं हैं लेकिन हम संतुष्ट हो जाएंगे। या तो हम संतुष्ट होंगे या फिर हमें समझौता करना ही होगा।” उन्होंने आगे कहा कि तेहरान के साथ संभावित समझौते के तहत होर्मुज जलमार्ग तुरंत खुल जाएगा लेकिन इस पर किसी का नियंत्रण नहीं होगा।
‘हम नजर रखेंगे लेकिन कोई होर्मुज जलमार्ग को नियंत्रित नहीं करेगा’
ट्रंप ने कहा, “हम इस पर नजर रखेंगे लेकिन कोई इसे नियंत्रित नहीं करेगा। यह हमारी बातचीत का हिस्सा है। वे इसे नियंत्रित करना चाहते हैं। कोई भी इसे लेकिन नियंत्रित नहीं कर पाएगा। यह अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र है और ओमान भी बाकी देशों की तरह ही व्यवहार करेगा, वरना हमें उन्हें उड़ाना पड़ेगा।” अमेरिकी राष्ट्रपति ने आगे कहा, “वे हमें वो चीजें देना शुरू कर रहे हैं जो उन्हें देनी ही हैं, अगर वे ऐसा करते हैं, तो यह बहुत अच्छा है, अगर वे ऐसा नहीं करेंगे तो मेरे बाईं ओर खड़ा आदमी उन्हें खत्म कर देगा।”
ईरान का होर्मुज जलमार्ग को लेकर दावा
वहीं, ईरान ने बुधवार को कहा कि उसे पश्चिम एशिया में संघर्ष को समाप्त करने के लिए संयुक्त राज्य अमेरिका के साथ समझौते का MoU का प्रारंभिक ड्राफ्ट मिल गया है। इसमें कहा गया कि अगर अमेरिकी सेनाएं ईरानी क्षेत्र से हट जाती हैं तो होर्मुज जलमार्ग का यातायात सामन्य हो जाएगा। ईरान के सरकारी टीवी के हवाले से रॉयटर्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, होर्मुज कॉमर्शियल जलमार्ग फिर से शुरू हो सकता है। वहीं संयुक्त राज्य अमेरिका, ईरान के आसपास से सैन्य बलों को वापस बुला लेगा और नौसैनिक नाकाबंदी हटा लेगा।
व्हाइट हाउस ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए इस रिपोर्ट को सिरे से खारिज कर दिया और जनता से इस पर विश्वास न करने का आग्रह किया। व्हाइट हाउस ने X पर एक पोस्ट में कहा, “ईरान नियंत्रित मीडिया की यह रिपोर्ट सच नहीं है और उनके द्वारा जारी किया गया समझौता ड्राफ्ट पूरी तरह से मनगढ़ंत है। किसी को भी ईरानी सरकारी मीडिया द्वारा फैलाई जा रही बातों पर विश्वास नहीं करना चाहिए, तथ्य मायने रखते हैं।”
ईरान समझौते पर ट्रंप के यू-टर्न
डोनाल्ड ट्रंप के सोशल मीडिया पर बदलते बयानों ने अमेरिका और ईरान के बीच चल रही बातचीत को लेकर अनिश्चितता बढ़ा दी है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया पर कई विरोधाभासी पोस्ट किए जिसमें उन्होंने बताया कि ईरान के साथ समझौता होने के करीब है या हाथ से फिसल रहा है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें
(Input- Reuters)
